राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह में दुर्ग पुलिस का एक्शन, स्कूली बसों की हुई जांच
सड़क सुरक्षा माह के दौरान स्टील सिटी दुर्ग भिलाई में स्कूल बसों की जांच की गई

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 11, 2026 at 5:49 PM IST
दुर्ग: पूरे छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है. इस दौरान दुर्ग में ट्रैफिक पुलिस विभाग ने बड़ा एक्शन लिया है. जिले में 244 स्कूल बसों की जांच की गई है. यह सभी स्कूली बसें कुल 20 स्कूलों के हैं. दुर्ग भिलाई के सेक्टर 6 में यह चेकिंग अभियान चलाया गया.
स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना मकसद
दुर्ग ट्रैफिक पुलिस ने इस कार्रवाई से यह स्पष्ट कर दिया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का खिलवाड़ नहीं किया जाएगा. जांच की यह पूरी प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के तहत पूरी की गई है. जिससे स्कूली बच्चों की सुरक्षा तय हो सके.
स्कूल बसों की जांच की प्रक्रिया समझिए
दुर्ग भिलाई की ट्रैफिक पुलिस की तरफ से स्कूली बसों की जांच प्रक्रिया में कई मापदंडों को अपनाया गया है. इसमें बसों के परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा दस्तावेज, ड्राइवर का वैध ड्राइविंग लाइसेंस और कंडक्टर की उपस्थिति की जांच की गई. बस में सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए हैं इसकी भी जांच की गई.

सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का रखा गया ध्यान
स्कूली बसों की जांच में सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का ध्यान रखा गया. स्कूली बसों में जीपीएस सिस्टम और स्पीड गवर्नर की जांच की गई. इसके अलावा बस में आपात स्थिति से निपटने के लिए क्या इंतजाम किए गए हैं इसको भी बारीक से जांचा परखा गया. कई बसों में कुछ कमियां पाई गईं, जिन्हें तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए. सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले बसों के मालिक के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई.
स्कूली बच्चों की जान से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा. बच्चों को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए दुर्ग पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है. अनेक स्कूल प्रबंधन ऐसे जांच के मौके पर अपनी फिट बसों को भेजकर खानापूर्ति करते हैं. इसलिए इस बार सभी स्कूलों से बसों की सूची मंगाकर क्रॉस चेकिंग की जा रही है- ऋचा मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, दुर्ग ट्रैफिक पुलिस

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आज स्कूली बसों की जांच की गई. इस दौरान जिन बसों में खामियां मिली है, उन पर चालानी कार्रवाई कर उसके संचालकों को सुधार का निर्देश दिया गया है. अगर भविष्य में खामियों को सुधारा नहीं जाता है तो परमिट को रद्द किया जाएगा- सनत कुमार जांगड़े, टीआई, दुर्ग ट्रैफिक पुलिस
एएसपी ऋचा मिश्रा ने बताया कि दुर्ग ट्रैफिक पुलिस का यह चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा. जिससे स्कूली बच्चों के जीवन से किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो सके.

