स्नैपचैट फ्रेंड निकला Cyber ठग, लंदनवाला बनकर की ठगी, निकला नाइजीरियन, दिल्ली से गिरफ्तार
गुरुग्राम पुलिस ने नाइजीरियन साइबर ठग को गिरफ्तार किया है.

Published : December 19, 2025 at 12:37 PM IST
गुरुग्राम: गुरुग्राम पुलिस की साइबर अपराध थाना दक्षिण की टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Snapchat के माध्यम से ठगी करने वाले को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने युवतियों को जाल में फंसाकर ठगी करने वाले नाइजीरियन मूल के साइबर ठग को गिरफ्तार किया है. आरोपी खुद को लंदन का निवासी बताकर पीड़ितों का भरोसा जीतता था. फिर धोखे से पैसे ऐंठ लेता था.
पीड़िता की शिकायत से खुलासा: इस संबंध में 26 नवंबर 2025 को एक महिला ने साइबर अपराध थाना दक्षिण, गुरुग्राम में शिकायत दर्ज करवाई थी. पीड़िता ने बताया कि, "Snapchat पर उसकी दोस्ती एक युवक से हुई थी, जिसने खुद को लंदन में रहने वाला बताया. आरोपी ने भारत आकर मिलने का भरोसा दिलाया और 23 नवंबर 2025 को फ्लाइट टिकट की फोटो भी भेजी."
ऐसे ठगी को दिया अंजाम: पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने बाद में पीड़िता को फोन कर बताया कि भारत पहुंचने पर उसके पास अधिक नकदी होने के कारण एयरपोर्ट पर एंट्री नहीं मिल रही है. इस बहाने उसने Snapchat और कॉल के जरिए पीड़िता को विश्वास में लिया और एक बैंक खाते में 58 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए. महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. साइबर अपराध थाना दक्षिण की टीम ने तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई.
दिल्ली से हुई गिरफ्तारी: पुलिस टीम ने 18 दिसंबर 2025 को दिल्ली से आरोपी को गिरफ्तार किया. आरोपी की पहचान 40 वर्षीय MUSA, निवासी निहाल विहार, दिल्ली के रूप में हुई है. उसका स्थायी पता लागोस, नाइजीरिया बताया गया है.
पूछताछ में हुआ खुलासा: पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि, "वह साल 2019 में मेडिकल वीजा पर भारत आया था, जिसकी अवधि समाप्त हो चुकी थी. कोविड-19 महामारी के कारण वह भारत में ही रुक गया. आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि जिस बैंक खाते में ठगी की रकम ट्रांसफर करवाई गई थी, उसका एटीएम कार्ड उसके पास था." आरोपी ने खुलासा किया कि वह अन्य लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल कर ठगी की रकम निकालता था और इसके बदले उन्हें 5 प्रतिशत कमीशन देता था पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी बड़े साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है.
पुलिस की अपील: पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि साइबर ठगी से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क का खुलासा किया जा सके. फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस लोगों से सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की अपील कर रही है.
ये भी पढ़ें:फरीदाबाद के होटल में भिवानी की शूटिंग खिलाड़ी के साथ दुष्कर्म, सहेली के साथ गई थी, पार्टी के बाद हुई वारदात

