हिल स्टेशन पचमढ़ी में भड़की आग, बुझाने उतरी आर्मी, 3 घंटे तक अफरातफरी
पचमढ़ी के कैंट एरिया में सुबह आग की लपटें उठीं. मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस के लकड़ी के गोदाम में भारी नुकसान.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 2, 2026 at 2:37 PM IST
रिपोर्ट : अभिषेक श्रोती
नर्मदापुरम : हिल स्टेशन पचमढ़ी में होलिका दहन से पहले कैंट क्षेत्र में भीषण आग लगी. आग बुझाने के लिए आर्मी जवानों को भी उतरना पड़ा. घंटों की मशक्क्त के बाद आग बुझाई जा सकी. ये आग कैंट एरिया में आर्मी परिसर से सटे लकड़ी गोदाम में लगी. सोमवार सुबह 5:30 अचानक कैंट एरिया में आग की लपटें उठने लगी. आग लगने से काफी नुकसान हुआ है. आग लगने का कारण पता नहीं चला है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
देखते ही देखते उठने लगे आग के गोले
पचमढ़ी स्थित छावनी परिषद कार्यालय के पास सुबह लगभग 5:45 बजे मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (एमईएस) के लकड़ी के गोदाम में आग लगने की सूचना यहां रहने वाले अस्थाई कर्मचारियों ने ठेकेदार को दी. इसके बाद पुलिस और स्थानीय कैंट प्रशासन ने आग बुझाने का काम शुरू किया. स्थानीय निवासियों ने बताया "सुबह 6 बजे तक आग कम थी, लेकिन एकदम से आग इतनी तेज बढ़ी कि कुछ ही मिनटों में लपटें काफी ऊंचाई तक उठने लगीं. इससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया."
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू
हालांकि गोदाम के आसपास रहवास क्षेत्र दूर था, लेकिन आर्मी का परिषद लगा हुआ था. इस कारण आग लगने पर आर्मी के अधिकारी और जवान मौके पर पहुंच गए. मौके पर साडा की फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, तब आग पर काबू नहीं पाया जा सका. मिलिट्री स्टाफ भी आग बुझाने उतरा. 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया.
- नेशनल हाईवे पर आग का गोला बना ट्रक, रोड पर बिखरे पार्सल, 50 लाख का नुकसान
- भोपाल के होटल में लगी भीषण आग, अंदर फंसे 150 से ज्यादा लोग सुरक्षित निकाले गए
शॉर्ट सर्किट की आशंका नहीं
थाना प्रभारी पद्म सिंह ने बताया "आर्मी और स्थानीय कैंट एरिया में काम करने वाले ठेकेदार की इमरती लड़कियों के साथ सागौन की बड़ी मात्रा में लड़कियां रखी थीं. गोदाम में लकड़ी का भारी स्टॉक था. आग कैसे और किन कारणों से लगी, यह जांच की जा रही है. शॉर्ट सर्किट की आशंका नहीं है."

