राष्ट्रीय अध्यक्ष नबीन ने टोंक में भाजपा कार्यालय का किया लोकार्पण, बोले- कार्यकर्ता शॉर्टकट से बचें
कार्यक्रम में भाजपा राजस्थान प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल ने सचिन पायलट को ‘बहरूपिया’ कहा.

Published : April 27, 2026 at 8:04 PM IST
टोंक: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सोमवार को एक दिवसीय राजस्थान दौरे पर रहे. उन्होंने टोंक जिला मुख्यालय पर जिला भाजपा कार्यालय का लोकार्पण किया. इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने सलाह दी कि राजनीति में शॉर्टकट से बचना चाहिए, क्योंकि यह लॉन्ग रन है, जिसमें स्टैमिना का टेस्ट होता है. उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को रोकने का काम किया, जबकि मोदी सरकार मां-बहनों के सम्मान के लिए काम कर रही है. नितिन ने पश्चिम बंगाल में 4 मई को कमल खिलाने का दावा करते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की अपील की. उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालय ईंट-मिट्टी से नहीं, बल्कि संकल्प का केंद्र है. इस दौरान भाजपा प्रदेश प्रभारी राधामोहन अग्रवाल ने सचिन पायलट को 'टोंक का बहरूपिया विधायक' बताया.
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, 'मैं पहली बार विधायक बना, उस समय वर्ष 2006 में मुझे राजस्थान आने का मौका मिला. राजस्थान की धरती बलिदान की भूमि है. यहां के लोग मातृभूमि के लिए सिर कटाना गौरव समझते हैं, सिर झुकाना नहीं.' उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालय ईंट, पत्थर व मिट्टी से बना कार्यालय नहीं, बल्कि संकल्प का केंद्र है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों को लेकर आगे बढ़ रहे हैं. सरकार राष्ट्रवाद को मजबूत करते हुए अंतिम व्यक्ति के बारे में सोच रही है. नितिन नबीन ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है. देश के 21 राज्यों में हमारी सरकार है. यह दिन इतना आसान नहीं है. इस क्षण को लाने के लिए हमारे हजारों-लाखों कार्यकर्ताओं ने कुर्बानी व परिश्रम दिया है. मोदी पूरे विश्व को दिशा दे रहे हैं. आज देश में 600 से अधिक जिलों में भाजपा कार्यालय हैं. ये कार्यकर्ताओं के विचारों को आगे बढ़ाने के कार्यालय हैं.
पश्चिम बंगाल में कमल खिलेगा: पश्चिम बंगाल के संदर्भ में उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भी भाजपा के कार्यकर्ताओं ने परिश्रम और मेहनत की है. वहां की जनता शासन के खिलाफ सड़कों पर आई है. 4 मई को पश्चिम बंगाल में भाजपा का कमल खिलने जा रहा है. नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी मां-बहनों के सम्मान व स्वाभिमान के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन दुर्भाग्य है कि कांग्रेस ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को रोकने का काम किया.

राजनीति में शॉर्टकट से बचने की सलाह : उन्होंने कहा कि राजनीति में शॉर्टकट से बचना है. राजनीति 100 मीटर रेस नहीं है, जहां स्पीड का टेस्ट होता है. यह लॉन्ग रन है, जहां स्टैमिना का टेस्ट होता है. भाजपा का कार्यालय वह स्थान होता है, जिसके निर्माण से हमारे अंदर संकल्प की भावना आती है. कार्यालय ईंट और बालू से बना केंद्र नहीं, बल्कि हमारे संकल्प और विचार का केंद्र होता है.
कांग्रेस ने महिलाओं का हक छीना: उन्होंने नारी शक्ति वंदन बिल पर कहा कि कई ऐसी ताकतें हैं जो देश को कमजोर करने का काम कर रही हैं. पीएम मोदी मां और बहनों को सुरक्षा और सम्मान देने का काम कर रहे हैं, जबकि विपक्ष ने उसे रोकने का काम किया. कांग्रेस के नेता और सांसदों से पूछा जाना चाहिए कि उन्होंने माताओं और बहनों का हक क्यों छीना?. विपक्ष की इस कोशिश के बावजूद केंद्र सरकार महिलाओं को उनके अधिकार दिलाएगी और नारी वंदन अधिनियम समय आने पर जल्द ही पूरा प्रयास किया जाएगा.
भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी: उन्होंने कहा कि जब भाजपा दो सांसदों वाली पार्टी थी, तो लोग इसका मजाक उड़ाते थे. आज यह विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है. यह दिन इतनी आसानी से नहीं आया है. इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बलिदान दिया और मेहनत की. इस दिन हमें भैरोंसिंह शेखावत को जरूर याद करना चाहिए. उन्होंने एक-एक कण से भाजपा का इतना बड़ा वटवृक्ष खड़ा किया. वे उन्हें नमन करते हैं.

