नीट यूजी 2026 का एडमिट कार्ड हुआ जारी, परीक्षा केन्द्र पहुंचने तक का हर डिटेल यहां जानें
3 मई को नीट यूजी की परीक्षा होने जा रही है. इसको लेकर एडमिट कार्ड जारी हो चुका है. आगे पढ़ें पूरी खबर.

Published : April 27, 2026 at 1:17 PM IST
पटना : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट यूजी 2026 परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी कर की दिया है. पहले एडमिट कार्ड 26 अप्रैल को जारी होने वाला था, लेकिन इसे 27 अप्रैल की सुबह 10 बजे जारी किया गया. अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट www.neet.nta.nic.in पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं.
वैध पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य : परीक्षा का आयोजन 3 मई रविवार को दोपहर 2:00 बजे से 5:00 बजे के बीच किया जाएगा. परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड के साथ वैध पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य होगा. बिना एडमिट कार्ड और पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. एडमिट कार्ड के साथ पासपोर्ट साइज फोटो भी परीक्षा केंद्र पर ले जाना जरूरी होगा, जिसे एग्जामिनर को सौंपना पड़ सकता है.
'एडमिट कार्ड में छेड़छाड़ नहीं करें' : एनटीए ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड की प्रिंट कॉपी परीक्षा केंद्र पर ले जानी होगी. केवल डिजिटल कॉपी मान्य नहीं होगी. साथ ही एडमिट कार्ड में किसी भी प्रकार की कटिंग, ओवरराइटिंग या छेड़छाड़ नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई है. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उसमें दर्ज सभी जानकारियों की जांच कर लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
''जिन अभ्यर्थियों के आधार कार्ड में कोई त्रुटि है, वे उसे जल्द से जल्द अपडेट करा लें. परीक्षा केंद्र पर पहचान सत्यापन के लिए आधार कार्ड का अपडेट होना जरूरी माना गया है. बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए अभ्यर्थियों को पहले से ही सभी दस्तावेज सही रखने की सलाह दी गई है.''- NTA
1 घंटा पहले पहुंचने का निर्देश : एनटीए के मुताबिक 3 मई को परीक्षा के दिन परीक्षा केंद्र पर प्रवेश परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले दिया जाएगा. परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी, लेकिन छात्रों को समय से पहले केंद्र पहुंचने का निर्देश दिया गया है. परीक्षा हॉल में बैठने के बाद सबसे पहले प्रश्न पत्र की भाषा यानी माध्यम की जांच करनी होगी. अभ्यर्थी आवेदन के समय जिस भाषा हिंदी, अंग्रेजी या क्षेत्रीय भाषा का चयन किए थे, उसी के अनुसार प्रश्न पत्र मिलेगा. इसके बाद ही उत्तर लिखने की प्रक्रिया शुरू करनी होगी.
OMR शीट कैसे भरें? : ओएमआर शीट भरने को लेकर भी एनटीए ने विशेष निर्देश जारी किए हैं. अभ्यर्थियों को अपना रोल नंबर, पेपर कोड, प्रश्न पत्र बुकलेट नंबर और अन्य विवरण सावधानीपूर्वक भरने होंगे. ओवल भरते समय एक ही पेन की स्याही का उपयोग करें और एक ओवल को दूसरे से ओवरलैप न करें. रफ कार्य के लिए केवल निर्धारित स्थान का ही उपयोग करें. ओएमआर शीट पर किसी प्रकार की अतिरिक्त मार्किंग, स्ट्रेचिंग या गंदगी करने से बचने को कहा गया है.
''परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को अपनी मुख्य ओएमआर शीट और उसकी ऑफिस कॉपी दोनों इनविजिलेटर को जमा करनी होगी. जो उम्मीदवार ओएमआर शीट के साथ प्रश्न पत्र ले जाना चाहते हैं, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होगा.''- NTA
प्रदेश में 142 परीक्षा केंद्र : बिहार में इस बार 35 जिलों में 142 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इन केंद्रों पर लगभग 1.60 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे. अकेले पटना में 96 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 85 हजार छात्र परीक्षा देंगे.
परीक्षा पूरी तरह ऑब्जेक्टिव होगी, जिसमें कुल 180 प्रश्न पूछे जाएंगे. इनमें फिजिक्स के 45, केमिस्ट्री के 45 और बायोलॉजी के 90 प्रश्न शामिल होंगे. कुल परीक्षा 720 अंकों की होगी. एनटीए ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे गाइडलाइन का पालन करें और परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचकर शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा दें.
ये भी पढ़ें :-
बिहार में सफाईकर्मियों के बच्चों को UPSC-JEE-NEET की मिलेगी मुफ्त कोचिंग, जानें पूरा नियम
Google Gemini पर फ्री NEET UG मॉक टेस्ट शुरू, मेडिकल छात्रों को बड़ी राहत

