हरिद्वार बस अड्डे पर हंगामा, पहले भतीजों ने चाचा को पीटा, फिर लोगों ने उनकी धुनाई की
हरिद्वार बस अड्डे पर किसी बात को लेकर पहले भतीजों ने चाचा की जमकर पिटाई की. इसके बाद लोगों ने दोनों भतीजों की धुनाई की.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 29, 2026 at 5:11 PM IST
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से बड़ी खबर सामने आई है. हरिद्वार बस अड्डे पर दो युवकों ने अपने साथ आए एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई कर उसे अधमरा कर दिया. मारपीट इतनी गंभीर थी कि घायल व्यक्ति सड़क पर ठीक से खड़ा तक नहीं हो पा रहा था और वस्त्र विहीन अवस्था में नीचे पड़ा रहा.
दर्द से कराहते व्यक्ति को देखकर मौके पर मौजूद लोगों का पारा चढ़ गया. इसके बाद चाचा की पिटाई करने वाले कथित भतीजे और उसके साथी को भीड़ ने आड़े हाथों ले लिया और दोनों की जमकर धुनाई कर डाली. मामला बीती 27 अगस्त की रात का बताया जा रहा है.
बताया जा रहा है कि दोनों युवक सहारनपुर से हरिद्वार आए थे. घटना के दौरान काफी देर तक बस अड्डे के पास सड़क पर हंगामा चलता रहा. आसपास मौजूद लोग मौके पर जुट गए और दोनों युवकों को पकड़ लिया. स्थानीय लोगों ने जब उनसे घायल व्यक्ति के बारे में पूछताछ की तो दोनों ने उसे अपना चाचा बताया. इसके बाद दोनों युवकों ने कथित तौर पर लोगों को बताया कि चाचा उन्हें परेशान करता था, जिसके चलते उन्होंने उसकी पिटाई की. सड़क पर बिना कपड़ों के पड़े और दर्द से कराह रहे व्यक्ति को देखकर पहले ही लोगों में आक्रोश था. युवकों की यह बात सुनते ही भीड़ और भड़क गई.
लोगों ने दोनों को जमकर फटकार लगाई और उनकी धुनाई कर दी. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दोनों युवक भीड़ के सामने माफी मांगते हुए नजर आ रहे हैं. वीडियो में उन्हें यह कहते हुए भी सुना जा सकता है कि वे घायल व्यक्ति को दवा दिलवाएंगे और उसे सुरक्षित तरीके से घर ले जाएंगे.
मारपीट के दौरान घायल व्यक्ति की हालत बेहद खराब हो गई थी. वह सड़क पर असहाय पड़ा रहा और उठने की स्थिति में भी नहीं था. चाचा और कथित भतीजे के बीच विवाद की असली वजह क्या थी और मारपीट से पहले उनके बीच क्या हुआ था, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस को भी वायरल वीडियो से ही जानकारी मिली है. सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है.
पढ़ें---

