धमतरी के कुरूद में राष्ट्रीय गौरव रथ का ऐतिहासिक स्वागत, मां मातंगी दिव्य धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
शिवाजी महाराज के आदर्शों, राष्ट्रभक्ति की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से यात्रा निकाली गई. शिवाजी महाराज के जयघोष से गूंजा धमतरी

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 21, 2026 at 7:28 PM IST
धमतरी: नासिक से शुरू हुई राष्ट्रीय गौरव यात्रा का पावन रथ छत्तीसगढ़ पहुंच गया है. धमतरी जिले के जीजामगांव स्थित मां मातंगी दिव्य धाम में इसका भव्य स्वागत किया गया. पूरे क्षेत्र में “जय भवानी, जय शिवाजी” के जयघोष गूंज उठे और माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया.
नासिक से शुरू होकर पुरी तक पहुंची यात्रा
यह यात्रा 14 फरवरी को महाराष्ट्र के नासिक से शुरू हुई थी. छत्रपति शिवाजी महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर यह रथ ओडिशा के जगन्नाथ पुरी पहुंचा, जहां 19 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय शिव जन्मोत्सव समारोह आयोजित किया गया. वापसी के दौरान रथ अब छत्तीसगढ़ पहुंचा हैं जहां श्रद्धालु उत्साह के साथ स्वागत कर रहे हैं.
मां मातंगी दिव्य धाम में भव्य आयोजन
कुरूद स्थित मां मातंगी दिव्य धाम में रथ के आगमन पर भव्य कार्यक्रम हुआ. पीठाधीश्वर डॉ. प्रेमा साई जी महाराज की उपस्थिति में पूजा, आरती और शोभायात्रा निकाली गई. करीब 20 से 25 हजार श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल हुए. देर रात तक भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम चलते रहे.

छावा भारत क्रांति मिशन का उद्देश्य
यह यात्रा छावा भारत क्रांति मिशन द्वारा आयोजित की गई है. संस्था का उद्देश्य उन जगहों पर शिवाजी महाराज की जयंती मनाना है, जहाँ यह परंपरा पहले से स्थापित नहीं है. पिछले 17 वर्षों में जयपुर, दिल्ली और ओडिशा समेत कई स्थानों पर ऐसे आयोजन किए जा चुके हैं. संस्था का कहना है कि शिवाजी महाराज के आदर्शों और राष्ट्रभक्ति की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाना ही उनका मुख्य लक्ष्य है.

पाठ्यक्रम में महापुरुषों को शामिल करने की मांग
कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रेमा साई जी महाराज ने महापुरुषों के जीवन और योगदान को स्कूल के पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग भी रखी. उनका कहना है कि इससे बच्चों को अपने इतिहास और संस्कृति की सही जानकारी मिल सकेगी.

