new year 2026: छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में पुलिस मुस्तैद, पर्यटन स्थलों पर कड़ी नजर, निकाला गया फ्लैग मार्च
नए साल के जश्न को लेकर हुड़दंगियों पर सख्ती बरती जा रही है. सैकड़ों की संख्या में पुलिसकर्मी अलग-अलग जिलों में तैनात किए गए हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : December 31, 2025 at 8:14 PM IST
छत्तीसगढ़: 31 दिसंबर की रात और 1 जनवरी को लोग जश्न के रूप में मनाते हैं. नए साल का आगाज और 2025 को अलविदा कहने के लिए तरह तरह के आयोजन हो रहे हैं. ऐसे में सबसे बड़ी चुनौती सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रहती है,, नववर्ष 2026 को व्यवस्थित ढंग से मनाने के लिए छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में पुलिस ने इस बार व्यापक रूप से इंतजाम किए हैं.
- धमतरी में फ्लैग मार्च: नववर्ष 2026 के स्वागत और 31 दिसंबर की रात को शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए धमतरी पुलिस और जिला प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकाला. इस फ्लैग मार्च का उद्देश्य असामाजिक तत्वों पर दबाव बनाना और किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकना था.
सख्त कार्रवाई के निर्देश: 31 दिसंबर को साल का आखिरी दिन होने के कारण लोग देर रात तक जश्न मनाते हैं. शहर से लेकर गांवों तक डीजे, होटल, ढाबों और रिसॉर्ट में भीड़ रहती है. इसे देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही सख्त निर्देश जारी कर दिए हैं. कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में बुधवार दोपहर घड़ी चौक से फ्लैग मार्च निकाला गया, जो शहर के विभिन्न इलाकों से होते हुए बिलाई माता मंदिर तक पहुंचा. फ्लैग मार्च में एडिशनल एसपी मणिशंकर चंद्रा, एसडीएम पीयूष तिवारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे.
200 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात: प्रशासन ने साफ किया है कि नशे में वाहन चलाने, तीन सवारी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी. रात 10 बजे के बाद डीजे पूरी तरह बंद रहेंगे. जिले में 200 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही है.
- दुर्ग में 600 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात: दुर्ग जिले में नववर्ष 2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से मनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं. एसएसपी विजय अग्रवाल ने होटल, रिसॉर्ट, बार और डीजे संचालकों के साथ बैठक कर सख्त निर्देश दिए हैं. दुर्ग पुलिस ने नए साल की पूर्व संध्या पर जिले में 600 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है.
उपद्रव करने वालों पर नजर: कंट्रोल रूम में ब्रीफिंग के दौरान एसएसपी ने निर्देश दिया कि नशे में वाहन चलाने वालों और उपद्रव करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए. इसके लिए 70 फिक्स चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं और 35 पेट्रोलिंग वाहन तैनात किए गए हैं. पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है. राजपत्रित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार मॉनिटरिंग करेंगे.
देर रात तक होटल, ढाबा और बार संचालित करने वालों पर कार्रवाई होगी. शराब पीकर वाहन चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस का लक्ष्य है कि नए साल का जश्न पूरी तरह शांतिपूर्ण रहे.- एसएसपी विजय अग्रवाल
- सूरजपुर जिले में भी 500 जवान तैनात: नए साल की शुरुआत से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सूरजपुर जिले की पुलिस पूरी तरह सतर्क है. 31 दिसंबर को पिकनिक और पर्यटन स्थलों पर भीड़ को देखते हुए जिलेभर में 500 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं. सूरजपुर के पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि नववर्ष के दौरान अनैतिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए होटल और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.
खतरनाक जगह ना लें सेल्फी या फोटो: हर साल दिसंबर से सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जाती है, जिनका मुख्य कारण शराब पीकर वाहन चलाना और ओवरस्पीड होता है. इसके अलावा पिकनिक स्पॉट पर सेल्फी के चक्कर में भी हादसे होते हैं. इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस सख्ती बरत रही है. डेंजर जोन वाले पिकनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. नशे में हंगामा करने और खतरनाक जगहों पर सेल्फी लेने वालों पर कार्रवाई की जाएगी. पुलिस प्रशासन का दावा है कि इस बार दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पूरी तैयारी की गई है.
बलौदाबाजार पुलिस ने पुख्ता की सुरक्षा
नववर्ष की खुशियों के बीच कहीं भी कोई अप्रिय घटना न हो, कोई हुड़दंग शांति को भंग न करे और जिले का माहौल पूरी तरह सुरक्षित बना रहे, इसके लिए बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने इस बार पहले से कहीं अधिक व्यापक और सुनियोजित सुरक्षा व्यवस्था की है.31 दिसंबर की शाम से ही जिले की सड़कों पर पुलिस की सक्रियता साफ नजर आने लगी है। पेट्रोलिंग गाड़ियों की आवाजाही, चौकों पर खड़े जवान और संवेदनशील इलाकों में फिक्स पिकेट यह संकेत दे रहे हैं कि नववर्ष की रात पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है.

