वेयर हाउस से चोरी हो गई 4 करोड़ की मूंग, ताला तोड़ते ही गायब मिलीं 10200 बोरियां
नर्मदापुरम में वेयरहाउस से चोरी हुई करोड़ों की सरकारी मूंग, वेयर हाउसिंग और गोदाम संचालक ने एक दूसरे पर लगाए आरोप.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 18, 2026 at 3:07 PM IST
|Updated : February 18, 2026 at 3:32 PM IST
नर्मदापुरम: माखन नगर तहसील क्षेत्र के वेयरहाउस में रखी 4 करोड़ 25 लाख मूल्य की समर्थन मूल्य खरीदी की मूंग की चोरी हो गई है. चोरी के मामले का खुलासा वेयरहाउसिंग के निरीक्षण के बाद हुआ. जिसमें 10200 मूंग की बोरियां कम मिली. इसके बाद मध्य प्रदेश हाउसिंग और विपणन विभाग में हड़कंप मच गया. चोरी का मामला सामने आते ही जिम्मेदारी से बचने के लिए एमपी वेयरहाउसिंग प्रबंधन और गोदाम संचालक एक दूसरे के खिलाफ आरोप लगाने लगे.
नर्मदापुरम वेयरहाउस से मूंग चोरी
मामला माखननगर स्थित चीलाचौन के एकलव्य वेयर हाउस से चोरी हुई मूंग का है. इस मामले में तहसीलदार और एमपी वेयरहाउसिंग के क्षेत्रीय प्रबंधक अतुल सोरटे, जिला वेयर हाऊसिंग जिला प्रबंधक वासुदेव दवंडे सहित विभागीय अधिकारियों की टीम के सामने एकलव्य वेयर हाऊस का ताला तोड़ा गया. अधिकारियों ने बताया कि एकलव्य वेयर हाऊस के अंदर सरकारी मूंग के 10 स्टॉक लगे हुए थे.
2 स्टॉक मूंग गायब, कीमत 4 करोड़ 25 लाख
13 फरवरी 2026 को माखननगर ब्रांच मैनेजर हेमंत नाथ ने वेयर हाऊस के अंदर से दो स्टॉक मूंग के गायब होने की सूचना विभागीय अधिकारियों को दी थी. 2 स्टॉक से लगभग 10,200 से अधिक बोरियां मूंग की गायब है. जिसकी कीमत लगभग 4 करोड़ 25 लाख रुपए है. हालांकि मामले में मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग और विपणन विभाग द्वारा थाने में मामला दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है.
वेयरहाउस संचालक ने थाने में दिया आवेदन
इधर घटना सामने आने के बाद वेयर हाउस संचालक आरती तोमर ने माखननगर थाने में आवेदन देकर विभागीय अधिकारियों पर मूंग चुराने के आरोप लगाएं हैं. वेयर हाऊस मालिक आरती तोमर ने माखननगर ब्रांच मैनेजर हेमंत नाथ और विभागीय अधिकारियों पर आरोप लगाए हैं. उनके अनुसार "वेयर हाऊस की एक चाबी प्रबंधक व एक मालिक के पास होती है. ऐसे में एक ही पक्ष पर मूंग चोरी के आरोप कैसे लगाए जा सकते हैं. उन्होंने थाने में आवेदन देकर कहा की साजिश के तहत हमें फंसाया जा रहा है."

चोरी पर उठ रहे कई सवाल
दिलचस्प बात यह सामने आ रही है कि सरकारी मूंग प्राइवेट एकलव्य वेयर हाऊस में रखी थी. जिसका वेयर हाउस मालिक ने एमपी कारपोरेशन वेयर हाउसिंग में अनुबंध किया हुआ है. अनुबंध की कंडिका के तहत सरकारी मूंग की सभी जबावदारी वेयर हाउस मालिक की होती है. सरकारी मूंग प्राइवेट वेयर हाऊस में रखा होने का शासन से वेयर हाऊस मालिक को किराया मिलता है. वहीं वेयर हाऊस मालिक और प्रबंधक के पास एक-एक चाबी रहती है.

बताया जा रहा है कि वेयरहाउस के अंदर मूंग के 10 स्टॉक थे. जिसमें से दो स्टॉक मूंग गायब है, दो स्टॉक में लगभग 10 हजार 200 बोरियां गायब है. जाहिर सी बात है कि इतनी बड़ी मात्रा में मूंग का वेयर से चोरी होना कई बड़े सवाल खड़े कर रहा है. इधर विभागीय अधिकारी व वेयर हाऊस संचालक एक दूसरे पर मंगू चोरी कराने का आरोप लगा रहे हैं.
- चोरों ने चूर किए अरमान, जिन जेवरों से श्रृंगार कर बनने वाली थी दुल्हन, वही चुरा ले गए
- सोना-चांदी नहीं, चोरों ने चुराई खेत में खड़ी चने की फसल, नरसिंहपुर में अजीब वारदात
वेयरहाउस संचालक को दिया गया नोटिस
वेयरहाउसिंग क्षेत्रीय प्रबंधक अतुल सोरटे ने बताया कि "एसडीएम तहसीलदार व विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में एकलव्य वेयर हाऊस का ताला तोड़ा गया, क्योंकि तीन दिनों से विभागीय अधिकारी वेयर संचालक को मौके पर उपस्थित होने के लिए कहा गया है, लेकिन वेयर हाऊस संचालक मौजूद नहीं हुए. प्रशासन की उपस्थिति में सोमवार को वेयर हाऊस का ताला तोड़ा गया. जहां से दो स्टॉक मूंग के गायब मिले."

