नेपाल बाढ़ त्रासदी में सीतापुर के 3 लोग लापता; चाचा-भतीजा और परिवार के दामाद की तलाश
क्षेत्रीय विधायक ने पीड़ित परिवार से मिलकर डीएम से मामले में हस्तक्षेप कर पीड़ित परिवार की मदद के लिए कहा है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 31, 2026 at 7:23 AM IST
सीतापुर: नेपाल में बाढ़ त्रासदी में सीतापुर जिले के तीन लोग लापता है. थानगांव निवासी चाचा-भतीजे अपने एक रिश्तेदार के साथ लापता हैं. तीनों नेपाल के हाइड्रो पॉवर प्रोजेक्ट में काम करते थे. परिजन अपनों की तलाश में जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों तक से गुहार लगा रहे हैं.
परिजनों ने बताया कि दूतावास से जारी सूची में तीनों का नाम नहीं है. परिजनों का कहना है कि आखिरी बार उनकी बात बीती 25 अगस्त को हुई थी. लापता लोगों की जानकारी मिलने के बाद जनप्रतिनिधियों का भी आना-जाना बढ़ गया है.
क्षेत्रीय विधायक ज्ञान तिवारी ने पीड़ित परिवार से मिलकर डीएम से मामले में हस्तक्षेप कर पीड़ित परिवार की मदद के लिए कहा है. पूर्व सपा विधायक महेंद्र सिंह झीन बाबू ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया है.
जानकारी के अनुसार थानगांव क्षेत्र के घुमनी मजरा घेवड़ा निवासी ऋषिपाल सिंह पुत्र हरजिंदर सिंह अपने चाचा पपिंदर सिंह पुत्र दरबार सिंह और पिहानी निवासी अपने बहनोई शमशेर सिंह के साथ कई वर्षों से नेपाल के रसुवा जिले में त्रिशूली नदी के निकट स्थित हाइड्रो पावर प्लांट में काम करते थे.
नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद से तीनों लोग लापता हैं. परिजनों के अनुसार, बाढ़ आने से एक दिन पहले दोनों से फोन पर बातचीत हुई थी. उस समय उन्होंने वहां की स्थिति सामान्य बताई थी. इसके बाद दोनों के मोबाइल फोन बंद हो गए.
लगातार प्रयास के बावजूद संपर्क नहीं होने से परिजन परेशान हैं. रिश्तेदारों का एक दल उनकी तलाश में नेपाल भी पहुंचा लेकिन अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है.
पूर्व विधायक ने कहा कि वह मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण को पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे. उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है. परिजनों ने सरकार और प्रशासन से नेपाल प्रशासन के सहयोग से तलाश अभियान तेज कराने की मांग की है.
ऋषिपाल सिंह के चाचा हरजीत सिंह ने बताया कि तीनों लोगों का अब तक कोई पता नहीं चल सका है. प्रशासन से मदद की गुहार लगाई गई है. परिजन तलाश में काठमांडू भी पहुंचे थे, लेकिन निराशा ही हाथ लगी है.
वहीं प्रधान ब्रह्म प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि प्रयास जारी हैं. उम्मीद है कि सभी सकुशल वापस आएं. पीड़ित परिवार से लगातार संपर्क जारी है.

