ETV Bharat / state

विदिशा को बड़ी रेल सौगात, इन दो एक्सप्रेस ट्रेनों का मिला स्टॉपेज, केंद्रीय मंत्री शिवराज ने की घोषणा

शवंतपुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस और संपर्क क्रांति एक्सप्रेस सहित तीन जोड़ी ट्रेनों के विदिशा में होंगे स्टॉपेज, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

NEW TRAIN STOPPAGE IN VIDISHA
विदिशा को बड़ी रेल सौगात (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : December 29, 2025 at 8:44 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

विदिशा : ट्रेन से सफर करने वाले विदिशा के यात्रियों को बड़ी राहत मिली है. यहां दो एक्सप्रेस ट्रेनों को नया स्टॉपेज मिला है, जिसकी शुरुआत केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की. विदिशा रेल्वे स्टेशन पर रविवार को आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे. उन्होंने यशवंतपुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस और संपर्क क्रांति एक्सप्रेस सहित तीन जोड़ी ट्रेनों के विदिशा स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव को हरी झंडी दी. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कनेक्टिविटी विकास की रीढ़ है और विदिशा को सड़क व रेल नेटवर्क से मजबूती से जोड़ने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं.

इन एक्सप्रेस ट्रेनों को विदिशा में मिला स्टॉपेज

गाड़ी संख्या 12629/12630, 16031/16032 और 18235/18236 का विदिशा स्टेशन पर प्रायोगिक स्टॉपेज प्रारंभ किया गया है. यशवंतपुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस और संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का यह प्रदेश में दूसरा स्टॉपेज है, जिससे विदिशा, बासौदा और गुलाबगंज क्षेत्र के यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी. शिवराज सिंह चौहान ने इस दौरान कहा, '' इन ट्रेनों के ठहराव से शिक्षा, रोजगार, व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा तथा लोगों का आना-जाना सुगम होगा.''

Shivraj Singh Vidisha tour
1 (Etv Bharat)

विदिशा के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे : शिवराज

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनके जीवन के दो मूल मंत्र है, प्रेम और जनता की सेवा. जनता की सेवा को उन्होंने भगवान की पूजा बताया और कहा कि विदिशा के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी. उन्होंने विदिशा में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि किसानों और नागरिकों के लिए जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 11 बांध बनाए गए हैं, सड़कों का जाल बिछाया गया है और विदिशा–भोपाल सड़क के कायाकल्प की योजना स्वीकृत हुई है. इसके साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए विदिशा में आधुनिक अस्पताल भी तैयार किया गया है.

New train stoppage in Vidisha
1 (Etv Bharat)

शहरों के साथ गांवों का भी विकास

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर गांव और शहर दोनों के विकास के लिए कार्य कर रही हैं. सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल, अस्पताल और आंगनबाड़ी भवन जैसे बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. शिवराज ने कहा, '' हमारा लक्ष्य स्पष्ट है विकसित, स्वावलंबी, रोजगारयुक्त और गरीबी मुक्त गांव.''

Train no 12629 12630 stoppage
1 (Etv Bharat)

यह भी पढ़ें- शिवराज सिंह चौहान की मुराद रेलवे से पूरी, विदिशा-सांची को मिली अंडमान और सचखंड एक्सप्रेस

रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में कुरवाई विधायक हरिसिंह सप्रे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, डीआरएम, स्टेशन मास्टर, रेलवे अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे. कार्यक्रम में विधायक मुकेश टंडन, सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी और नगरपालिका अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा ने भी संबोधित किया.