ETV Bharat / state

'हिस्ट्रीशीटर रमीज कैसे लालू यादव के घर में रह रहा..' रोहिणी आचार्य के आरोपों पर JDU का बड़ा बयान

रोहिणी आचार्य का गला बैठा हुआ था, वह भावुक थीं. मारने के लिए चप्पल उठाने के आरोपों के बाद एनडीए ने आरजेडी पर हमला किया.

ROHINI ACHARYA CONTROVERSY
रोहिणी आचार्य के साथ तेजस्वी की तस्वीर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : November 17, 2025 at 2:31 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने अपने ही परिवार पर गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद से सियासी पारा गरम हो गया है. सत्ता पक्ष को बैठे-बिठाए एक और बड़ा मुद्दा मिल गया है. रोहिणी के आरोपों के बाद परिवार से अलग होकर अपनी पार्टी बनाकर चुनाव लड़ने वाले तेज प्रताप यादव ने भी एनडीए को अपना नैतिक समर्थन दे डाला. वहीं एनडीए की ओर से लगातार तेजस्वी यादव को निशाना बनाया जा रहा है. JDU ने तो रमीज को हिस्ट्रीशीटर तक करार दिया है.

'पहले बड़े भाई को अब बहन को निकाला': केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के बयान पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, "राजनीति अलग होती है लेकिन मानवीय दृष्टिकोण से मुझे यह दुखद लगता है. बहनों को विशेष तरजीह दी जाती है लेकिन तेजस्वी यादव ने किस अभिमान में ऐसा किया, यह जांच का विषय है.

"बिहार की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी. व्यक्तिगत रूप से, हम इस घटना से बहुत दुखी हैं. तेजस्वी ने सबसे पहले बड़े भाई को घर से निकलवाया. अब बहन को निकाल दिया. उस बहन को जिसने पिता को किडनी दी, कहता है गंदा किडनी दे दिया. मैं इस प्रकरण से बहुत दुखी हूं."- जीतन राम मांझी, केंद्रीय मंत्री

'लालू-राबड़ी लेंगे संज्ञान'- दिलीप जायसवाल: बिहार भाजपा प्रमुख दिलीप जायसवाल ने कहा, "यह लालू यादव के परिवार का मामला है. रोहिणी आचार्य ने अपनी किडनी देकर लालू यादव की जान बचाई थी. अगर उस परिवार में रोहिणी आचार्य का सम्मान नहीं किया जाता है, तो लालू यादव और राबड़ी देवी निश्चित रूप से इसका संज्ञान लेंगे और हमें नहीं लगता कि वे इसे बर्दाश्त करेंगे.

"तेजस्वी यादव की पहचान ही लालू यादव के बेटे के रूप में है. अगर लालू यादव असहाय हो गए, तो इस परिवार के लिए इससे बुरा दिन कोई नहीं होगा."- दिलीप जायसवाल, बिहार भाजपा प्रमुख

'रोहिणी बिहार की बेटी'- JDU: जेडीयू नेता नीरज कुमार ने कहा, "ये लालू यादव के परिवार का आंतरिक मामला है, लेकिन ये परिवारवाद की राजनीति का विभत्स रूप रहा है. रोहिणी सिर्फ लालू यादव की बेटी नहीं, बल्कि RJD परिवार और बिहार की बेटी है. एक हिस्ट्रीशीटर को कैसे राजनीति में शरण दिया गया है? मां (राबड़ी) के मन में कितनी पीड़ा हो रही होगी कि उनकी बेटी को जलील किया जा रहा है.

"अगर उस कन्या की आंखों में दर्द दिख रहा है, लालू यादव और राबड़ी देवी बेबस हो गए हैं. सवाल ये है कि ये रमीज़ कौन है? वो हिस्ट्रीशीटर है, लालू यादव के घर में कैसे रह रहा है?. 10-11 आपराधिक मामलों वाला व्यक्ति RJD का चुनावी प्रबंधक है?"- नीरज कुमार, जेडीयू नेता

अशोक चौधरी का बयान: जेडीयू नेता अशोक चौधरी ने रोहिणी आचार्य को लेकर बयान देते हुए घटना की निंदा की है. उन्होंने कहा कि " यह दुखद है, यह दर्दनाक है जब किसी का परिवार टूटता है. कोई भी इससे खुश नहीं है."

