ETV Bharat / state

नारायणपुर और सुकमा से हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा बरामद, एरिया डोमिनेशन के दौरान मिली सफलता

नारायणपुर के अदनार जंगल से 10 रायफल और जिंदा बीजीएल सेल मिले तो सुकमा से विस्फोटकों का जखीरा बरामद हुआ.

NAXAL DUMP RECOVERED IN NARAYANPUR
नारायणपुर का अदनार जंगल (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : August 30, 2026 at 11:41 AM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

नारायणपुर/सुकमा: अदनार के जंगल में चलाए जा रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान जवानों को बड़ी सफलता हाथ लगी. जवानों ने जमीन में गाड़कर छिपाए गए हथियारों का जखीरा बरामद किया. हथियारों के जखीरे में गोला बारूद के साथ-साथ विस्फोटक भी मिला है. सुकमा में भी सरेंडर माओवादियों की सूचना पर जवानों ने विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया.

नक्सलियों का हथियार और गोला बारूद बरामद

बरामद विस्फोटकों को घने जंगलों के बीच प्लास्टिक से कवर कर रखा गया था. जवानों की टीम जब एरिया डोमिनेशन पर निकली तो उनको जमीन के नीचे कुछ छिपाए जाने का शक हुआ. जवानों ने तत्काल मौके पर सावधानी के साथ खुदाई शुरू की. खुदाई को दौरान जवानों को एक बड़ा नक्सली डंप मिला.

NAXAL DUMP RECOVERED IN NARAYANPUR
नारायणपुर का अदनार जंगल (ETV Bharat)

बरामद किए गए हथियार

  • 10 रायफल
  • 2 ग्रेनेड लॉन्चर
  • 13 जिंदा BGL शेल
  • 16 जिंदा कारतूस
  • 2 किलोग्राम विस्फोटक
  • 1 टेलिस्कोपिक साइट

पुलिस और बीएसएफ जवानों का ज्वाइंट ऑपरेशन

बरामद किए गए हथियारों और विस्फोटकों को सुरक्षाबलों ने अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है. यह अभियान नारायणपुर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल और 129वीं वाहिनी BSF के कमांडेंट मुकेश कुमार के निर्देशन में चलाया गया. अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) अक्षय सबद्रा भी शामिल रहे. फोर्स ने बताया कि नारायणपुर जिले के अंदरूनी इलाकों में पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय के साथ लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है. इन अभियानों का उद्देश्य जंगलों में पूर्व में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री के डंप का पता लगाना है.

नक्सल डंप की तलाश में फोर्स खंगाल रही जंगल

नक्सल गतिविधियों के खिलाफ अभियान में महत्वपूर्ण सफलता मिलने के बावजूद सुरक्षा बल जंगलों में किसी भी तरह के पुराने हथियार डंप और विस्फोटक सामग्री को लेकर सतर्क है. नक्सलियों द्वारा लंबे समय से जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में छिपाकर रखे गए हथियारों और अन्य सामग्रियों की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. सुरक्षा बलों का मानना है कि पुराने डंप की बरामदगी से क्षेत्र में मौजूद नक्सली गतिविधियों के अवशेषों को समाप्त करने में मदद मिलेगी. साथ ही जंगलों में छिपे हथियार और विस्फोटक भविष्य में किसी संभावित खतरे का कारण न बनें, इसके लिए सर्चिंग अभियान को लगातार जारी रखा जा रहा है.

सुकमा के बेलपोच्चों से मिला विस्फोटकों का जखीरा

आज सुबह 11 बजे सर्चिंग पर निकले जवानों की टीम ने कोंटा थाना इलाके के बेलपोच्चो से गोमपाड़ जाने वाले रास्ते में, जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए विस्फोटक को बरामद किया. बरामद किए गए विस्फोटकों में 2 टिफिन बम और भारी मात्रा में विस्फोटक शामिल हैं. सरेंडर माओवादियों की सूचना पर पुलिस ने एरिया डोमिनेशन के दौरान ये बरामदगी की. अभियान में जिला पुलिस बल, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स की टीम शामिल रही.

NAXAL DUMP RECOVERED
सुकमा में मिला विस्फोटकों का जखीरा (ETV Bharat)

आत्मसमर्पित माओवादियों से मिले इनपुट के आधार पर आज बेलपोच्चो-गोमपाड़ के घने जंगलों में सर्चिंग अभियान चलाया गया. सर्चिंग के दौरान 2 टिफिन बम सहित की विस्फोटक सामग्री बरामद की गई. नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी है: मयंक गुर्जर, एसपी, सुकमा

बेलपोच्चों से बरामद हुए विस्फोटकों की जानकारी

  • तीन किलोग्राम का 1 टिफिन बम
  • 5 किलोग्राम का 1 टिफिन बम
  • 4 बंडल कोडेक्स वायर
  • 10 डेटोनेटर
  • 17 जिलेटिन
  • 1 बंडल फ्यूज वायर
  • विस्फोटकों को सक्रिय करने वाले सामान

सर्चिंग अभियान आगे भी रहेगा जारी: SP

बताया जा रहा है कि लंबे वक्त से इन विस्फोटकों को जमीन के नीचे दबाकर रखा गया था. इलाके में जवानों के द्वारा लगातार सर्चिंग अभियान को चलाकर इलाके को विस्फोटकों से मुक्त किया जा रहा है. पूर्व में नक्सलियों के द्वारा लगाए गए आईईडी को भी खोजने का अभियान लगातार जारी है.

पूर्व में बरामद किए गए नक्सली डंप

18 अगस्त 2026: चिंतलनार तलाशी अभियान के दौरान BDS टीम 25 जिलेटिन स्टिक, 2 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 16 BGL हेड, 25 डेटोनेटर केस, कॉर्डेक्स वायर, BGL प्लंजर, फ्लेक्सिबल वायर, बैटरी कनेक्टर सहित बड़ी मात्रा में अन्य सामग्री बरामद की.

15 जुलाई 2026: कांकेर नारायणपुर सीमा से लगे जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में छिपाए गए नक्सली डंप से हथियार, विस्फोटक और बड़ी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की गई. बरामद टिफिन IED, पाइप बम और बीजीएल सेल को बीडीएस टीम ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया.

12 जुलाई 2026: कांकेर में एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान बीडीएस, डीआरजी और बीएसएफ की ज्वाइंट टीम ने बड़ा नक्सली डंप बरामद किया. माओवादियों ने हथियार लैपटॉप और टैबलेट को घने जंगल के बीच जमीन में गाड़कर रखा था.

13 मई 2026: बीजापुर में सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में नकदी, हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की.

30 मार्च 2026: मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी के मदनवाड़ा थाना क्षेत्र के घने जंगलों से नक्सलियों का बड़ा हथियारों का डंप बरामद किया गया.

26 फरवरी 2026: नारायणपुर में सुरक्षाबलों ने ग्राम कुमुराडी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से नक्सलियों का बड़ा डम्प बरामद किया. बरामद सामग्री में भारी मात्रा में विस्फोटक, इम्प्रोवाइज्ड हथियार, रॉकेट लॉन्चर सेल, मोर्टार सेल और मेडिकल सामग्री शामिल था.

बीजापुर में नक्सल डंप के साथ एक माओवादी गिरफ्तार, विस्फोटकों का जखीरा मिला

कांकेर में नक्सलियों की साजिश फेल, दो टिफिन बम और 40 डेटोनेटर बरामद

कांकेर के मोरखंडी जंगल में मिला नक्सल डंप, हथियार सहित अन्य सामग्री बरामद