ETV Bharat / state

नए साल के जश्न को लेकर गुरुग्राम पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, 'हुड़दंग करने वालों पर रहेगी पैनी नजर'

Gurugram Police Traffic Advisory: नए साल को लेकर गुरुग्राम पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. हुड़दंगबाजों को चेतावनी.

Gurugram Police Traffic Advisory
Gurugram Police Traffic Advisory (Gurugram Police Social Media (X))
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : December 31, 2025 at 10:12 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

गुरुग्राम: नए साल को लेकर गुरुग्राम में जश्न का माहौल रहेगा. हर साल की तरह इस बार भी दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में लोग गुरुग्राम के सेक्टर-29, साइबर हब, मॉल्स, बाजारों और प्रमुख खानपान स्थलों पर न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए पहुंचेंगे. इसी को देखते हुए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने लोगों की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है.

नए साल को लेकर गुरुग्राम पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी: ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 31 दिसंबर की शाम से देर रात तक शहर के प्रमुख जश्न स्थलों पर भारी भीड़ और वाहनों की आवाजाही रहने की संभावना है. ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. जिसके लिए पुलिस की अतिरिक्त टीमें तैनात रहेंगी और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी.

पार्किंग को लेकर सख्ती: ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े किए जाएं. सड़कों पर पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को टो करके हटाया जाएगा. सेक्टर-29 क्षेत्र में लेजर वैली की पक्की व कच्ची पार्किंग, साइबर हब पार्किंग, हुडा जिमखाना, हुडा ग्राउंड, टैक्सी पार्किंग समेत कई स्थानों को अधिकृत पार्किंग के रूप में चिन्हित किया गया है.

नशे में वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई: नव वर्ष के जश्न के दौरान नशे में वाहन चलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ड्रंकन ड्राइविंग चेकिंग को और कड़ा किया गया है. शहर के विभिन्न हिस्सों में विशेष जांच टीमें तैनात रहेंगी. संशोधित मोटर वाहन अधिनियम के तहत नशे में वाहन चलाने पर ₹10,000 का जुर्माना और तीन माह के लिए ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन का प्रावधान है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जश्न के दौरान जिम्मेदारी दिखाएं और नशे की हालत में वाहन ना चलाएं.

सुरक्षित जश्न की अपील: ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन कर सुरक्षित तरीके से नववर्ष का स्वागत करें. किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए डायल 112 या 1095 (गुरुग्राम यातायात पुलिस) पर संपर्क किया जा सकता है. पुलिस का कहना है कि उनका उद्देश्य लोगों को रोकना नहीं, बल्कि सभी के लिए नया साल सुरक्षित और यादगार बनाना है.

ये भी पढ़ें- न्यू ईयर की पार्टी में धमाल मचाएंगे ये 10 बेस्ट गाने, सॉन्ग प्ले होते ही डांस फ्लोर पर लग जाएगी आग...

ये भी पढ़ें- 2026 में कब है महाशिवरात्रि, होली, रक्षाबंधन, दिवाली, छठ समेत बाकी त्यौहार, देखिए ईवेंट्स का A टू Z कैलेंडर