नौगई हत्याकांड: करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत पहुंचे मनेंद्रगढ़, सरकार और शासन पर साधा निशाना
करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो वो प्रेदशव्यापी आंदोलन करेंगे.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 30, 2026 at 9:39 AM IST
एमसीबी: 16 जून, दिन मंगलवार को रेत खनन में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर बीजेपी नेता की जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई थी. नौगई में हुए तिहरे हत्याकांड के बाद से लगातार सियासत जारी है. विपक्ष के बाद अब करणी सेना ने भी पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान कर दिया है. सोमवार को करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत मनेन्द्रगढ़ पहुंचे. राज शेखावत ने नौगई में हुए तिहरे हत्याकांड को लेकर सरकार और प्रशासन पर सवाल खड़े किए.
बीजेपी नेता को जिंदा जलाने का केस
करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर घटना के बाद भी पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिल पाया है और कार्रवाई अपेक्षित स्तर पर नहीं हुई है. डॉ. राज शेखावत ने कहा कि 16 जून की रात कार में आग लगाए जाने की घटना में 3 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे. करणी सेना ने कहा कि इस हृदयविदारक घटना में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके.
पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए. पुलिस प्रशासन अगर ठोस कार्रवाई नहीं करती है तो हम बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे: डॉ. राज शेखावत, राष्ट्रीय अध्यक्ष, करणी सेना
करणी सेना ने दी चेतावनी
करणी सेना ने आरोप लगाया कि प्रशासन की कार्रवाई से ऐसा लग रहा है कि आरोपियों को संरक्षण देने का प्रयास किया जा रहा है. करणी सेना ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए. करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि संगठन पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा. शेखावत ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो करणी सेना प्रदेश स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी.
करणी सेना ने बताया कि जल्द ही घटना स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल होकर मृतकों को श्रद्धांजलि देंगे और न्याय की मांग को लेकर आवाज बुलंद करेंगे. डॉ. राज शेखावत ने कहा कि प्रशासन को पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाना चाहिए. उन्होंने कहा कि करणी सेना इस पूरे मामले में लगातार आवाज उठाती रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करती रहेगी.
बीजेपी नेता को जिंदा जलाने का केस, मरने वालों की संख्या बढ़ी, आईजी ने दिए जांच के आदेश
कोरिया रेत विवाद और मर्डर के बाद हरकत में प्रशासन, खनिज विभाग का ऑपरेशन तेज

