दहेज ने छीनी बेटी की खुशियां, वरमाला के बाद दूल्हा फरार, लाल जोड़े में थाने पहुंची दुल्हन
नर्मदापुरम में वरमाला के बाद लौटी बारात, वर पक्ष ने 3 लाख रुपए और बाइक की रखी डिमांड, दूल्हा और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 20, 2026 at 3:24 PM IST
नर्मदापुरम: दहेज की मांग पूरी न होने पाने के कारण बेटियों की घर-गृहस्थी बसने से पहले उजड़ जा रही है. दहेज नाम की यह कुरीति समाज में कम होने की जगह लगातार पैर पसार रही है. इसके चक्कर में कई बेटियों की जिंदगी बर्बाद हो गई है, कइयों ने तंग आकर अपनी जान दे दी है. ताजा मामला नर्मदापुरम से सामने आया है. यहां 12 फरवरी को एक युवती की शादी वरमाला होने के बाद सिर्फ इस बात पर टूट गई कि लड़की का पिता ससुराल वालों को दहेज में 3 लाख रुपए और बाइक नहीं दे सका. डिमांड पूरी न होने पर बारात वापस लौट गई.
दहेज की मांग पूरी न होने पर टूटी शादी
लड़की पक्ष का आरोप है कि 12 फरवरी को भोपाल से बारात नर्मदापुरम आई थी. लड़की के घर में खुशियों का माहौल था, रस्मों का दौर जारी थी. सब कुछ ठीक ठाक चल रहा था, लेकिन वरमाला के बाद लड़के के पिता ने अचानक अपनी डिमांड रख दी. उन्होंने कहा कि जब तक बाइक और 3 लाख नहीं मिलते, तब तक शादी की एक रस्म तक नहीं होगी. वहीं दुल्हन के पिता ने अपनी आर्थिक तंगी का हवाला देकर मांग पूरी न कर पाने की असमर्थता जताई. इसके बावजूद दूल्हा के पिता का दिल नहीं पसीजा और शादी तोड़ दी.
दुल्हन पहुंची थाने, मामला दर्ज
युवती एवं उसके परिवार ने ससुराल वालों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने और बारात वापस लौटा कर ले गए. युवती की शिकायत पर दहेज की डिमांड करने वाले दूल्हे और उसके पिता के खिलाफ मामला कोतवाली थाने में दर्ज किया गया है. पीड़ित दुल्हन ने बताया कि "12 फरवरी को शादी थी, हमारी वरमाला हो चुकी थी. दुल्हा -दुल्हन के खाने के समय. लड़के के पिता ने दहेज की डिमांड रखते हुए कहा हमें 3 लाख रुपए और बाइक चाहिए. कई बार समझाने के बाद भी उन्होंने किसी की बात नहीं मानी और शादी तोड़ दी."
- फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर रचाई शादी, 21 महीने बाद खुली पोल तो पत्नी के पैरों तले खिसक गई जमीन
- बड़े राजनीतिक घराने की बहू के गंभीर आरोप, पति और ससुर के खिलाफ दहेज की शिकायत
मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
एसडीओपी जितेंद्र पाठक ने बताया, "नर्मदापुरम निवासी लड़की की शादी भोपाल के रहने वाले मनीष से तय हुई थी. मनीष एवं उसके पिता देवनारायण के खिलाफ पुलिस ने दहेज एक्ट का मामला दर्ज किया है." एसडीओपी ने बताया कि शिकायत के अनुसार वर पक्ष द्वारा दहेज की मांग की गई थी, जिसमें 3 लाख रुपए और बाइक की मांग की गई थी, मांग पूरी न होने पर दूल्हे के पिता बारात लेकर वापस चले गए."

