अब कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी में होगा बदलाव, नए लोगों को मिलेगा संगठन में मौका
प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी के 11 पदाधिकारियों को भी बनाया गया है जिलाध्यक्ष. ऐसे में इनके रिक्त स्थान पर अन्य लोगों को मौका मिलेगा.

Published : November 25, 2025 at 5:55 PM IST
जयपुर: संगठन सृजन अभियान के तहत राजस्थान कांग्रेस के 45 जिलाध्यक्षों की घोषणा के बाद अब प्रदेश कार्यकारिणी में भी बदलाव की सुगबुगाहट शुरू हो गई है. पार्टी नेताओं का कहना है कि दिल्ली में 14 दिसंबर को होने वाली राष्ट्रव्यापी रैली के बाद संगठन में बड़े स्तर पर बदलाव किया जा सकता है. वहीं, हाल ही में प्रदेश कार्यकारिणी के 11 पदाधिकारियों को भी जिलाध्यक्ष बनाए जाने के चलते उनके पद संगठन में रिक्त हो गए हैं. ऐसे में उनकी जगह योग्य और समर्पित कार्यकर्ताओं को मौका दिया जा सकता है. पार्टी नेताओं ने भी इसके संकेत दिए हैं.
निष्क्रिय पदाधिकारियों की होगी छुट्टी : वहीं, संगठन में पद लेने के बावजूद निष्क्रिय चल रहे पदाधिकारियों की भी संगठन से छुट्टी हो सकती है. पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी इसके संकेत देते हुए कहा था कि जो संगठन में सक्रिय तौर पर काम नहीं कर रहा है या लगातार तीन बैठकों से अनुपस्थित है. ऐसे लोगों पर हम कार्रवाई करेंगे और उन्हें संगठन से बाहर का रास्ता दिखाएंगे.
संगठन की बैठकों से दूरी बनाने वाले पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को लेकर प्रदेश नेतृत्व ने सभी जिलों से रिपोर्ट भी मंगवा ली है. जिसके बाद अब दिल्ली में 14 दिसंबर को होने वाली राष्ट्रव्यापी रैली के बाद संगठन से ऐसे नेताओं को बाहर किया जाएगा.
इन 11 प्रदेश पदाधिकारियों को बनाया जिलाध्यक्ष : वहीं, संगठन सृजन अभियान के तहत राजस्थान कांग्रेस के जिन प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को जिलाध्यक्ष बनाया गया है, उनमें दो प्रदेश उपाध्यक्ष, 6 प्रदेश महामंत्री और तीन प्रदेश सचिव हैं. इनमें घनश्याम मेहर और राजकुमार जयपाल प्रदेश उपाध्यक्ष हैं. जबकि रीटा चौधरी, मनोज मेघवाल, इंद्राज गुर्जर, गणेश घोघरा, इंदिरा मीणा और संजय जाटव प्रदेश महामंत्री हैं. वहीं, सऊद सईदी, मनीष मक्कासर और लक्ष्मण सिंह गोदारा प्रदेश सचिव हैं.
इनमें घनश्याम मेहर को करौली, रीटा चौधरी झुंझुनू, मनोज मेघवाल चूरू, इंद्राज गुर्जर कोटपूतली बहरोड़, गणेश घोघरा डूंगरपुर, इंदिरा मीणा सवाई माधोपुर, संजय जाटव धौलपुर, मनीष मक्कासर हनुमानगढ़, लक्ष्मण सिंह गोदारा को बाड़मेर का जिलाध्यक्ष बनाया गया है.
पहली बार कांग्रेस संगठन में सात महिला जिलाध्यक्ष : वहीं, दिलचस्प ये भी है कि राजस्थान कांग्रेस में पहली बार 7 महिलाओं को जिलाध्यक्ष बनाया गया है. पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का दावा है कि साल 2022 में उदयपुर में हुए नव संकल्प शिविर में लिए गए फैसलों के तहत ही महिलाओं को संगठन में ज्यादा से ज्यादा प्रतिनिधित्व दिया गया है.
इनमें रीटा चौधरी को झुंझुनू, इंदिरा मीणा सवाई माधोपुर, राखी गौतम कोटा, गीता बरवड़ जोधपुर ग्रामीण, प्रमिला मेघवाल जालौर, प्रियंका मेघवाल बालोतरा और सुनीता गठाला को सीकर का जिलाध्यक्ष बनाया गया है.

