राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026, बलरामपुर के दुर्गम अंचल क्षेत्र में यातायात जागरुकता कार्यक्रम
बलरामपुर जिले के दुर्गम अंचल क्षेत्र पुंदाग में ग्रामीणों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 1, 2026 at 6:40 PM IST
बलरामपुर: 37वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह (National Road Safety Month) एक जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक मनाया जा रहा है. बलरामपुर जिले के दूरस्थ पहुंच विहीन माने जाने वाले चुनचुना पुंदाग क्षेत्र में भी नये साल के पहले दिन ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा की जानकारी दी गई.
सांसद और अधिकारी रहे मौजूद
सरगुजा सांसद और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत की. इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सरगुजा लोकसभा सांसद चिंतामणी महाराज, कलेक्टर राजेन्द्र कटारा, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय मौजूद रहे.
ग्रामीणों को दिया गया हेलमेट
पुंदाग में सांसद और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने ग्रामीणों को हेलमेट दिया. ग्रामीणों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी भी दी गई. आम नागरिकों और स्कूली छात्र-छात्राओं से यातायात नियमों और संकेतों का पालन करने की अपील की गई है.
बलरामपुर कलेक्टर की अपील
बलरामपुर कलेक्टर राजेन्द्र कटारा ने शराब पीकर वाहन न चलाने, सीट बेल्ट लगाने, हेलमेट का इस्तेमाल करने की अपील की है. उन्होंने लर्निंग लाइसेंस शिविर का आयोजन ग्राम सभा में करने के लिए आरटीओ और सीईओ जनपद को निर्देश दिया है.
यातायात जागरूकता पर प्रतियोगिता
बलरामपुर जिले के एएसपी विश्व दीपक त्रिपाठी ने बताया कि 37 वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिले में ''यातायात जागरूकता थीम (हेलमेट/सीटबेल्ट/शराब/माल वाहक में सवारी बैठाना) रिल्स मेकिंग कॉम्पटिशन'' का आयोजन किया जा रहा है. प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को नगद ईनाम और पुरस्कार दिया जाएगा. रील्स को तातापानी महोत्सव के दौरान प्रोजेक्टर के जरिए दिखाया जाएगा और प्रचार-प्रसार किया जायेगा.
खेलकूद का आयोजन
जनवरी के महीने में रक्षित केन्द्र बलरामपुर में यातायात जागरूकता थीम पर एथलेटिक्स, 100 मीटर दौड़, 1500 मीटर दौड़, लम्बी कूद, ऊंची कूद जैसे खेलों का आयोजन पुलिस लाइन बलरामपुर में होगा.

