ETV Bharat / state

New Year 2026 : जैसलमेर से उदयपुर तक जश्न में डूबा , पार्टी ऑल नाइट में म्यूजिक और डांस पर झूमे लोग

शहरों और पर्यटन स्थलों पर लोगों ने नए साल का स्वागत खुशियों और उल्लास के माहौल में किया.

नए साल का जश्न
नए साल का जश्न (फोटो ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 1, 2026 at 9:21 AM IST

8 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर/जैसलमेर/उदयपुर : विश्व विख्यात स्वर्णनगरी जैसलमेर में नववर्ष 2026 के आगमन पर जश्न का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला. साल के अंतिम दिन से ही शहर में उत्सव का माहौल बन गया था, जो देर रात तक पूरे शबाब पर रहा. पीले पत्थरों से बने ऐतिहासिक भवन, सजी-धजी सड़कें और रोशनी से नहाया शहर नए साल के स्वागत में पूरी तरह तैयार नजर आया. हर ओर खुशियां, संगीत और उल्लास का माहौल देखने को मिला.

नववर्ष के मौके पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक जैसलमेर पहुंचे. शहर की छोटी-बड़ी होटलें, हेरिटेज प्रॉपर्टीज़ और रिसॉर्ट्स पूरी तरह हाउसफुल रहीं. खासतौर पर सम और खुहड़ी के रेतीले धोरों पर आयोजित न्यू ईयर सेलिब्रेशन आकर्षण का केंद्र बने. मखमली रेत पर सजे रंगारंग कार्यक्रमों में सैलानियों ने खुलकर आनंद लिया और रेगिस्तानी रात को यादगार बना दिया. न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान लाइव म्यूजिक, डीजे नाइट और डांस फ्लोर पर पर्यटक देर रात तक झूमते नजर आए. वहीं, पारंपरिक लोक संगीत और कालबेलिया व घूमर जैसे लोक नृत्यों ने उत्सव को खास पहचान दी. विदेशी सैलानी राजस्थानी संस्कृति से खासे प्रभावित दिखे और मोबाइल कैमरों में इन पलों को कैद करते नजर आए.

इसे भी पढ़ें: साल के आखिरी दिन तेज म्यूजिक नहीं, पिंक सिटी में सुनाई दी रामधुनी की गूंज

नववर्ष की रात सोनार किले, गड़ीसर सरोवर और अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ उमड़ी. ऐतिहासिक सोनार किला विशेष लाइटिंग से जगमगाता नजर आया, जबकि शहर के प्रमुख चौराहों पर आतिशबाजी और रोशनी ने उत्सव को और भव्य बना दिया. ठंडी रात के बावजूद सैलानियों का उत्साह चरम पर रहा. सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. न्यू ईयर सेलिब्रेशन के मद्देनज़र विशेष इंतजाम किए गए थे. शहर और पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, साथ ही लगातार गश्त और निगरानी की गई, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो.

न्यू ईयर सेलिब्रेशन
न्यू ईयर सेलिब्रेशन (फोटो ईटीवी भारत जैसलमेर)

गुजरात से आए पर्यटक विनय कुमार ने कहा कि जैसलमेर में नववर्ष 2026 का स्वागत करना उनके लिए एक यादगार अनुभव रहा. उन्होंने बताया कि स्वर्णनगरी की खूबसूरती, ऐतिहासिक विरासत और रेगिस्तान का आकर्षण बेहद खास है. न्यू ईयर की रात सम और खुहड़ी के धोरों पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर उन्हें अलग ही आनंद मिला. लाइव म्यूजिक, लोक नृत्य और राजस्थानी संस्कृति ने दिल जीत लिया. होटल और रिसॉर्ट्स की व्यवस्थाएं शानदार रहीं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों से वे खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस करते रहे. विनय कुमार ने कहा कि जैसलमेर में नए साल का जश्न जीवनभर याद रहेगा.

