ETV Bharat / state

न्यू ईयर के लिए हिमाचल आने से पहले जान लें ये बात, नहीं तो जेल में कटेगी रात

अगर आप न्यू ईयर के लिए हिमाचल आने का प्लान बना रहे हैं तो ये खबर आप ही के लिए है.

MANALI WEAPON BAN
न्यू ईयर के लिए हिमाचल आने से पहले जान लें ये बात (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : December 29, 2025 at 7:15 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कुल्लू: नए साल का जश्न मनाने के लिए हजारों सैलानी हिमाचल प्रदेश का रुख कर रहे हैं, खासकर कुल्लू-मनाली जैसे पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ उमड़ रही है. इसी बीच जिला प्रशासन ने सैलानियों के लिए सख्त चेतावनी जारी की है. अगर कोई पर्यटक हथियार लेकर मनाली पहुंचा, तो उसका न्यू ईयर सेलिब्रेशन होटल में नहीं बल्कि जेल में कट सकता है.

हथियार लेकर आए तो होगी सीधी कार्रवाई

कुल्लू जिला प्रशासन ने अधिसूचना जारी कर साफ कर दिया है कि 2 जनवरी 2026 तक कोई भी सैलानी मनाली और आसपास के पर्यटन स्थलों पर किसी भी प्रकार का हथियार नहीं ला सकेगा. इसमें लाइसेंसी हथियार भी शामिल हैं. आदेशों की अवहेलना करने वालों पर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

भारी भीड़ को देखते हुए लिया गया फैसला

डीसी कुल्लू तोरुल एस. रवीश ने कहा, "नए साल के दौरान मनाली में पर्यटकों की संख्या अचानक कई गुना बढ़ जाती है. माल रोड, पर्यटन स्थलों और बाजारों में भारी भीड़ रहती है. ऐसे में किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए एसडीएम मनाली के आग्रह पर हथियार प्रतिबंध का फैसला लिया गया है."

पुलिस को सौंपी गई जिम्मेदारी

प्रशासन को आशंका है कि भीड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ सकते हैं. इसी कारण इन आदेशों के सख्त पालन की जिम्मेदारी जिला पुलिस को दी गई है. मनाली, मणिकर्ण, कसोल और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार चेकिंग और पेट्रोलिंग की जाएगी.

पहले भी सामने आ चुके हैं मामले

प्रदेश के कई पर्यटन स्थलों पर पहले भी हथियार लेकर आए पर्यटकों द्वारा हंगामा करने के मामले सामने आ चुके हैं. इन्हीं अनुभवों को देखते हुए इस बार प्रशासन ने पहले से ही कड़ा रुख अपनाया है. हालांकि ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी और अधिकृत कर्मचारी इस आदेश से बाहर रखे गए हैं.

सैलानी भूलकर भी न करें ये गलतियां

  • नशे की हालत में हुड़दंग न करें
  • पुलिस के साथ बदतमीजी न करें
  • ट्रैफिक नियम न तोड़ें
  • नदी-नालों के किनारे न जाएं
  • गलत जगह पार्किंग न करें
  • कचरा इधर-उधर न फेंकें
  • लड़ाई-झगड़े से बचें

नियम मानेंगे तो यादगार रहेगा सफर

पुलिस और प्रशासन ने सैलानियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और सुरक्षित तरीके से नए साल का जश्न मनाएं. नियम तोड़ने पर जुर्माना, गिरफ्तारी और वाहन जब्ती जैसी कार्रवाई भी हो सकती है. प्रशासन का साफ संदेश है- घूमने आए हैं, परेशानी मोल न लें.

ये भी पढ़ें: न्यू ईयर पर आ रहे हैं हिमाचल.. तो भूलकर भी ये गलतियां न करें पर्यटक