निकाय चुनाव नामांकन: चित्तौड़गढ़ नगर परिषद में 50 से ज्यादा नामांकन, डूंगरपुर में 24 पर्चे दाखिल
कई दावेदारों ने पार्टी के साथ-साथ निर्दलीय पर्चा भी भर दिया है, जिससे कि टिकट न मिलने पर निर्दलीय लड़ सकें.

Published : August 29, 2026 at 5:49 PM IST
चित्तौड़गढ़/बाड़मेर/डूंगरपुर/डीडवाना कुचामन: नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना के बाद नामांकन का दौर तेज हो गया है. पहले दिन 27 अगस्त को चित्तौड़गढ़ नगर परिषद में एक भी पर्चा दाखिल नहीं हुआ था. वहीं शनिवार को सुबह से दोपहर 3 बजे तक कई प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए. भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय सभी ने भाग्य आजमाया. चित्तौड़गढ़ नगर परिषद क्षेत्र में 50 से ज्यादा नामांकन एक ही दिन में दाखिल हुए. कई उम्मीदवार ढोल की थाप और समर्थकों के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में पहुंचे थे.
चित्तौड़गढ़ रिटर्निंग अधिकारी दिलीप सिंह ने बताया कि शनिवार को नगर परिषद चुनाव को लेकर कई प्रत्याशी नामांकन जमा कराने के लिए पहुंचे. नगर परिषद के वार्ड 2 से घनश्याम (2 पर्चे), वार्ड 4 से इन्द्र सिंह भाटी व दिलीप सिंह, वार्ड 9 से रविन्द्रा, वार्ड 10 से सविता देवी, वार्ड 11 से भोलाराम प्रजापत व राजकुमार तोलम्बिया, वार्ड 13 से छोटू सिंह, वार्ड 15 से अनिल ईनाणी, वार्ड 16 से अशोक कुमार सोनी, मुरलीधर सोनी, वार्ड 18 से जीवन कोदली, वार्ड 19 से कुसुम बैरवा, वार्ड 20 से अर्जुन गील, वार्ड 22 से अनिल कुमार, अशोक, वार्ड 24 से कुसुम, वार्ड 25 से शैलेन्द्र झंवर, वार्ड 27 से सुमन बैरागी, वार्ड 28 से विपिन सिंह.
इसी प्रकार वार्ड 31 से सुदर्शन रामपुरिया, वार्ड 32 से जानकी देवी, वार्ड 35 से अविनाश शर्मा, वार्ड 36 से लोकेश सेठिया, वार्ड 37 से टींकू दामानी, वार्ड 38 से अरूणा द्विवेदी, राजजानकी, वार्ड 42 से शंभूलाल प्रजापत, करमराज प्रजापत, वार्ड 44 से गिरजा शंकर, सुनीता शर्मा, शांतिलाल, वार्ड 45 से रतनलाल, वार्ड 46 से पिंकी, वार्ड 47 से अमानत अली, शांतिलाल, वार्ड 51 से सोनम वर्मा, मीना देवी, वार्ड 49 से दीया कुमारी, प्रतिभा, वार्ड 53 से निकिता, जमुना देवी, वार्ड 54 से सीताराम और वार्ड 57 से रतनलाल ने नामांकन दाखिल किया.
टिकट पर असमंजस बरकरार: चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 31 अगस्त नामांकन की अंतिम तिथि है, लेकिन भाजपा और कांग्रेस ने अभी तक अधिकृत सूची जारी नहीं की है. इससे कई वार्डों में असमंजस बना हुआ है. कई दावेदारों ने पार्टी के साथ-साथ निर्दलीय पर्चा भी भर दिया है, जिससे कि टिकट न मिलने पर निर्दलीय लड़ सकें.
भाजपा लिस्ट नहीं, सीधे सिंबल देगी: इधर, सूत्रों से जानकारी मिली है कि बगावत रोकने के लिए भाजपा ने इस बार नया फॉर्मूला अपनाया है. सूची जारी करने के बजाय सीधे सिंबल निर्वाचन विभाग या जिला कार्यालय में बुलाकर दिया जाएगा. प्रदेश अध्यक्ष के हस्ताक्षर वाले खाली सिंबल प्रभारी के साथ भेज दिए गए हैं, नाम फाइनल होने पर ई-मेल से जिलाध्यक्ष/विधायक को सूचना देकर सिंबल दिया जाएगा. यह निर्णय जयपुर मुख्यालय पर हुई बैठक में हुआ है.

