ETV Bharat / state

NEET UG 2026: 2 सितंबर तक बिना सिक्योरिटी एलॉट एमबीबीएस या बीडीएस की सीट छोड़ सकेंगे कैंडिडेट

नीट यूजी काउंसलिंग के राउंड-1 में आवंटित एमबीबीएस और बीडीएस सीट को बिना सिक्योरिटी डिपॉजिट गंवाए छोड़ने की अंतिम तिथि 2 सितंबर है.

परीक्षा देने छात्र
परीक्षा देने छात्र (ETV Bharat File Photo)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : August 31, 2026 at 10:24 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कोटा: ऑल इंडिया 15 फीसदी (सेंट्रल) काउंसलिंग के तहत पहले राउंड में आवंटित एमबीबीएस या बीडीएस सीट छोड़ने के लिए विद्यार्थियों को 2 सितंबर तक का मौका है. इस समयावधि में सीट छोड़ने वाले उम्मीदवारों की सिक्योरिटी डिपॉजिट जब्त नहीं होगी. इसको लेकर मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिसमें पहले राउंड में सीट ले चुके कैंडिडेटों को राहत दी गई है. एमसीसी द्वारा राउंड-1 में आवंटित सीट स्वीकार कर चुके 'फ्रीज' और 'फ्लोट' दोनों प्रकार के अभ्यर्थियों को रेजिग्नेशन या सीट विड्रॉल की सुविधा दी गई है.

निजी कोचिंग संस्थान की करियर काउंसलिंग एक्सपर्ट पारिजात मिश्रा ने बताया कि इस सुविधा के माध्यम से कैंडिडेट तय समयावधि के भीतर अपनी आवंटित सीट छोड़ सकते हैं. वे अगले काउंसलिंग राउंड में भाग लेने का अवसर बनाए रख सकते हैं. ऐसे कैंडिडेट के सीट छोड़ने पर सिक्योरिटी डिपॉजिट जब्त नहीं की जाएगी. एक्सपर्ट पारिजात मिश्रा ने बताया कि जो अभ्यर्थी अगले राउंड में बेहतर मेडिकल या डेंटल कॉलेज प्राप्त करने की संभावना देखते हैं और वर्तमान सीट छोड़ना चाहते हैं, उन्हें लास्ट डेट तक इंतजार नहीं करना चाहिए. तय समय से पहले ही रेजिग्नेशन या विड्रॉल कर लेना चाहिए.

इसे भी पढ़ें- NEET UG 2026: फ्लॉट विकल्प चुनने वाले सावधान, तय समय में डॉक्यूमेंट अपलोड न करने पर रद्द होगी सीट

फ्रीज अभ्यर्थियों के लिए व्यवस्था: पारिजात मिश्रा ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने प्रथम राउंड में फ्रीज विकल्प का चयन कर आवंटित मेडिकल या डेंटल कॉलेज में रिपोर्टिंग कर दी है, वे अब अपनी सीट से इस्तीफा दे सकते हैं. इन्हें 2 सितंबर दोपहर 1:00 बजे तक का समय दिया गया है, जिसमें संस्थान में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर रेजिग्नेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. केवल संस्थान में आवेदन देना पर्याप्त नहीं होगा. संस्थान के नोडल ऑफिसर को एमसीसी पोर्टल पर ऑनलाइन रेजिग्नेशन प्रोसेस करके 'सीट विड्रॉल स्लिप' या 'रेजिग्नेशन लेटर' जनरेट करवाना होगा. ऐसा नहीं होने पर इस्तीफा वैध नहीं माना जाएगा.

फ्लोट अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया: उन्होंने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने राउंड-1 में सीट स्वीकार कर फ्लोट (अपग्रेडेशन) विकल्प चुना था और अब वे अपनी सीट छोड़ना चाहते हैं, उन्हें भी विशेष सीट विड्रॉल सुविधा दी गई है. ये कैंडिडेट 2 सितंबर दोपहर 1:00 बजे तक ऐसा कर सकेंगे. इन कैंडिडेट्स को संस्थान में जाने की जरूरत नहीं है. वे सीधे एमसीसी पोर्टल पर लॉगिन कर ऑनलाइन माध्यम से विड्रॉल कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें एमसीसी काउंसलिंग अकाउंट में लॉगिन करना होगा और 'विड्रॉल सर्विसेज' या 'विड्रॉल फ्रॉम काउंसलिंग' विकल्प का चयन कर सीट छोड़नी होगी. ऑनलाइन सीट विड्रॉल स्लिप डाउनलोड कर सुरक्षित रखनी होगी. यदि पोर्टल विड्रॉल स्लिप जनरेट नहीं करता है, तो उनका रेजिग्नेशन वैध नहीं माना जाएगा.

सिक्योरिटी डिपॉजिट का क्या होगा?: तय समयसीमा में रेजिग्नेशन या सीट विड्रॉल करने वाले फ्रीज या फ्लोट दोनों प्रकार के कैंडिडेट्स की सिक्योरिटी डिपॉजिट जब्त नहीं की जाएगी. वे बिना किसी आर्थिक नुकसान के अपनी राउंड-1 की सीट छोड़ सकते हैं और अगले काउंसलिंग राउंड में बेहतर विकल्पों के लिए पूरी तरह पात्र बने रहेंगे.

इसे भी पढ़ें- NEET UG 2026: राजस्थान की काउंसलिंग के पहले राउंड का रिजल्ट जारी, 14220 रैंक व 589 स्कोर पर MBBS सरकारी सीट अलॉट