ETV Bharat / state

नदी किनारे क्षत-विक्षत हालात में मिला शव, पुलिस का चौंकाने वाला खुलासा

हिमाचल में आज सुबह नदी किनारे क्षत-विक्षत हालात में व्यक्ति का शव मिलने से लोगों में दहशत का माहौल.

Nepali man body found in Shimla
नदी किनारे मिला शव (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 19, 2026 at 1:31 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: जिला शिमला में नदी किनारे क्षत-विक्षत हालत में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. उपमंडल रोहड़ू के तहत चिड़गांव थाना क्षेत्र के बडियारा गांव में पब्बर नदी के किनारे एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिला है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी. प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.

"शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. पुलिस ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण सुराग जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है." - गौरव सिंह, एसपी शिमला

मृतक बीते रोज साथियों के साथ पी रहा था शराब

एसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक नेपाली मूल का पाया गया है, जो कि बडियारा में एक बागवान के पास मजदूरी करता था. स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि मृतक को बीती शाम को कुछ अन्य नेपाली मूल के लोगों के साथ देखा गया था. लोगों ने बताया कि वे सभी साथ बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे, जिसके बाद वो अचानक लापता हो गया और अगली सुबह यानी आज उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में नदी किनारे क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ है. वहीं, इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है. लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना पहले कभी सामने नहीं आई, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है.

एसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया, "मामले की गहन छानबीन की जा रही है और मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए लोगों की पहचान की जा रही है. संदिग्धों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है. इसके साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके."

ये भी पढ़ें: अग्निकांड में प्रभावित 17 परिवार 3 महीनों से टेंट में रहने को मजबूर, सुविधाओं से महरूम झनियार गांव, अब तक नहीं लगा तार स्पेन