बाड़मेर-बालोतरा की फिर बदली सीमाएं, जानिए कौन सा हिस्सा किस जिले में हुआ शामिल
गुड़ामालानी और धोरीमन्ना हुए बालोतरा और बायतु बाड़मेर में शामिल. लोगों ने पटाखे फोड़कर मनाई खुशी.

Published : January 3, 2026 at 9:59 AM IST
बाड़मेर/बालोतरा : राजस्थान सरकार की ओर से अधिसूचना जारी कर बाड़मेर ओर बालोतरा जिले का पुनर्गठन किया है. बाड़मेर से बालोतरा जिला अलग बनने के दो साल बाद एक बार फिर जिले की सीमाएं बदलने के फैसले ने सभी को चौका दिया है. बाड़मेर के दो उपखंड गुड़ामालानी और धोरीमन्ना को बालोतरा जिले में शामिल किया गया है. वहीं बायतु उपखंड को बालोतरा से बाड़मेर जिले में शामिल किया है. इस फैसले से लोगों ने आतिशबाजी कर अपनी खुशी जाहिर की.
राजस्थान सरकार के इस फैसले से बाड़मेर ओर बालोतरा जिले की सीमाएं ही नहीं बल्कि राजनीतिक समीकरण बदल दिए हैं. बायतु विधानसभा को बालोतरा से पुनः बाड़मेर में शामिल करने के फैसले के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी ओर बायतु विधायक हरीश चौधरी ने शुक्रवार देर रात को अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि ' तुम इधर भेजो मुझे , तुम उधर भेजो मुझे, नक़्शों से खेल कर चाहे जिधर भेजो मुझे. सीमाएं बदलने से ना डरूंगा ना झुकूंगा , मैं अपने लोगों के साथ खड़ा हूं चाहे किधर भेजो मुझे. बायतु विधायक हरीश चौधरी का कहना है कि बाड़मेर-बालोतरा जिले की सीमाएं बदलने और राजनीतिक मकसद से तहसीलों को तोड़ा गया है. भाजपा ने जनविरोधी राजनीति की है. अव्यवहारिक निर्णय को लेकर जनता के बीच जाएंगे.
तुम इधर भेजो मुझे , तुम उधर भेजो मुझे,
— Harish Chaudhary (@Barmer_Harish) January 2, 2026
नक़्शों से खेल कर चाहे जिधर भेजो मुझे।
सीमाएँ बदलने से ना डरूँगा ना झुकूँगा
मैं अपने लोगो के साथ खड़ा हूँ चाहे किधर भेजो मुझे।#बढ़ता_बायतु pic.twitter.com/bhwP8lnzEi
इसे भी पढ़ें: राजस्थान की पहली जहरमुक्त ग्राम पंचायत की ओर अग्रसर बामनवास कांकर, 800 किसानों ने जैविक खेती की ली शपथ
बालोतरा में अब 5 उपखंड और 9 तहसील और 5 उपतहसील है. वहीं बाड़मेर में 7 उपखंड, 11 तहसील और 7 उप तहसील रहेगी. बाड़मेर जिले से गुड़ामालनी और धोरीमन्ना को बालोतरा जिले में शामिल किया गया है. अब धोरीमन्ना की जिला मुख्यालय से दूरी करीब 125 किलोमीटर हो गई है. बाड़मेर जिला मुख्यालय से दूरी करीब 60 किलोमीटर थी. सीमा बदलने के बाद अब अंदर खाने विरोध भी शुरू हो गया है. हालांकि इस फैसले से खुश लोगो ने आतिशबाजी करके खुशी जाहिर की.
बाड़मेर में अब 7 उपखंड, 11 तहसील : बाड़मेर में अब गडरारोड, चौहटन, रामसर, बायतु, सेड़वा, शिव उपंखड रहेंगे. साथ बाड़मेर, बाड़मेर ग्रामीण, बाटाडू, नोखड़ा, गडरारोड, चौहटन, धनाऊ, रामसर, बायतु, सेड़वा, शिव तहसील और विशाला, चवा, मांगता, हरसाणी, लीलसर, फागलिया, भीयाड़ उपतहसील रहेगी.
इसे भी पढ़ें: नए जिले निरस्त होने पर सियासी घमासान, गहलोत बोले- सरकार कंफ्यूजन में थी, उठाए ये अहम सवाल
नव गठित बालोतरा जिले में एक उपखंड बढ़ गया है जिसके चलते अब पांच उपखंड होंगे. हालांकि बायतु उपखंड को वापस बाड़मेर में शामिल कर दिया गया है, जबकि बाड़मेर के गुड़ामालानी और धोरीमन्ना उपखंड को बालोतरा में शामिल करने से संख्या 5 हो गई है. इसमें बालोतरा, सिणधरी, सिवाना, धोरीमन्ना, गुड़ामालानी उपखंड है. बालोतरा में पचपदरा, कल्याणपुर, गिड़ा, पाटोदी, सिणधरी, सिवाना, समदड़ी, धोरीमन्ना, गुड़ामालनी तहसील और जसोल दूदवा, सवाऊ पदमसिह की ढाणी, हीरा की ढाणी, पादरू उप तहसील रहेगी.

