NHAI ने टोल में दी बड़ी राहत, इन लाभार्थियों को पहले के मुकाबले अब कम चुकाना होगा टोल
जानिए टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर दायरे में रहने स्थानीय ग्रामीणों को और म्युनिसिपल क्षेत्रों के लोगों को कितने रुपये में मिलेगा पास?

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : November 5, 2026 at 9:41 AM IST
शिमला: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत दी है. अब पात्र स्थानीय निवासी महज 1,500 रुपये में सालाना टोल पास बनवा सकेंगे. ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों के लिए यह पास 1,500 रुपये में उपलब्ध होगा, जबकि म्युनिसिपल क्षेत्रों में स्थित टोल प्लाजा के दायरे में रहने वाले लोगों को इसके लिए 3,000 रुपये चुकाने होंगे. इस सुविधा से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को पहले के मुकाबले काफी कम कीमत पर सालभर टोल से गुजरने की सुविधा मिलेगी.
NHAI की इस व्यवस्था के तहत टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय निवासियों के वैध और चालू FASTag वाले गैर-व्यावसायिक वाहन इस सुविधा के पात्र होंगे. ऐसे वाहन चालक अपनी सुविधा के अनुसार 360 रुपये का मासिक पास या सालाना पास बनवा सकते हैं. ग्रामीण क्षेत्रों के निवासी 1,500 रुपये और म्युनिसिपल क्षेत्रों के निवासी 3,000 रुपये में सालाना पास ले सकेंगे. हालांकि, यह पास केवल उसी संबंधित टोल प्लाजा पर मान्य होगा, जहां से इसे जारी करवाया जाएगा.
हिमाचल में कुल कितने टोल प्लाजा?
NHAI के अनुसार, यह सुविधा हिमाचल प्रदेश सहित देशभर के सभी टोल प्लाजा पर पात्र स्थानीय निवासियों को मिलेगी. हिमाचल प्रदेश में कुल छह टोल प्लाजा हैं. इनमें घट्टा टोल प्लाजा शिमला-मटौर कॉरिडोर के NH-503 पर और सनवार टोल प्लाजा परवाणू-शिमला कॉरिडोर पर स्थित है. इसके अलावा कीरतपुर-मनाली कॉरिडोर पर मौरा, बलोह, टकोली और डोहलू नाला टोल प्लाजा संचालित हैं. इन सभी टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले पात्र स्थानीय निवासी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे.
3,075 रुपये में देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर सालाना पास की सुविधा
एनएचएआई के आदेशानुसार, स्थानीय निवासियों के लिए पास के अलावा NHAI की वार्षिक FASTag पास योजना भी जारी है. इसके तहत 3,075 रुपये में निजी गैर-व्यावसायिक वाहन चालकों को एक साल में अधिकतम 200 बार NHAI द्वारा संचालित राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल प्लाजा से गुजरने की सुविधा मिलती है. इस हिसाब से प्रत्येक यात्रा की प्रभावी लागत करीब 15 रुपये पड़ती है. इस योजना का लाभ देशभर में एक करोड़ से अधिक वाहन उपयोगकर्ता उठा रहे हैं. यह सुविधा केवल पात्र निजी वाहनों के लिए है. NHAI की इन दोनों व्यवस्थाओं का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवागमन को सुविधाजनक बनाने के साथ ही नियमित रूप से टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहन चालकों को आर्थिक राहत देना है.
ये भी पढ़ें: कांगड़ा बाईपास ट्रायल आधार पर यातायात के लिए खुला, 8 किलोमीटर का सफर अब 4.5 किलोमीटर में होगा पूरा
ये भी पढ़ें: हिमकेयर का बदलेगा पूरा चेहरा, 10 लाख लोगों के लिए नई बीमा योजना तैयार, अब कार्ड बनवाने पर भी देना होगा प्रीमियम

