ETV Bharat / state

फिरोजाबाद में बाबा नीम करोली की जन्मस्थली अब पर्यटन हब बनेगी

अकबरपुर को अब संवारेगी प्रदेश सरकार, डीएम समेत अफसरों ने किया निरीक्षण.

neem karoli baba birthplace akbarpur firozabad will become tourism hub
फिरोजाबाद में बाबा नीम करौरी की जन्मस्थली संवरेगी. (etv bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : March 2, 2026 at 10:51 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

फिरोजाबाद: संत नीम करोली बाबा की जन्मस्थली अकबरपुर (फिरोजाबाद) को अब प्रदेश सरकार पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की तैयारी में है. धार्मिक आस्था के इस प्रमुख केंद्र को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाया जाएगा. इसी कड़ी में जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ जन्मस्थली परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया.

सूचना विभाग द्वारा जारी प्रेस रिलीज के अनुसार निरीक्षण का उद्देश्य मंदिर परिसर के समग्र विकास, सौंदर्याकरण तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए चल रहे एवं प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा करना था. इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विशु राजा भी मौजूद रहे.

सौंदर्याकरण और आधारभूत ढांचे का विस्तार: निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर के सौंदर्याकरण की विस्तृत योजना का अवलोकन किया. उन्होंने निर्देश दिए कि परिसर में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाओं को उच्च गुणवत्ता के साथ विकसित किया जाए साथ ही परिसर को आकर्षक और आध्यात्मिक वातावरण के अनुरूप सजाने पर विशेष बल दिया गया.

संपर्क मार्ग होगा चौड़ा: श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने ‘संपर्क मार्ग’ को और अधिक चौड़ा व मजबूत बनाने के कड़े निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सड़क की गुणवत्ता ऐसी हो कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो. बेहतर कनेक्टिविटी से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी.

पर्यटन हब के रूप में होगा विकास: बाबा नीम करौरी की ख्याति को देखते हुए अकबरपुर को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है. जिलाधिकारी ने कहा कि इस स्थल की धार्मिक महत्ता को ध्यान में रखते हुए यहां पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी.

समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश: जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य तय समयसीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं. उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सरकार की इस पहल से अकबरपुर गांव को नई पहचान मिलने की उम्मीद है. धार्मिक आस्था और आधुनिक विकास के समन्वय से यह स्थल न केवल प्रदेश, बल्कि देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए एक प्रमुख आकर्षण केंद्र बन सकता है.



बाबा नीम करौरी पर एक नजर: फिरोजाबाद के वरिष्ठ पत्रकार द्विजेंद्र मोहन शर्मा के मुताबिक, बाबा नीम करौली फिरोजाबाद जिले की टूंडला तहसील के गांव अकबरपुर के रहने वाले थे. उनका असली नाम लक्ष्मी नारायण शर्मा था. उनका जन्म सन् 1900 में हुआ था. यहां आज भी उनका पैतृक मकान मौजूद है. गांव में उनका मंदिर है, जिसका विकास यूपी के पर्यटन विभाग की ओर से कराया जा रहा है.