शिमला में तेंदुए का आतंक, कॉलोनी में कुत्ते का किया शिकार, CCTV में कैद हुई घटना
घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. लोगों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग की है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : June 25, 2026 at 1:52 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में रिहायशी इलाकों में तेंदुए की आवाजाही ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. न्यू शिमला क्षेत्र की एक कॉलोनी में बुधवार सुबह तेंदुए ने लावारिस कुत्ते पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया. रिहायशी इलाके के बीच तेंदुए की मौजूदगी से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेंदुए की पूरी गतिविधि कैद हुई है.
जानकारी के अनुसार, न्यू शिमला के सेक्टर-4 स्थित कॉलोनी में तेंदुआ सुबह के समय पहुंचा. CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक काला कुत्ता सड़क किनारे बैठा था. इसी दौरान गाड़ी के पीछे छिपा तेंदुआ अचानक बाहर आया और कुछ ही सेकंड में कुत्ते पर हमला कर दिया. तेंदुए ने कुत्ते को पकड़कर वहां से उठाया और नीचे की ओर चला गया. हमले के दौरान मौके पर पहुंचे एक व्यक्ति ने तेंदुए को देखा, लेकिन खतरे को देखते हुए वह अपने पालतू कुत्ते के साथ वहां से वापस लौट गया.
स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल
स्थानीय लोगों का कहना है कि न्यू शिमला क्षेत्र में पिछले कुछ समय से तेंदुए की आवाजाही देखी जा रही है. लोगों के अनुसार कई बार तेंदुए को आसपास के इलाकों में देखा गया है, जिससे सुबह और शाम के समय खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है. लोगों ने बताया कि कई लोग देर रात तक काम से घर लौटते हैं, ऐसे में रिहायशी क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी चिंता का विषय है.
वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वन विभाग को इसकी जानकारी दी. लोगों ने मांग की है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाए और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जाए. साथ ही पिंजरा लगाकर उसे पकड़ा जाए. लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही इस मामले में जरूरी कदम उठाए जाएंगे. लोगों का कहना है कि न्यू शिमला जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र में तेंदुए का पहुंचना गंभीर मामला है और भविष्य में किसी बड़ी घटना से बचने के लिए समय रहते कार्रवाई जरूरी है.
ये भी पढ़ें: चिट्टे पर चोट! स्कॉर्पियो गाड़ी से 101 ग्राम हेरोइन बरामद, पंजाब के तीन तस्कर गिरफ्तार
ये भी पढ़ें: दुर्घटना से देर भली! सोलन में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिरी, CCTV फुटेज वायरल

