ETV Bharat / state

नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप: महिला वर्ग में केरल-हरियाणा और पुरुष में रेलवे-सर्विसेज सेमीफाइनल में

72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप के छठे दिन कई रोचक मुकाबले हुए, यूपी की टीम को मिली हार.

नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप
नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 10, 2026 at 8:47 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

वाराणसी: डॉ संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में (सिगरा) में आयोजित 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप के छठे दिन (शुक्रवार) क्वार्टर फाइनल मुकाबलें खेले गए. महिला वर्ग में केरल व हरियाणा तथा पुरुष वर्ग में रेलवे और सर्विसेज की टीमों ने अपने प्रतिद्वंदियों को शिकस्त देकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया है.


केरल ने यूपी को हराया: महिला वर्ग के पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में केरला की टीम ने उत्तर प्रदेश को सीधे सेटों में 3-0 (25-10, 25-20, 25-18) से हराकर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. पूरे मैच के दौरान केरला की खिलाड़ियों ने गजब का तालमेल और आक्रामकता दिखाई. मैच के दौरान ​केरला की रणनीति में फ्रंट रो और बैक रो के खिलाड़ियों के बीच शानदार सामंजस्य देखने को मिला. नेट पर अन्ना और अनुश्री ने उत्तर प्रदेश के आक्रमण को ब्लॉक करने में अहम भूमिका निभाई. वहीं, अनुभवी सेटर नीतू ने अपनी कलात्मकता से अटैकर के लिए शानदार गेंदें सेट कीं, जिससे यूपी का डिफेंस पूरी तरह लड़खड़ा गया. बैक रो में अनघा ने आउटसाइड हिटर' के रूप में अपनी ताकत दिखाई और टीम के लिए महत्वपूर्ण अंक जुटाए. अन्न. वी ने बतौर ऑल-राउंडर और भूमिका ने डिफेंस में टीम को मजबूती प्रदान की.

हरियाणा ने सेमीफाइनल में किया प्रवेश: ​वहीं, राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप के महिला वर्ग में हरियाणा की टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए पश्चिम बंगाल को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है. हरियाणा की खिलाड़ियों ने खेल के तीनों सेटों में अपना दबदबा बनाए रखा और बंगाल की टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया. हरियाणा ने यह मैच 25-16, 25-22 और 25-19 के अंतर से अपने नाम किया. हालांकि दूसरे सेट में पश्चिम बंगाल ने कड़ी टक्कर देने की कोशिश की, लेकिन हरियाणा के डिफेंस और सटीक स्मैश के आगे उनकी रणनीति सफल नहीं हो सकी. ​​हरियाणा की जीत में टीम के सामंजस्य और आक्रामक खेल की मुख्य भूमिका रही. ज्योति और स्वाति ने नेट पर बेहतरीन ब्लॉक और सटीक सर्विस से टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई.

जबरदस्त रोमांच: ​वहीं, पुरुष वर्ग के पहले क्वार्टर फाइनल में वॉलीबॉल का जबरदस्त रोमांच देखने को मिला, जहां इंडियन रेलवे ने हरियाणा की कड़ी चुनौती को 3-1 (25-20, 25-17, 22-25, 25-23) से पार करते हुए सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया. ​मैच की शुरुआत से ही रेलवे के स्टार खिलाड़ी अंगामुथु ने अपनी कप्तानी पारी और दमदार स्मैश से कोर्ट पर अपना दबदबा कायम कर लिया. उनका साथ निभाते हुए समीर चौधरी ने सटीक सर्विस और रोहित कुमार ने नेट पर शानदार ब्लॉकिंग का प्रदर्शन कर हरियाणा के हमलावरों को काफी परेशान किया. वहीं, रक्षापंक्ति में लिबरो रामनाथन आर ने अपनी फुर्ती से नामुमकिन गेंदों को उठाकर रेलवे के लिए जवाबी हमले के रास्ते खोले. संजय मलिक और तनिष्क चौधरी ने बीच-बीच में बेहतरीन ड्रॉप शॉट्स खेलकर अंक तालिका को चलायमान रखा.

सर्विसेज ने राजस्थान को 3-0 से दी करारी शिकस्त: ​पुरुष वर्ग में​ सर्विसेज ने अपना दबदबा कायम रखते हुए राजस्थान को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया है. पूरे मैच के दौरान सर्विसेज के खिलाड़ियों ने गजब का तालमेल और आक्रामक खेल दिखाया. हालांकि तीसरे सेट में राजस्थान ने वापसी की भरपूर कोशिश की, लेकिन सर्विसेज की रणनीतिक बढ़त के आगे वे सफल नहीं हो सके. ​सर्विसेज की इस जीत में विक्रम ने मुख्य अटैकर की भूमिका निभाते हुए स्कोरबोर्ड को तेजी से आगे बढ़ाया. शिखर एस. ने नेट पर अपनी फुर्ती से सबको चौंकाया, जबकि शमीमुद्दीन ने डिफेंस और अटैक के बीच बेहतरीन संतुलन बनाए रखा.

आज सेमीफाइनल के चार बड़े मुकाबले

  • ​महिला वर्ग
  1. ​दोपहर 12:00 बजे: केरला बनाम हरियाणा
  2. ​दोपहर 02:00 बजे: राजस्थान बनाम रेलवे
  • पुरुष वर्ग
  1. ​शाम 04:00 बजे: रेलवे बनाम सर्विसेज
  2. ​शाम 06:00 बजे: पंजाब बनाम केरला

यह भी पढ़ें: वॉलीबॉल चैंपियनशिप: UP की बेटियों ने क्वार्टर-फाइनल में किया प्रवेश, पुरुष टीम को रेलवे ने हराया

यह भी पढ़ें: नेशनल वॉलीबॉल टूर्नामेंट से चुने जाएंगे इंडियन टीम के खिलाड़ी; पूर्व कप्तान बोले- PM मोदी ने INDIA के खेलों को बढ़ाया