ETV Bharat / state

नीमच में दो पक्ष भिड़े, लाठी-डंडों के बीच पथराव, किसी का सिर फटा तो किसी के हाथ-पैर टूटे

नीमच के चिकली में खूनी संघर्ष, दो पक्षों के 14 लोग लहूलुहान, महिलाएं भी घायल, मकानों में आग लगाई, पुलिस ने संभाला मोर्चा.

NEEMUCH BLOODY CONFLICT
नीमच के चिकली में खूनी संघर्ष, दो पक्षों के 14 लोग लहूलुहा (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : January 14, 2026 at 6:52 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नीमच : चिकली गांव में मंगलवार शाम दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले. बंजारा समुदाय के दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रही रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया. दोनों ओर से लाठी-डंडे और पत्थर चलने लगे. विवाद की जड़ में एक तरफ मंदिर जाने का रास्ता और दूसरी तरफ गांव में बन रही सीसी रोड का निर्माण है. शाम करीब 7 बजे शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.

हिंसा के दौरान कई मकानों में आग लगाई

दोनों पक्षों के बीच हुई इस भिड़ंत में महिलाओं समेत 14 लोग लहूलुहान हुए. इस घटना के वीडियो गांव की भयावह स्थिति को बयां कर रहे हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे दोनों पक्ष एक-दूसरे पर पत्थरों की बारिश कर रहे हैं.

नीमच में खूनी संघर्ष में घायल बुजुर्ग (ETV BHARAT)

खूनी संघर्ष इतने चरम पर पहुंच गया कि आक्रोशित लोगों ने घरों को आग के हवाले कर दिया. एक पक्ष का आरोप है कि जब वे अस्पताल में भर्ती थे, तो पीछे से उनके घर जला दिए गए. दूसरे पक्ष ने भी आगजनी का शिकार होने का दावा किया है.

पुरानी रंजिश के बाद सीसी रोड पर विवाद

घटना को लेकर दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे हैं. एक पक्ष के प्रेम सिंह का कहना है "उनके परिजन जब भंवर लाल बालाजी मंदिर गए थे, तब उन पर घात लगाकर हमला किया गया." उन्होंने इसे सामाजिक बहिष्कार और पुरानी रंजिश का परिणाम बताया है.

दूसरी ओर रमेश का कहना है "विवाद की असली वजह गांव की सीसी रोड है, जिसका प्रेम सिंह का परिवार विरोध कर रहा था. इसी सड़क निर्माण की बात को लेकर कहासुनी हुई और मारपीट शुरू हो गई."

गांव में देर रात तक पुलिस की गश्त

प्रेम सिंह पक्ष के 8 लोग और रमेश पक्ष के 6 लोग घायल हुए हैं. गंभीर घायलों का उपचार नीमच जिला अस्पताल में जारी है. मंगलवार देर रात गांव में दोबारा तनाव बढ़ने की सूचना मिलते ही प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया. कुकड़ेश्वर, मनासा और रामपुरा थाना क्षेत्र का पुलिस बल तुरंत मौके पर भेजा गया. पुलिस ने रातभर गांव में गश्त की.

कुकड़ेश्वर थाना प्रभारी भीम सिंह सिसोदिया ने बताया "दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया गया है और घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. आगजनी और पथराव के वीडियो को साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है."