खबर का असर, MP बोर्ड का गलत पेपर बांटने का मामला, छात्रों को मिलेगा परीक्षा का दूसरा मौका
ग्वालियर कलेक्टर ने एमपी बोर्ड को भेजा प्रतिवेदन, स्कूल और बीआरसी को शोकॉज नोटिस जारी, बच्चों को फिर मिलेगा मौका.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 21, 2026 at 10:14 PM IST
ग्वालियर : आठवीं और 5वीं कक्षा की एमपी बोर्ड परीक्षा में छात्रों को गलत प्रश्न पत्र देने के मामले में ईटीवी भारत की खबर का असर हुआ है. मामले में जिले के प्रभारी कलेक्टर ने स्कूल और शिक्षा विभाग के बीआरसीसी को नोटिस जारी किया है. साथ ही राज्य शिक्षा मंडल को भी छात्राओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए एक प्रतिवेदन भेजा है, जिसके बाद छात्रों को फिर परीक्षा देने का मौका मिलेगा.
ईटीवी भारत ने प्रमुखता से रखी थी छात्रों की समस्या
शुक्रवार शाम ईटीवी भारत को जानकारी लगी थी कि ग्वालियर के वायुनगर में संचालित एक निजी स्कूल के कक्षा आठवीं और पांचवीं के छात्रों को बोर्ड परीक्षा में राज्य एससीईआरटी के स्थान पर एनसीईआरटी सिलेबस का गलत प्रश्न पत्र बांट दिया गया था, जिसके बाद बच्चे अपनी परीक्षा ठीक से नहीं दे पाए और परीक्षा के बाद डॉन बॉस्को स्कूल पर पैरेंट्स ने हंगामा कर दिया. मौके पर पहुंचे ईटीवी भारत से पालकों ने पूरा घटनाक्रम साझा किया और मदद मांगी. जिस पर ईटीवी भारत ने छात्रों की इस समस्या की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की.

प्रभारी कलेक्टर ने स्कूल प्रिंसिपल और बीआरसी को जारी किया नोटिस
हंगामे के दौरान ही शुक्रवार को यह बात स्पष्ट हो गई थी की, गलत प्रश्न पत्र बंटवाने में इन छात्रों के मूल स्कूल की प्रिंसिपल की वजह से छात्रों के साथ यह स्थिति बनी थी. जब इस बारे में जिला कलेक्टर रुचिका चौहान को अवगत कराया गया तो उन्होंने इस पर हर संभव मदद का आश्वासन दिया था. इसके चलते ग्वालियर के प्रभारी कलेक्टर कुमार सत्यम ने शनिवार को स्कूल और जनपद शिक्षा केंद्र 2 मुरार के बीआरसीसी राकेश शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. जिस पर स्कूल ने अपनी भूल स्वीकार कर ली है.

'छात्रों को मिलेगा दूसरा मौका'
जिला परियोजना समन्वयक रविन्द्र सिंह तोमर ने कहा, '' विद्यार्थी और पालकों को निराश होने की जरूरत नहीं है, असफल होने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा के रिजल्ट के बाद राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा परीक्षा का दूसरा मौका दिया जायेगा. साथ ही आगे होने प्रश्न पत्रों में भी एससीईआरटी कोर्स के प्रश्नपत्र वितरित किए जाएंगे.''

स्कूल प्रबंधन ने मानी गलती, आगे सही प्रश्न पत्र मिलेंगे
रविन्द्र सिंह ने कहा,'' सनराइज पब्लिक स्कूल दीनदयाल नगर का डॉन बॉस्को पब्लिक स्कूल वायुनगर परीक्षा केन्द्र बनाया गया. स्कूल द्वारा पोर्टल पर एनसीईआरटी पाठ्यक्रम का विकल्प भरा गया था विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र और अटेडेंस शीट पर भी एनसीआरटीई का विकल्प लिखकर आया था. इस कारण परीक्षार्थियों को 20 फरवरी को एनसीईआरटी पाठ्यक्रम के प्रश्न पत्र वितरित कर दिए गए थे. जबकी विद्यार्थियों ने एससीईआरटी कोर्स से पढ़ाई की थी, जिस पर छात्रों ने आपत्ति जताई. यह लापरवाही सामने आने पर डॉन बॉस्को पब्लिक स्कूल प्रबंधन को तलब किया गया और शाला प्रबंधन ने अपनी भूल स्वीकार कर एससीईआरटी पाठ्यक्रम का पेपर देने का आग्रह किया है. जिसके आधार पर छात्रों के भविष्य को देखते हुए संशोधन किया जाएगा और आगे होने प्रश्न पत्रों में एससीईआरटी पाठ्यक्रम के प्रश्नपत्र प्रदान किए जाएंगे.''
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में बोर्ड के 150 छात्रों को थमाए गलत पेपर, 2 घंटे में 3 बार बदले, पैरेंट्स का स्कूल में हंगामा
छात्रों के चेहरों पर लौटी मुस्कान, पैरेंट बोले- थैंक यू
वहीं स्कूल को नोटिस और बच्चों को दूसरा मौका मिलने की जानकारी लगने पर पीड़ित छात्रों और उनके पेरेंट्स में खुशी का माहौल बन गया है. पांचवीं कक्षा की छात्रा की मां कीर्ति पाठक ने बातचीत में ईटीवी भारत का आभार जताते हुए इस सहयोग के लिए धन्यवाद कहा साथ ही कहा, "आपलोगों की वजह से ये मामला उठाया गया इसलिए इस फैसले से जरूर रातह मिलेगी, नहीं तो बच्चों का रिजल्ट खराब हो जाता."

