ETV Bharat / state

नेपाल में प्राकृतिक आपदा के बीच यूपी सरकार का एक्शन: फंसे भारतीय नागरिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1070 जारी.

नेपाल में भीषण बाढ़ और आपदा में फंसे यूपी के नागरिकों की सहायता के लिए योगी सरकार ने हेल्पलाइन नंबर 1070 जारी किया है.

Photo Credit: ETV Bharat
नेपाल बाढ़ में फंसे यूपी के लोगों के लिए योगी सरकार का बड़ा कदम. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : August 26, 2026 at 10:07 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ: नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने वहां फंसे प्रदेश के नागरिकों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 1070 जारी कर दिया है. उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, यदि यूपी का कोई नागरिक नेपाल में अटका हुआ है या उसे किसी प्रकार की आपात सहायता की जरूरत है, तो उनके परिजन तत्काल 1070 पर संपर्क कर सकते हैं. राज्य सरकार ने नागरिकों की सुरक्षित वापसी और सहायता के लिए राजनयिक स्तर पर प्रयास शुरू कर दिए हैं.

भारतीय और नेपाल दूतावास से साधा गया संपर्क: मुख्यमंत्री के निर्देश पर राहत आयुक्त कार्यालय ने भारतीय और नेपाल दोनों दूतावासों से सीधा संपर्क स्थापित किया है. दोनों दूतावासों से अनुरोध किया गया है कि नेपाल में फंसे उत्तर प्रदेश के नागरिकों से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलते ही उसे तुरंत यूपी राहत आयुक्त कार्यालय के साथ साझा करें. इससे प्रभावित व्यक्तियों तक बिना किसी देरी के आवश्यक राहत सामग्री और मदद पहुंचाई जा सकेगी.

महाराजगंज और कुशीनगर जिलों में हाई अलर्ट: नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई तबाही को देखते हुए उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों महाराजगंज और कुशीनगर में सतर्कता बढ़ा दी गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में हुए नुकसान पर चिंता व्यक्त करते हुए गंडक और नारायणी नदियों के बढ़ते जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने के आदेश दिए हैं. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सीमावर्ती इलाकों में सभी जरूरी तैयारियां समय रहते पूरी रखी जाएं.

प्रदेश के 16 जिले बाढ़ से प्रभावित, राहत कार्य जारी: वर्तमान में उत्तर प्रदेश के 16 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और कई प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. राज्य सरकार प्रभावित क्षेत्रों में आम नागरिकों के साथ-साथ पशुधन की सुरक्षा के लिए लगातार राहत अभियान चला रही है. नेपाल में बिगड़े हालात के बाद यूपी सरकार और अधिक सतर्क हो गई है, तथा राहत आयुक्त कार्यालय को प्रभावित लोगों तक हर संभव मदद पहुंचाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं.

यह भी पढ़ें- नेपाल में अचानक आई बाढ़ से 95 लोगों की मौत, 105 भारतीय समेत 500 लोग लापता