निर्जला एकादशी मेले का समापन: बाबा श्याम के दरबार में तीन दिनों में 3.25 लाख श्रद्धालुओं ने नवाया शीश
मेले में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा. भीड़ के कारण लगातार दो दिन तक मंदिर के कपाट भक्तों के लिए खुले रहे.

Published : June 27, 2026 at 12:57 PM IST
सीकर : हारे के सहारे बाबा श्याम का दो दिवसीय मेला समाप्त हो गया है. निर्जला एकादशी और द्वादशी पर आयोजित होने वाले इस मेले में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा. लगातार दो दिन तक मंदिर के कपाट भक्तों के लिए खुले रहे. मंदिर की सभी 14 लाइने भक्तों से भरी रही. मंदिर कमेटी ने मेले के दौरान आने वाले भक्तों का आंकड़ा जारी किया है.
श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह ने बताया कि मेले के तीन दिनों में कुल 3,25,610 श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दरबार में शीश नवाया. दशमी को 94,558, निर्जला एकादशी को 1,63,052 तथा द्वादशी को 68,000 श्रद्धालुओं ने दर्शन कि. यानी तीन दिन में 3.25 लाख से अधिक भक्तों ने बाबा श्याम के दर्शन किए हैं. द्वादशी पर श्रद्धालुओं ने बच्चों के जडूले उतरवाए, गठजोड़े की जात दी तथा बाबा श्याम को खीर-चूरमे का भोग अर्पित किया. मंदिर परिसर में जय श्री श्याम के जयकारे गूंजते रहे.

इसे भी पढ़ें: खाटू श्यामजी में निर्जला एकादशी मेला, 6.30 क्विंटल आम और विदेशी फूलों से सजा बाबा का दरबार
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम : श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए. डीवाईएसपी राजेश कुमार जांगिड़ एवं थानाधिकारी पवन कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस बल ने व्यवस्था संभाली. वहीं श्री श्याम मंदिर कमेटी की ओर से दर्शन व्यवस्था, पेयजल, छाया, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित प्रबंध किया गया. तीन दिनों तक खाटूधाम पूरी तरह भक्तिमय रंग में रंगा रहा और बाबा श्याम के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा.
सोमवार तक दिन में बंद नहीं होगा मंदिर : मेला समाप्त होने के बाद भी खाटूश्याम जी मंदिर में भक्तों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है. शनिवार और रविवार का वीकेंड होने के कारण दूर दूर से भक्त बाबा श्याम के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. श्री श्याम मंदिर कमेटी के अनुसार, भक्तों की भीड़ और सुविधा को ध्यान में रखते हुए शनिवार और रविवार को दिन के समय दोपहर 2 से 4 बजे तक मंदिर बंद नहीं किया जाएगा. सोमवार को वीकेंड खत्म होने के बाद दोपहर में भक्तों के लिए खाटूश्याम जी मंदिर बंद रहेगा.
इसे भी पढ़ें: खाटू श्यामजी में निर्जला एकादशी मेला, 6.30 क्विंटल आम और विदेशी फूलों से सजा बाबा का दरबार

