नवनियुक्त SSP नवनीत सिंह भुल्लर ने गंगा पूजन कर संभाला चार्ज, शारदीय कांवड़ मेले की संभाली कमान
हरिद्वार के नए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने अपनी प्राथमिकताएं बताते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 15, 2026 at 8:44 AM IST
हरिद्वार: जिले के नए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने चार्ज संभाल लिया है. शनिवार शाम हर की पैड़ी पर गंगा पूजन करने के बाद एसएसपी ने मेला नियंत्रण भवन पहुंचकर चार्ज संभाला. इस दौरान जिला पुलिस के सभी अधिकारियों ने नए एसएसपी का स्वागत किया. चार्ज संभालने के बाद नए पुलिस कप्तान नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था की बेहतरी पर काम करने के अलावा नशे के सौदागरों पर उनका विशेष फोकस रहेगा. साथ ही आगामी कुंभ मेले के लिए भी जिले की पुलिस टीम को तैयार करने के लिए वे काम करेंगे. फिलहाल चार्ज संभालते ही उन्होंने शारदीय कांवड़ मेले की कमान संभाली. हरकी पैड़ी पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
जनपद में कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालते ही नवनियुक्त एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए. विधिवत कार्यभार ग्रहण करने से पहले उन्होंने आस्था की नगरी के प्रमुख तीर्थ स्थल हर की पैड़ी पहुंचकर मां गंगा की पूजा अर्चना की और जनपद में शांतिपूर्ण व्यवस्था बनाए रखने की कामना की. पदभार संभालने के बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए. कार्यभार ग्रहण करने के बाद एसएसपी भुल्लर ने सीसीआर भवन स्थित मेला नियंत्रण कक्ष में प्रेस वार्ता आयोजित की.
इस दौरान उन्होंने जनपद की कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अपराध पर प्रभावी अंकुश, जनता से संवाद बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी और पुलिस व्यवस्था को और मजबूत बनाने की रणनीति साझा की. उन्होंने कहा कि पुलिस आमजन के विश्वास को मजबूत करने के लिए पारदर्शी और जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाएगी. गौर हो कि बीते दिन एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल का ट्रांसफर हो गया था. हरिद्वार में शारदीय कांवड़ मेला अंतिम चरण में है. नवनियुक्त एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर द्वारा शारदीय कावड़ मेला के दृष्टिगत देर शाम अन्य अधिकारियों के साथ हर की पौड़ी पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया.
उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए गए. तत्पश्चात गंगा आरती में भी प्रतिभाग किया गया. उन्होंने कहा कि शारदीय कांवड़ मेले को सकुशल संपन्न कराया जाएगा. गंगा घाटों से लेकर सभी चौक चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है.
पढ़ें-उत्तराखंड में IAS और PCS अफसरों के बंपर तबादले, रुद्रप्रयाग के डीएम भी बदले गए, देखिए लिस्ट

