नर्मदा लोक कॉरिडोर का काम तेज, पहले चरण में घाट पर बन रही पार्किंग, चेंजिंग रूम
नर्मदापुरम में नर्मदा के घाटों की रंगत निखरी. भीषण गर्मी के बाद भी नर्मदा के बहाव में कुछ खास फर्क नहीं आया.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 30, 2026 at 2:10 PM IST
नर्मदापुरम : नर्मदापुरम नगर पालिका द्वारा 20 करोड़ की लागत से नर्मदा लोक का काम करवाया जा रहा है. पहले चरण में कंपनी ने पर्यटन घाट पर पार्किंग का काम शुरू किया है. घाट पर पार्किंग के लिए मिट्टी का भराव के बाद अब गंदे नाले पर काम शुरू हो गया है. नाला पक्का होने के बाद उसके ऊपर वाहनों की पार्किंग बनाई जाएगी. नर्मदा घाट पर बनने वाले इस प्रोजेक्ट के तहत लगभग 5 किलोमीटर लंबा नर्मदा लोक कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है.
नर्मदा लोक कॉरिडोर में क्या-क्या खास
यह कॉरिडोर महाकाल लोक की तर्ज पर बनाया जा रहा है, जो खर्राघाट से लेकर गोदरी घाट तक बनेगा. इसमें सेठानी घाट मुख्य आकर्षण होगा, जिसमें बोटिंग, योग स्थान और लाइट फाउंटेन जैसी सुविधाएं मिलेंगी. विवेकानंद घाट का हरिद्वार के प्रेम प्रकाश मंडल ट्रस्ट द्वारा गोद लेकर घाट का उन्नयन कार्य किया जाएगा, जिसको लेकर गुरुवार देर शाम कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने ट्रस्ट के सदस्यों के साथ घाट का निरीक्षण किया.

घाट पर पहुंचने वाली महिला श्रद्धालुओं को कपड़े बदलने के लिए चेजिंग रूम बनाए जाएंगे. रैंप सहित व्हीलचेयर की सुविधा, दीपक स्तंभ सहित फर्श पर सजावट संबंधी काम होंगे. कलेक्टर में उन्नयन कार्य के लिए तैयार की गई कार्ययोजना एवं नक्शे आदि को देखा. इसका कार्य बारिश के बाद शुरू किया जाएगा.

हर कोई जानता है नर्मदा नदी का महत्व
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नर्मदा जयंती पर नर्मदा लोक का भूमिपूजन वीसी के माध्यम से किया था. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्वास जताया था कि मां नर्मदा लोक बनने से नर्मदापुरम जिले में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी. नर्मदा मध्यप्रदेश की मां है. मां नर्मदा प्रदेश की आर्थिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक समृद्धि का केंद्र है. मां नर्मदा के आर्शीवाद से मध्य प्रदेश देश की फूड बॉस्केट बना है. बिजली उत्पादन में सरप्लस राज्य भी बना है.

- महाकाल की तर्ज पर बनेगा नर्मदा कॉरिडोर, 3 साल बाद राशि स्वीकृत
- 25 अरब साल पहले हुआ था नर्मदा मैया का जन्म, नर्मदा जन्मोत्सव का गणित हिला देगा दिमाग
गर्मी में नर्मदा में स्नान करने पहुंचे लोग

मध्य प्रदेश की जीवनदायनी मां नर्मदा इस समय भीषण गर्मी के बीच लोगों की प्यास बुझा रही है. अमरकंटक से मंडला, जबलपुर, नरसिंहपुर होते हुए नर्मदापुरम में पहुंचने पर पानी के बाव में कोई कमी नहीं आई है. हालांकि गर्मी के बीच सामान्य तौर पर करीब 1 से दो फीट पानी घाटों पर कम हुआ है. लोग गर्मी से राहत पाने के लिए गोंदरी घांट, हर्बल पार्क घाट, पोस्ट ऑफिस घाट, विवेकानंद घाट, कोरीघाट, पर्यटन घाट, सेठानी घाट पर स्नान करने के लिए पहुंच रहे हैं.

