बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश ने किया ज्वाइन, संगठित अपराध नियंत्रण को लेकर कही यह बात
हाल ही में जारी हुई आईपीएस तबादला सूची में बीकानेर रेंज आईजी के पद पर स्थानांतरित हुए आईपीएस ओमप्रकाश ने बुधवार को ज्वाइन कर लिया.

Published : February 25, 2026 at 3:17 PM IST
बीकानेर: बीकानेर रेंज आईजी के रूप में आईपीएस ओमप्रकाश ने बुधवार को ज्वाइन किया. ज्वाइनिंग के बाद पत्रकारों से बातचीत में रेंज आईजी ओमप्रकाश ने कहा कि बीकानेर रेंज के श्रीगंगानगर जिले में उनके पदस्थापित रहने का अनुभव रहा है और वे मूल रूप से शेखावाटी के रहने वाले हैं, इसलिए क्षेत्र के बारे में परिचित हैं. रेंज आईजी के रूप में अब संगठित अपराध नियंत्रण को लेकर उनकी प्राथमिकता रहेगी.
अपराधों पर नियंत्रण को लेकर उन्होंने कहा कि आमतौर पर किसी भी बड़ी कार्रवाई के बाद पुलिस मीडिया के माध्यम से जानकारी देती है और वाहवाही भी मिलती है, लेकिन कई बार देखने में आता है कि समुचित प्रभावी पक्ष रखने में कुछ न कुछ कमी के चलते अपराधी को लाभ मिल जाता है और वह बरी हो जाता है. उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि पुलिस सजा (कन्विक्शन) तक बेहतर काम करे, ताकि अपराधी को इसका लाभ न मिले और अपराध नियंत्रण में सही अर्थों में काम हो.
पढ़ें: Bikaner Range IG Action : 8 SHO को 17 चार्जशीट, 3 लाइन हाजिर, 2 ASI सहित 9 निलंबित
हार्डकोर अपराधियों और गैंगस्टरों की कुंडली: उन्होंने कहा कि बीकानेर रेंज में दूसरे राज्यों के हार्डकोर अपराधी, गैंगस्टर और यहां उनके संपर्क जो फिरौती, एनडीपीएस और दूसरे अपराधों में लिप्त हैं, ऐसे अपराधियों की पूरी कुंडली का डेटाबेस बनाकर उस पर काम किया जाएगा.
साइबर अपराधों पर फोकस: साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर किए गए सवाल पर आईजी ने कहा कि प्रदेश के अन्य रेंज की तुलना में बीकानेर रेंज में साइबर अपराध कम है, लेकिन फिर भी इसे और कम करने के लिए प्रयास करेंगे. आमतौर पर जिले में साइबर थाने में ही साइबर से जुड़ी शिकायत दर्ज होती है, लेकिन ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए यह थोड़ा परेशानी भरा है, इसलिए हर थाने में साइबर से जुड़ी शिकायत दर्ज हो और वहां पुलिस के एक्सपर्ट यानी ऐसे लोग जो साइबर के बारे में जानकारी रखते हों, उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि साइबर अपराधों पर रोक लगे. साथ ही किसी भी तरह की बैंक या दूसरी ठगी पर तुरंत खाते को फ्रीज करवाना और मोबाइल नंबर ट्रेस करना जैसी कार्रवाई हो सके.
ओमप्रकाश इससे पूर्व डीआईजी रहते हुए पाली और अजमेर में रैंज IG का कार्य देख चुके हैं. वे टोंक, बूंदी और सिरोही जिलों में पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं. प्रमोटी IPS अधिकारियों में ओमप्रकाश को एक दबंग और सख्त छवि वाले अधिकारी के रूप में माना जाता है. इससे पहले बीकानेर रेंज आईजी कार्यालय पहुंचने पर पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया. पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह राठौड़, सीओ सदर अनुष्ठा कालिया और सीओ सिटी अनुज डाल ने उनसे मुलाकात की.