पिंक सिटी में नए साल का जश्न (वीडियो ईटीवी भारत जयपुर)

जयपुर में भी नए साल पर धमाल : नए साल 2026 के शुरुआत के मौके पर राजधानी के रिसोर्ट और होटलों समेत शहर भर में नए साल का जश्न मनाया गया. लोगों ने नए साल 2026 का जश्न के साथ स्वागत किया. नए साल की शुरुआत होते ही जमकर आतिशबाजी की गई. डीजे की धुन पर लोग झूमते नजर आए. लोगों ने एक दूसरे को नए साल की शुभकामनाएं देकर मंगल कामनाएं की. जयपुर शहर में पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर चाक-चौबंद इंतजाम किए गए. शहर में जगह-जगह पर पुलिस के जवान तैनात किए गए.

इसे भी पढ़ें: नशे के खिलाफ पहल: शराब के बजाए दूध से नए साल का आगाज, जयपुर में ऐसे मना न्यू ईयर का जश्न

इधर, झीलों की नगरी उदयपुर ने भी साल 2026 का स्वागत शाही अंदाज में किया. बुधवार को न्यू ईयर ईव के मौके पर देश-विदेश से हजारों पर्यटक लेकसिटी पहुंचे, जिससे शहर पूरी तरह जश्न के रंग में रंगा नजर आया. होटल, रिसॉर्ट, क्लब, पब, रूफटॉप रेस्टोरेंट और वाटिकाओं में देर रात तक थर्टी फर्स्ट और न्यू ईयर सेलिब्रेशन चलता रहा. शहर में करीब 300 से ज्यादा स्थानों पर विशेष आयोजन हुए, जहां संगीत, रोशनी और उल्लास का संगम देखने को मिला.

न्यू ईयर ईव पर कहीं रंगीन आतिशबाजी ने आसमान को जगमगा दिया तो कहीं डीजे की धमाकेदार बीट्स पर युवा देर रात तक थिरकते रहे. शहर के पब्स और क्लबों में बॉलीवुड मैशअप, इंटरनेशनल म्यूजिक और इलेक्ट्रॉनिक बीट्स ने माहौल को जोशीला बनाए रखा. होटल-रिसॉर्ट्स में गाला डिनर, लाइव बैंड, कैंप फायर और थीम बेस्ड पार्टियां खास आकर्षण रहीं. रात ठीक 12 बजे केक कटिंग और आतिशबाजी के साथ नए साल का स्वागत किया गया.

हर तरफ उल्लास
जश्न और खुशी का माहौल (फोटो ईटीवी भारत)

होटलों और हेरिटेज प्रॉपर्टीज में खास तैयारियां लेकसिटी के पांच सितारा होटलों, हेरिटेज होटल्स और ओल्ड सिटी के रूफटॉप रेस्टोरेंट्स में न्यू ईयर ईव का अलग ही रंग देखने को मिला. पर्यटकों के लिए विशेष सजावट और व्यवस्थाएं की गई थीं. कहीं पारंपरिक राजस्थानी थीम पर लोक संगीत और नृत्य की प्रस्तुति हुई तो कहीं देश-दुनिया के व्यंजनों का खास मेन्यू परोसा गया. कुछ आयोजनों में इंटरनेशनल आर्टिस्ट्स की परफॉर्मेंस भी आकर्षण का केंद्र रही.

इसे भी पढ़ें: नए साल के जश्न के लिए पिंकसिटी में जुटे सैलानी, पर्यटक स्थलों पर भीड़, होटल्स में 'नो रूम'

सेलिब्रिटी टच और टूरिस्ट स्पॉट्स पर रौनक : न्यू ईयर सेलिब्रेशन को उस वक्त और खास बना दिया, जब फिल्म अभिनेत्री सोहा अली खान अपने पति कुणाल खेमू और बेटी इनाया के साथ उदयपुर पहुंचीं. उन्होंने परिवार संग जंगल सफारी का आनंद लिया, पारंपरिक राजस्थानी भोजन चखा और बैलगाड़ी की सवारी कर स्थानीय संस्कृति से रूबरू हुईं. उदयपुर के रस्म रिसोर्ट में सिंगर राजीव राजा के लाइव परफॉमेंस में देर रात लोग झूमते रहे युवतियां ग्रुप डांस, सोलो डांस करती दिखी.

