भरतपुर की नीतू शर्मा का राजस्थान सीनियर महिला क्रिकेट कैंप में चयन
भरतपुर की क्रिकेटर नीतू शर्मा राइट हैंड ओपनर और विकेटकीपर हैं. नीतू के चयन से जिले में खुशी की लहर है.

Published : January 8, 2026 at 7:09 PM IST
भरतपुर: राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) द्वारा सीनियर महिला क्रिकेट टीम के चयन के लिए आयोजित किए जा रहे राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कैंप में भरतपुर जिले की प्रतिभाशाली क्रिकेटर नीतू शर्मा का चयन हुआ है. नीतू राइट हैंड ओपनिंग बल्लेबाज होने के साथ-साथ एक कुशल विकेटकीपर भी हैं. उनके इस चयन से जिले के क्रिकेट प्रेमियों और खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है.
शानदार प्रदर्शन के आधार पर चयन: जिला क्रिकेट संघ भरतपुर के सचिव शत्रुघ्न तिवारी ने बताया कि नीतू शर्मा ने हाल ही में आरसीए द्वारा आयोजित चैलेंजर ट्रॉफी तथा अन्य राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन किया था. उनके इसी उत्कृष्ट और निरंतर खेल के आधार पर राजस्थान क्रिकेट संघ की चयन समिति ने उन्हें सीनियर महिला क्रिकेट कैंप के लिए चुना है.
इसे भी पढ़ें- अंडर-14 चैलेंजर ट्रॉफी: भरतपुर के तीन क्रिकेटरों का चयन
कैंप में दिया जाएगा प्रशिक्षण: तिवारी ने आगे बताया कि इस प्रशिक्षण कैंप के लिए पूरे राजस्थान से कुल 33 सीनियर महिला खिलाड़ियों का चयन किया गया है. ये चयनित खिलाड़ियां आगामी घरेलू और राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिताओं के लिए राजस्थान सीनियर महिला टीम की संभावित सदस्यों के रूप में तैयार की जाएंगी. यह महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कैंप 9 जनवरी से जयपुर स्थित आरसीए एकेडमी में शुरू होगा. यहां खिलाड़ियों को अनुभवी कोचों और तकनीकी विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिसमें बल्लेबाजी, गेंदबाजी, फील्डिंग और फिटनेस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
जिला संघ ने दी बधाई: नीतू शर्मा के चयन पर जिला क्रिकेट संघ भरतपुर के पदाधिकारियों और सदस्यों ने हर्ष व्यक्त किया है. संघ के चयनकर्ता सूरज शर्मा, नरेश खत्री, लंकेश सियाराम, प्रेम सिंह और पंकज गोयल सहित अन्य सदस्यों ने नीतू को बधाई दी. संघ के अध्यक्ष विष्णु प्रकाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजकुमार जैन एवं अजय कुमार शर्मा, संयुक्त सचिव अरुण कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष मुनेन्द्र तिवारी तथा सदस्य नाहर सिंह पैंगौर ने भी नीतू शर्मा को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
इसे भी पढ़ें- इंग्लैंड-साउथ अफ्रीका लीग में निखरे भरतपुर के अव्यांश का राजस्थान U-23 टीम में चयन

