ETV Bharat / state

वाराणसी में चार जनवरी से नेशनल बॉलीबॉल टूर्नामेंट; सिगरा स्टेडियम में देशभर से 1200 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, 41 साल से चैंपियनशिप का था इंतजार

प्रतियोगिता का वर्चुअल उद्घाटन पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्टेडियम में मौजूद रहेंगे. खिलाड़ियों के लिए 500 कमरे बुक किए गए हैं.

चार जनवरी से शुरू होगा वॉलीबॉल खेल का महाकुंभ.
चार जनवरी से शुरू होगा वॉलीबॉल खेल का महाकुंभ. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 2, 2026 at 9:03 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

वाराणसी : 2023 में पीएम मोदी ने खेलो इंडिया के तहत बनारस को एक बड़ी सौगात दी थी. लगभग 600 करोड़ रुपए से डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम का रिनोवेशन किया गया. अब पूर्वांचल के खेल इतिहास में नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. 4 से 11 जनवरी तक डॉ. सम्पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा में नेशनल वॉलीबॉल टूर्नामेंट का बड़ा आयोजन होने जा रहा है. इसमें 31 राज्यों के 1200 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. जिसमें 28 महिला टीम और 30 पुरुषों की टीम शामिल है.

1984 में कानपुर में पहली बार यूपी ने नेशनल वॉलीबॉल टूर्नामेंट का प्रतिनिधित्व किया था. तब से पूर्वांचल में इस टूर्नामेंट का इंतजार था. यह काशी के इतिहास में पहली बार है जब इस स्तर की राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है. इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता का वर्चुअल उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे.

31 राज्यों के 1200 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. (Video Credit; ETV Bharat)

पूर्वांचल के खिलाड़ियों को नहीं मिलती थी नेशनल में जगह : जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह ने बताया, यूपी में 1984 के बाद ऐसा नेशनल लेवल का वॉलीबॉल टूर्नामेंट कभी नहीं हुआ. पूर्वांचल को तो हमेशा से वॉलीबॉल का हब कहा जाता है, लेकिन खिलाड़ी यहां से स्टेट लेवल तक ही पहुंच पाते थे. नेशनल टीम में उन्हें जगह नहीं मिलती थी, क्योंकि उनके पास इंडोर हाल जैसा स्टेडियम नहीं था.

अभिमन्यु सिंह ने बताया, वॉलीबॉल की प्रैक्टिस इंडोर हाल में ही की जाती है. कुछ गेम आउटडोर हो सकते हैं, लेकिन नेशनल नियमों के मुताबिक यह इंडोर गेम है. ऐसी स्थिति में बनारस के लिए यह बड़ी बात है कि 2023 में डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में इंडोर कैंपस की सौगात मिली और दो साल बाद वॉलीबॉल का पहला नेशनल टूर्नामेंट पूर्वांचल में होने जा रहा है.

Photo Credit; ETV Bharat
पूर्वांचल के खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका. (Photo Credit; ETV Bharat)

वॉलीबॉल खिलाड़ियों के लिए बहुत बड़ा मौका : उन्होंने बताया, यूपी में यह दूसरा मौका होगा जब यह टूर्नामेंट नेशनल लेवल पर खेला जाएगा. इसका सबसे बड़ा लाभ पूर्वांचल के उन खिलाड़ियों को मिलेगा जो ऐसे नेशनल टूर्नामेंट का इंतजार कर रहे थे. यह टूर्नामेंट वॉलीबॉल खिलाड़ियों के लिए बहुत बड़ा मौका है. यहां पर टीम खेलेंगी तो इन्हीं टीमों में जीतने वाली टीमों के खिलाड़ियों को अलग-अलग टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिलेगा. इसके बाद जो 12 खिलाड़ी चयनित होंगे. नेशनल के लिए भी अलग-अलग स्टेट से चुना जाएगा.