न्यू ईयर ईव से पहले पूरे दिन पर्यटन स्थलों पर भी भारी भीड़ रही. फतेहसागर और पिछोला झील में बोटिंग के लिए लंबी कतारें नजर आईं. सिटी पैलेस, बागौर की हवेली, शिल्पग्राम और दूधतलाई में पर्यटक परिवार और दोस्तों के साथ साल के आखिरी पल यादगार बनाते दिखे वहीं, सज्जनगढ़ किले पर पर्यटकों ने साल का आखिरी सनसेट देखकर 2026 के आगमन की खुशियां मनाईं.

सवाई माधोपुर में नए साल का सेलिब्रेशन : रणथंभौर में भी नए साल को सेलिब्रेट करने देश विदेश से लोग पहुंचे हैं. रणथम्भौर में भी साल 2026 के आगमन को लेकर पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों के द्वारा जमकर नए साल का जश्न मनाया गया. आधी रात को जैसे ही घड़ी सुई 12 पर आई वैसे ही रणथंभौर का आकाश आतिशबाजी की रोशनी से सतरंगी हो गया. इस दौरान नए साल की पार्टी में थिरक रहे लोगों ने एक दूसरे को गले लगाकर नए साल की शुभकामनाएं दी.

सवाई माधोपुर जिला कलेक्टर कानाराम (वीडियो सोर्स-सूचना जनसंपर्क अधिकारी)

नए साल का वेलकम करने के लिए रणथम्भौर के छोटे एंव बड़े होटल्स, रिसॉर्ट, क्लब और रेस्तरां में पार्टी का दौर चला. डीजे की बीट्स पर पूरी मस्ती में लोग थिरकते हुए दिखाई दिए. हर तरफ म्यूजिक और रंग-बिरंगी लाइट्स नजर आई. हर शख्स ने अपने ही अंदाज में न्यू ईयर सेलिब्रेट किया. सभी ने लोगो ने खुले दिल से न्यू ईयर का स्वागत किया और एक दूसरे को बधाइयां दी.

इसे भी पढ़ें: New Year 2026 : नए साल का 'सनातनी स्वागत', युवाओं को परंपरा से जोड़ना मकसद

इस साल रणथम्भौर में पर्यटन सीजन पीक रहा. जिसके चलते बड़ी संख्या में देशी विदेशी सैलानी भी रणथंभौर पहुंचे हैं, जिसके चलते रणथंभौर के सभी बड़े से छोटे होटल फुल हो गए.कई होटल्स में डीजे नाइट्स और अलग अलग प्रोग्राम्स का आयोजन किया . पर्यटकों के साथ ही सवाई माधोपुर वासी भी देर रात तक न्यू ईयर के जश्र डूबे रहे. कड़ाके की ठंड से बेखौफ शहर वासियों के साथ देश विदेश से आए पर्यटकों ने भी डीजे की धुनों पर डांस किया.

नये साल के अवसर पर सवाई माधोपुर जिला कलेक्टर कानाराम ने भी जिले वासियों को नये साल की शुभकामनाएं दी . जिला कलेक्टर ने नए साल की बधाई देते हुए कहा कि यह नया साल जिले में विकास ,सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द की नई ऊंचाइयां छुए. जिला कलेक्टर ने कहा कि इस अवसर पर सभी से सड़क सुरक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जिले में विकास की गतिविधियों में सहयोग की अपेक्षा करता हूं.