सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ लड़ाई: राष्ट्रीय एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान का पीएम मोदी ने किया शुभारंभ
स्वास्थ्य मंत्री की मौजूदगी में 14 वर्ष की 5 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाकर प्रदेश स्तरीय अभियान की शुरुआत की गई.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 28, 2026 at 2:30 PM IST
मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर: देश में महिला स्वास्थ्य को सुरक्षित और सशक्त बनाने की दिशा में आज ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया. सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी के खिलाफ राष्ट्रीय एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान का आगाज पीएम मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया. इस अवसर को देशभर में स्वास्थ्य सुरक्षा के नए संकल्प के रूप में देखा जा रहा है.
सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ लड़ाई
योजना के आगाज के मौके पर मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर के खड़गवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में राज्य स्तरीय टीकाकरण अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई. स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी की मौजूदगी में टीकाकरण केंद्र का शुभारंभ किया गया. यहां 14 वर्ष की 5 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाकर प्रदेश स्तरीय अभियान की शुरुआत की गई. टीकाकरण के पश्चात स्वास्थ्य मंत्री के हाथों पांचों बालिकाओं को प्रमाण पत्र भी दिए गए.
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा आज का दिन प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक है. खड़गवां के सीएचसी से राज्य स्तरीय एचपीवी वैक्सीनेशन की शुरुआत होना एमसीबी जिले के लिए गौरव का विषय है. प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप देश को सर्वाइकल कैंसर मुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ यह अभियान शुरू किया गया है. सरकार का उद्देश्य है, बालिकाओं और महिलाओं को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित कर उन्हें स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य प्रदान किया जाए.

समय पर टीकाकरण ही इस बीमारी की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है. प्रदेश सरकार महिला स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपनी बेटियों को समय पर एचपीवी टीका अवश्य लगवाएं: श्याम बिहारी जायसवाल, स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की राय जानिए
एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है और किशोरावस्था में दिया गया टीकाकरण इस खतरे को काफी हद तक कम कर सकता है. नियमित टीकाकरण और जागरूकता के माध्यम से आने वाले वर्षों में सर्वाइकल कैंसर के मामलों में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है. कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे.

मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर अमृतधारा महोत्सव में सियासी घमासान, नेताओं में दिखी नाराजगी
एमसीबी को मिली 127 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
एमसीबी में धान घोटाला ! कठौतिया उपार्जन केंद्र में स्टॉक में भारी कमी, राइस मिल संचालक ने की शिकायत

