न्यू ईयर पर मेहंदीपुर बालाजी में श्रद्धालुओं का उमड़ा जन सैलाब, 1100 किलो महाप्रसादी का लगाया भोग
नववर्ष के मौके पर देश के कोने कोने से बालाजी के दर्शन करने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे.

Published : January 1, 2026 at 12:23 PM IST
दौसा : जिले के विश्वविख्यात आस्थाधाम मेहंदीपुर बालाजी में गुरुवार को नववर्ष का ऐसा भव्य और दिव्य आगाज हुआ, जिसने हर श्रद्धालु के मन में आस्था, ऊर्जा और उत्साह का संचार कर दिया. जैसे ही घड़ी ने देर रात 12 बजे का समय छुआ, वैसे ही “जय बालाजी महाराज और जय सिया राम" के जयकारों से पूरा धाम गूंज उठा. कड़ाके की सर्दी के बावजूद श्रद्धालुओं का जोश चरम पर था. रात के 12 बजते ही भक्त अपने आराध्य के दर्शनों के लिए लंबी-लंबी कतारों में खड़े हो गए और आस्था की इस अद्भुत यात्रा में सहभागी बने.
नववर्ष के स्वागत में श्रद्धालुओं ने आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया. रंग-बिरंगी रोशनी, गूंजते जयकारे और आसमान में खिलते आतिशबाजी के फूल से पूरा वातावरण आध्यात्मिक उल्लास और भक्तिरस से सराबोर नजर आया. पूरी रात श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन, जयकारों और आपसी शुभकामनाओं के साथ नववर्ष का जश्न मनाया.
इसे भी पढ़ें: दिल्ली-जयपुर से मेहंदीपुर बालाजी के लिए हेलीकॉप्टर सेवा, जान लें कितना देना होगा किराया
महाआरती का आयोजन : ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा धाम एक साथ नव संकल्प और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने का संकल्प ले रहा हो. सुबह सवा 6 बजे मंदिर के महंत डॉक्टर नरेशपुरी महाराज के सान्निध्य में नववर्ष की विशेष महाआरती का भव्य आयोजन किया गया. महाआरती से पहले स्वयंभू बालाजी महाराज की प्रतिमा का विधिवत पंचामृत महाभिषेक किया गया. दूध, दही, घी, शहद और शुद्ध जल से हुए इस अभिषेक के दौरान पूरा मंदिर परिसर मंत्रोच्चार और घंटियों की मधुर ध्वनि से गूंज उठा. यह दृश्य श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत भावुक और अविस्मरणीय रहा.
महाभिषेक के पश्चात बालाजी महाराज के समक्ष छप्पन भोग की भव्य झांकी सजाई गई. झांकी की सुंदरता और दिव्यता ने हर भक्त को मंत्रमुग्ध कर दिया. इसके बाद हुई महाआरती में हजारों श्रद्धालुओं ने एक साथ हाथ जोड़कर बालाजी महाराज से सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की.
1100 किलो महाप्रसादी का लगाया भोग : आरती के पश्चात भगवान को 551 किलो छप्पन भोग और 551 किलो देशी घी के चूरमे का भोग अर्पित किया गया, जो श्रद्धा और समर्पण की अनुपम मिसाल बना. नववर्ष के इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर और आसपास के करीब 300 मीटर क्षेत्र को आकर्षक और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया. रोशनी से जगमगाता धाम दूर से ही श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहा था.
इसे भी पढ़ें: मेहंदीपुर बालाजी में हनुमान जन्मोत्सव पर 1351 किलो पंचामृत से अभिषेक, ड्रोन व हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद : श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट की ओर से सुरक्षा गार्डों की संख्या में इजाफा किया गया है. साथ ही करौली और दौसा पुलिस की ओर से भी पुलिस जवानों को सुरक्षा के लिहाज से तैनात किया गया है. मेहंदीपुर बालाजी थाना प्रभारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 65 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. वहीं जेबतराशी पर लगाम कसने के लिए सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. साथ ही करौली जिले की बालाजी चौकी इंचार्ज कालीचरण ने बताया कि आपात स्थितियों से निपटने के लिए 90 पुलिसकर्मी तैनात किए हैं. जिन्हें कस्बे में अलग-अलग जगह तैनात किया गया है.

