ETV Bharat / state

राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी विवाद, सांसद बृजमोहन अग्रवाल पहुंचे छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने उन्हें भारत स्काउट गाइड की राज्य परिषद के अध्यक्ष पद से हटाने को असंवैधानिक बताया है.

ROVER RANGER JAMBOREE CONTROVERSY
राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी विवाद (ETV Bharat Chhattisgarh)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : January 8, 2026 at 9:34 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ में नौ से 13 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी पर विवाद गहरा गया है. सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने खुद को भारत स्काउट गाइड की राज्य परिषद का अध्यक्ष बताते हुए आयोजन को स्थगित करने की घोषणा कर दी है. इसके साथ ही उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की है.

बृजमोहन अग्रवाल ने हाईकोर्ट में दायर की याचिका

दायर याचिका में कहा गया है कि उनको इस पद से हटाने का प्रस्ताव असंवैधानिक है. ना तो उन्हें इस बारे में कोई सूचना दी गई और ना ही कोई सुनवाई का मौका दिया गया है. बृजमोहन ने आरोप लगाया कि पूरी कार्रवाई एकतरफा तरीके से की जा रही है. याचिका पर सुनवाई जल्द होने की बात कही जा रही है. याचिका में यह भी कहा गया है कि उन्होंने सांसद और परिषद के वैधानिक अध्यक्ष की हैसियत से 5 जनवरी को जंबूरी की बैठक भी ली थी.

स्काउट गाइड के अध्यक्ष पद की दावेदारी को लेकर टकराव

पूरे प्रकरण में बड़ी चुनौती के रूप में सांसद बृजमोहन अग्रवाल और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बीच स्काउट गाइड के अध्यक्ष पद की दावेदारी मुख्य है. दोनों अध्यक्ष होने का दावा कर रहे हैं. बृजमोहन का दावा है कि 10 करोड़ की वित्तीय अनियमितता के कारण आयोजन को रद कर दिया गया है. इस आयोजन को नवा रायपुर में होना था, परंतु गलत तरीके से बालोद में व्यवस्था की गई है. अपनी याचिका में बृजमोहन अग्रवाल ने कहा है कि स्काउट गाइड के अध्यक्ष पद पर वे लगातार काम करते आ रहे हैं. इसके बाद भी उन्हें बिना जानकारी दिए आयोजन किए जा रहे हैं और जगह बदला जा रहा है. पद से हटाने का प्रस्ताव भी लाया गया है.

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के पत्र से शुरू हुआ विवाद

दरअसल विवाद की शुरुआत उस आदेश से मानी जा रही है, जो 13 दिसंबर 2025 की तारीख में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के खेमे से मीडिया को भेजा गया, जिसमें उन्हें स्काउट्स एंड गाइड का पदेन अध्यक्ष मनोनीत बताया गया. इसके बाद आयोजन के अधिकार, जिम्मेदारी और फैसलों को लेकर अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई. राज्य सरकार की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि 9 से 13 जनवरी 2026 तक दुधली, जिला बालोद में राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगी.

स्काउट गाइड परिषद मुख्य आयुक्त का बयान

छत्तीसगढ़ स्काउट गाइड परिषद मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने बुधवार को इस मामले में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने बताया कि बालोद में होने वाले राष्ट्रीय स्काउट-गाइड जंबूरी आयोजन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. यह भव्य आयोजन 9 जनवरी से 13 जनवरी तक चलेगा, जिसका उदघाटन राज्यपाल करेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन में किसी प्रकार की अनियमितता नहीं हुई है. सभी काम नियमपूर्वक और जेम पोर्टल के माध्यम से किए जा रहे हैं. इंद्रजीत ने कहा कि टेंडर घोटाले के आरोप बेबुनियाद हैं, सभी दस्तावेज पूरी तरह पारदर्शी हैं.

बालोद में राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी की तैयारियां अंतिम चरण में, देश विदेश से पहुंचे प्रतिभागी
नेशनल जंबूरी आयोजन में कोई गड़बड़ी नहीं, परिषद के अध्यक्ष हैं शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव: इंद्रजीत सिंह खालसा
राजस्व विभाग में बंपर वैकेंसी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार से लेकर क्लर्क तक होगी 4230 नियुक्ति