NDA को तेज प्रताप का नैतिक समर्थन: वहीं बहन रोहिणी आचार्य के साथ जो हुआ उसको लेकर तेज प्रताप यादव ने अपना गुस्सा जाहिर किया है, जिसका फायदा एनडीए को हो गया. रविवार को तेज प्रताप के आवास पर समीक्षा बैठक हुई. इश बैठक में चुनाव में मिली करारी हार पर मंथन किया गया. बैठक के बाद जेजेडी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम यादव ने कहा कि पार्टी ने एनडीए को नैतिक समर्थन देने का फैसला किया है. बैठक में कहा कि रोहिणी के साथ जो हुआ, उसका बदला लेंगे. आरजेडी अब संजय यादव की पार्टी हो गई है. तेजस्वी की पार्टी भी नहीं रही.

क्या है पूरी कहानी?: लालू परिवार में 15 नवंबर को उस वक्त खलबली मच गई जब रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट करते हुए लिखा कि मैं राजनीति छोड़ रही हूं और अपने परिवार से नाता तोड़ रही हूं. साथ ही उन्होंने संजय यादव और रमीज़ को इसके पीछे जिम्मेदार बताया. मामला उस वक्त और तूल पकड़ गया जब 16 नवंबर को रोहिणी आचार्य मीडिया के सामने आई और अपने भाई तेजस्वी यादव पर गंभीर आरोप लगाए और मारने के लिए चप्पल उठाने का आरोप भी लगाया.

रोहिणी का छलका दर्द: मीडिया से बात करते हुए रोहिणी आचार्य ने कहा कि पिताजी मेरे साथ हमेशा रहे हैं. भगवान ने मुझे यह सौभाग्य दिया कि मुझे ऐसे माता-पिता मिले. जिस घर में भाई हो तो उस घर में भाइयों का भी योगदान होना चाहिए. क्या सभी योगदान बेटियों को देना होता है? मैंने सिर्फ अपने भाई को अपने घर से निकाला है. मेरे माता-पिता और बहने मेरे साथ हैं.

रोहिणी आचार्य ने बताया कि एक बेटी, एक बहन, एक शादीशुदा महिला, एक मां को जलील किया गया, गंदी गालियां दी गयीं, मारने के लिए चप्पल उठाया गया. मैंने अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया, सच का समर्पण नहीं किया, सिर्फ और सिर्फ इस वजह से मुझे बेइज्जती झेलनी पड़ी. एक बेटी मजबूरी में अपने रोते हुए मां- बाप बहनों को छोड़ आयी. मुझसे मेरा मायका छुड़वाया गया. मुझे अनाथ बना दिया गया.

"चप्पल चलाने की बात सही है. रोहिणी जो बोलती है सही बोलती है. ये बात तेजस्वी यादव, रेचल यादव, संजय यादव और रमीज से पूछिए. जिस घर में भाई हो, वहां भाई का ही योगदान होना चाहिए. बेटी ससुराल पूछे तो बोल दिया जाता है कि ससुराल जाओ. मैं अपने ससुराल जा रही हूं. मेरी सास भी रो रही है, उनको मेरी चिंता हो रही है."- रोहिणी आचार्य, लालू की बेटी

ये भी पढ़ें

लालू परिवार में बढ़ा आंतरिक कलह, रोहिणी आचार्य के बाद रागिनी, चंदा और राजलक्ष्मी भी हुईं रवाना

तेजस्वी यादव पर बरसीं रोहिणी आचार्य, परिवार से निकलवाने का लगाया आरोप, चुनाव में हार के लिए ठहराया जिम्मेदार

'तेजस्वी ने मुझे उपाध्यक्ष से हटाया, लालू यादव धृतराष्ट्र की तरह..' शिवानंद तिवारी ने खोला मोर्चा