आयोजन समिति के अध्यक्ष महापौर अशोक तिवारी ने बताया, सभी मैच डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सिगरा में आउटडोर और इंडोर हाल में खेले जाएंगे. दूसरे टफलेक्स कोर्ट का सामान उत्तराखंड से पहुंच गया है. इससे पहले राजस्थान से टफलेक्स कोर्ट का सामान आया था. उत्तर प्रदेश में पहली बार किसी वॉलीबॉल प्रतियोगिता में दो टफलेक्स कोर्ट पर मैच खेले जाएंगे. चैंपियनशिप के लिए स्विट्जरलैंड से अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल महासंघ के तीन आब्जर्वर भी आ रहे हैं.

यूपी की टीमें अंतिम चार तक पहुंचेंगी : आयोजन सचिव सर्वेश पांडेय ने बताया, डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सिगरा में हेल्प डेस्क ने काम करना शुरू कर दिया है. जल्द ही काफी टीमें वाराणसी पहुंच जाएंगी. उत्तर प्रदेश की महिला और पुरुष टीम घोषित कर दी गई है. लोगों को उम्मीद है कि यूपी की टीमें अंतिम चार तक पहुंच जाएंगी. पुरुष टीम के कोच डॉ. अमर और महिला टीम की कोच पूजा यादव हैं. दोनों कोचों का कहना है कि हम हर मैच में अलग-अलग रणनीति के साथ कोर्ट पर उतरेंगे. हम चैंपियनशिप में उलट फेर भी कर सकते हैं.

मेयर अशोक कुमार तिवारी ने बताया, 72वीं राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में निरंजन कुमार राय को उत्तर प्रदेश पुरुष टीम का मैनेजर नियुक्त किया गया है. बलिया के रहने वाले निरंजन कुमार राष्ट्रीय पदक प्राप्त खिलाड़ी हैं. उत्तर प्रदेश की सीनियर टीम प्रतियोगिता में राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग लिया है. इस पूरे आयोजन के लिए हम तैयार हैं. अब तक लगभग 500 कमरे शहर के अलग-अलग होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशाला में बुक किए गए हैं. महिला टीम को स्टेडियम के 100 मीटर के दायरे में ही अलग-अलग होटल और धर्मशालाओं में रोका जा रहा है, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ी प्रैक्टिस में जुटे हैं.
टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ी प्रैक्टिस में जुटे हैं. (Photo Credit; ETV Bharat)

खिलाड़ियों को लिए की गई व्यवस्था : कुछ महिला खिलाड़ियों को स्टेडियम के ही हॉस्टल में रोका जा रहा है. पुरुष खिलाड़ियों के लिए भी अलग-अलग होटल बुक किए गए हैं. उनके लिए बसेस लगाई जाएंगी, जो खिलाड़ियों को स्टेडियम तक लेकर आएंगी. यह पूरा आयोजन 11 जनवरी तक चलेगा. जिसमें प्रतिदिन 2000 लोगों के खाने का प्रबंध किया गया है. जिसमें अलग-अलग राज्यों के खिलाड़ियों को उनके मुताबिक भी भोजन दिया जाएगा.

मेयर ने बताया, आयोजन बहुत महत्वपूर्ण और बड़ा है. इसका प्रभाव अभी तो नहीं लेकिन आने वाले पांच सालों के अंदर पूर्वांचल सहित यूपी के वॉलीबॉल खेल पर पड़ेगा. प्रतिभावान खिलाड़ी ऐसे टूर्नामेंट के जरिए निकल कर सामने आएंगे. इस टूर्नामेंट में यूपी की तरफ से खेलने वाले खिलाड़ियों का कहना है कि यह हमारे लिए बहुत बड़ा मौका है. हम इसे गवाना नहीं चाहते. इससे आने वाले समय में बहुत बड़ा लाभ मिलेगा. खासतौर पर पूर्वांचल के युवा खिलाड़ियों को.

यह भी पढ़ें : लखनऊ के रूमी गेट के पास कोबाल्ट रोड पर चलना मुश्किल, इटली की तर्ज पर सपा सरकार में बनी थी, शिकायत पर मिला जवाब- जांच हो रही