ETV Bharat / state

न्यू ईयर 2026: पहली सुबह मंदिर, मजार, गुरुद्वारे गुलजार, प्रार्थना-दान पुण्य की बहार, जानिए कैसी रही 1 जनवरी की शुरुआत?

लखनऊ के सभी धार्मिक स्थलों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, प्रशासन ने किए सुरक्षा के तमाम इंतजाम.

Photo Credit; ETV Bharat
धार्मिक स्थलों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 1, 2026 at 12:37 PM IST

|

Updated : January 1, 2026 at 1:52 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ: नए साल 2026 की पहली सुबह की शुरुआत लखनऊ में लोगों ने आस्था-श्रद्धा के साथ की. शहर के प्रमुख मंदिरों, गुरुद्वारों और मजारों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ उमड़ी. कोई फूल-प्रसाद चढ़ाकर अपनी मनोकामनाएं मांगता दिखा तो कोई नए साल को बेहतर, सुख-शांति और सौहार्द से भरा बनाने की प्रार्थना करता नजर आया.

न्यू ईयर पर धार्मिक स्थानों पर लगी भीड़ (Video Credit; ETV Bharat)

मनकामेश्वर मंदिर में मनोकामना के लिए लगी लाइन: बता दें, डालीगंज स्थित प्राचीन मनकामेश्वर मंदिर में तड़के सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं. मंदिर परिसर में एक ओर महिलाओं की अलग लाइन, तो दूसरी ओर पुरुषों की कतार लगी रही. बड़ी संख्या में श्रद्धालु नए साल के मौके पर दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे. खास बात ये रही कि मंदिर में आने वालों में नवविवाहित कपल्स की संख्या अधिक रही, वहीं बुजुर्ग, युवा, महिलाएं और नौजवान भी पूरे उत्साह के साथ पूजा-अर्चना करते दिखे. श्रद्धालु भगवान शिव से अपने परिवार, समाज और देश के लिए सुख-समृद्धि की कामना करते नजर आए.

Photo Credit; ETV Bharat
मंदिर में दर्शन के लिए लगी भक्तों की भीड़ (Photo Credit; ETV Bharat)

श्रद्धालुओं ने जरूरतमंदों को कराया नाश्ता: मंदिर के बाहर इंसानियत की मिसाल भी देखने को मिली. श्रद्धालुओं ने गरीबों और जरूरतमंदों को चाय, बिस्कुट और दान देकर नए साल की शुरुआत सेवा भाव से की. ठंड के मौसम में लोगों का ये मानवीय पक्ष खासा सराहनीय रहा.

गुरुद्वारे में लगी कतारें: इधर, शहर के गुरुद्वारों में भी नए साल के आगमन पर भारी भीड़ उमड़ी. सुबह से ही श्रद्धालु गुरुद्वारों में मत्था टेकने पहुंचे और 2026 को बेहतर, शांतिपूर्ण और खुशहाल बनाने की अरदास की. गुरुबाणी के बीच श्रद्धालु पूरे मन से प्रार्थना करते नजर आए.

Photo Credit; ETV Bharat
माथा टेकने गुरुद्वारे पहुंचे लोग (Photo Credit; ETV Bharat)

मजारों में दुआओं की ढेर: वहीं, मजारों पर भी लोगों की आस्था देखने लायक रही. लखनऊ की शमीना शाह मजार पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और दुआएं मांगीं कि आने वाला साल खुशियों और अमन-चैन से भरा हो. रातभर नए साल का जश्न मनाने के बाद सुबह लोग इबादत, पूजा और दुआ के जरिए 2026 की अच्छी शुरुआत करते दिखे. कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ.

प्रशासन ने किए सुरक्षा के खासा इंतजाम: सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया. मंदिरों और धार्मिक स्थलों के बाहर पुलिस ने बैरिकेडिंग की और भारी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो.

मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने बताया कि नए साल के मौके पर वे भगवान से यही प्रार्थना कर रहे हैं कि 2026 शांति, सौहार्द और खुशहाली के साथ गुजरे. उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ, उनकी यही कामना है कि देश आगे बढ़े और सबका कल्याण हो.

Photo Credit; ETV Bharat
मंदिर में दर्शन के लिए लगी भक्तों की भीड़ (Photo Credit; ETV Bharat)

वहीं, महिला श्रद्धालुओं ने ईटीवी भारत से बातचीत में कहा कि नए साल के पहले दिन मंदिर आकर पूजा करना उनकी परंपरा है. उन्होंने बताया कि वे अपने परिवार और देश के लिए सुख, शांति और समृद्धि की दुआ मांगने मनकामेश्वर मंदिर पहुंची हैं. हर साल की तरह इस बार भी उन्होंने यही कामना की कि लोगों का जीवन खुशहाल रहे और किसी को कोई कष्ट न हो.

कुल मिलाकर, नए साल की पहली सुबह लखनऊ में धर्म, आस्था और मानवता के संगम के रूप में सामने आई, जहां हर कोई बेहतर भविष्य की उम्मीद और विश्वास के साथ ईश्वर के दर पर शीश नवाता नजर आया.

यह भी पढ़ें: नए साल से पहले मंदिरों में भक्तों की भीड़, तीर्थ स्थलों पर उमड़ा जनसैलाब, सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट

Last Updated : January 1, 2026 at 1:52 PM IST