बुलंदशहर में पूर्व बसपा विधायक हाजी अलीम के भतीजे की गोली मारकर हत्या; जमीन के विवाद में वारदात, भाई भी घायल
घटना के बाद अस्पताल में भारी भीड़ जमा, एहतियातन तीन थानों की फोर्स तैनात.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 5, 2026 at 7:21 AM IST
बुलंदशहर: कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव ग्यासपुर में रविवार रात करीब 8 बजे नीमखेड़ा के पास पूर्व बसपा विधायक हाजी अलीम के भतीजे सूफियान (43) की हत्या कर दी गई. घटना तब हुई जब सूफियान अपने भाई अकरम (45) के सात बाग की पैमाइश कर रहा था. आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, जिसके बाद सूफियान को गोली मार दी गई. इस घटना में अकरम भी गंभीर रूप से घायल है.
इधर, घटना के बाद अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई. हालात को देखते हुए एसएसपी दिनेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और जिला अस्पताल व आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई. इसके साथ ही तीन थानों की फोर्स तैनात की गई है.

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि नीमखेड़ा गांव में 24 बीघे का बाग है, जो डॉ. मुमताज का है. वह बाग बेचना चाह रहे थे. सूफियान के अलावा कुछ लोग और हैं, जो इसे खरीदना चाह रहे हैं. इसी बाग की नाप करने के लिए सुफियान, अकरम और अधिवक्ता कादिर वहां गए थे. मौके पर ये लोग नापजोख कर रहे थे. इसी बीच कुछ लोग वहां पहुंचे. पैमाइश को लेकर उनमें कहासुनी हुई और फिर मारपीट होने लगी. आरोपियों ने इसी दौरान सूफियान को गोली मार दी.

गोली लगने से सुफियान की मौत हो गई और अकरम घायल हो गया. अकरम को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है. पता लगाया जा रहा है कि जिन लोगों से विवाद हुआ, वे कौन थे. पुलिस ने उन लोगों को चिन्हित कर लिया है.
बता दें कि हाजी अलीम की भी हत्या हुई थी. 10 अक्टूबर 2018 को उनका शव घर में मिला था. पुलिस की जांच में संपत्ति विवाद सामने आया था. हाजी अलीम ने 2007 और 2012 में बसपा के टिकट पर चुनाव जीता था.