कांग्रेस स्थानीय स्तर पर निर्णय: सूत्रों से पता चला है कि कांग्रेस कई जगह सीधे रिटर्निंग ऑफिसर को सिंबल भिजवा रही है. विवाद वाली सीटों पर सूची के बजाय सिंबल दिया जाएगा. स्थानीय समीकरणों के आधार पर मंथन कर सूचियां ऊपर भेज दी गई हैं, ज्यादातर वार्डों में एक-एक नाम तय है. रक्षाबंधन के अवकाश के बाद शनिवार को नगर निकाय चुनाव के लिए विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के प्रत्याशी अपने समर्थको के हुजूम को लेकर ढोल नगाड़ो के साथ कचहरी परिषद तक पहुंचे. इधर नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रत्याशी चयन को लेकर भाजपा और कांग्रेस में मंथन जारी है. जिसके चलते अब तक प्रत्याशियों के नाम की सूची जारी नहीं हो पाई है, लेकिन कुछ वार्डों में पार्टी की ओर से मजबूत दावेदारों को टिकट की हरि झंडी दे दी गई है.
पढ़ें: निकाय चुनाव 2026: चुनाव की लोकसूचना जारी, जयपुर के 150 सहित 690 वार्डों में नामांकन प्रक्रिया शुरू
कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों की सूची को लेकर पार्टी के जिलाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदारा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि सूची तैयार है. कुछ नामों पर मंथन चल रहा है. ऐसे में शनिवार देर रात या अगले दिन रविवार तक जारी हो जाएगी. उन्होंने बताया कि दावेदारों के नाम पर पूर्ण सहमति बनी तो एक सूची जारी की जाएगी अन्यथा अलग-अलग सूची जारी की जाएगी. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस लगातार बाड़मेर नगर परिषद में चौथी बार बोर्ड बनाएगी.
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष स्वरूप सिंह खारा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि बाड़मेर नगर परिषद क्षेत्र में कांग्रेस अलग-अलग धड़ों में बटी हुई है. पिछले 15 सालों से कांग्रेस के कुशासन से जनता त्रस्त है. उन्होंने कहा कि हम विकास के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं और उन्होंने दावा किया कि भाजपा नगर परिषद में अपना बोर्ड बनाएगी. भाजपा प्रत्याशियों की सूची के सवाल पर खारा ने कहा कि प्रत्याशियों के नाम की सूची जयपुर भेजी गई है वहां से जल्द ही प्रत्याशियों के नाम की फाइनल सूची जारी हो जाएगी.

डूंगरपुर नगर परिषद के लिए 24 नामांकन: डूंगरपुर नगर परिषद के लिए आज दूसरे दिन 24 नामांकन पेश किए गए. इसमें 18 भाजपा और 6 नामांकन कांग्रेस से भरे गए. वहीं सागवाडा में 23 नामांकन पेश किए गए. जिसमें 5 भाजपा, 14 बीएपी और 4 नामांकन निर्दलीय नामांकन भरे गए हैं. हालांकि अभी तक भाजपा, कांग्रेस ओर तीसरी पार्टी बीएपी से किसी भी प्रत्याशी की घोषणा नहीं हुई है. ऐसे में माना जा रहा है कि सभी पार्टियां आखरी दिन 31 अगस्त को ही अपने प्रत्याशियों की सूचिया जारी करेगी.
पूर्व पार्षद, उनकी पत्नी भी मैदान में: डूंगरपुर निकाय चुनावों को लेकर भाजपा की ओर से कई पूर्व पार्षदों ने भी दावेदारी की है. इसमें भाजपा से पूर्व पार्षद रहे मुकेश श्रीमाल, एडवोकेट जितेंद्र सिंह ने नामांकन भरा है. जबकि भाजपा से पार्षद बृजेश सोमपुरा ने अपने वार्ड से इस बार पत्नी निता सोमपुरा का आवेदन किया है. भाजपा से पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष और अन्य कई बड़े दावेदार भी आवेदन ले चुके हैं. वही कांग्रेस से पूर्व जिलाध्यक्ष वल्लभरम पाटीदार के भाई और क्रय–विक्रय सहकारी समिति के अध्यक्ष रतनलाल पाटीदार ने भी आवेदन किया है.
डीडवाना कुचामन में 256 नामांकन दाखिल: डीडवाना कुचामन जिले की 8 निकायों के चुनाव को लेकर जिले भर में शनिवार को 143 उम्मीदवारों ने 256 नामांकन पत्र दाखिल किए. अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने बताया कि आज उपखंड अधिकारी कार्यालय में पूरे दिन उम्मीदवारों का जमावड़ा लगा रहा. प्रत्याशी भारी भरकम जुलूस और समर्थकों के बड़े लवाजमे के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे और 3 बजे तक अपने-अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए. नामांकन दाखिले की अंतिम तारीख 31 अगस्त है, जिसके बाद 1 सितम्बर को नामांकन पत्रों की जांच होगी. वहीं 3 सितम्बर तक अभ्यर्थी अपने नाम वापस ले सकेंगे.

