नर्मदापुरम में रेलिंग तोड़ नहर में गिरी कार, बंद गाड़ी में स्ट्रगल करते रहे युवक, तीनों की मौत
नर्मदापुरम में भीषण सड़क हादसा, रेलिंग तोड़कर नहर में समाई तेज रफ्तार कार, कार में सवार तीन लोगों की तड़प-तड़पकर मौत.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 7, 2026 at 7:49 AM IST
|Updated : February 7, 2026 at 8:08 AM IST
नर्मदापुरम: इटारसी–पथरोटा मार्ग पर शुक्रवार की देर रात एक भीषण हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पथरोटा की बड़ी नहर की रेलिंग तोड़ते हुए गहरे पानी में जा गिरी. कार में सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया.
अनियंत्रित कार रेलिंग तोड़ नहर में समाई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इटारसी की ओर से आ रही ग्रे कलर की कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में समा गई. लोगों ने कार को पानी में डूबते देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही इटारसी और पथरोटा पुलिस मौके पर पहुंची. चूंकि घटनास्थल पथरोटा थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए रेस्क्यू की कमान वहीं से संभाली गई.
ढाई घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के तुरंत बाद एक स्थानीय युवक ने जान की परवाह किए बिना नहर में कूदकर कार में सवार लोगों को बचाने की कोशिश की, लेकिन गहराई और तेज बहाव के कारण वह सफल नहीं हो सका. हालात की गंभीरता को देखते हुए नर्मदापुरम से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया. करीब ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कार को नहर से बाहर निकाला जा सका.
कार के कांच टूटे, स्ट्रगल के निशान
कार बाहर आते ही जब उसके दरवाजे खोले गए, तो अंदर का मंजर दिल दहला देने वाला था. कार में सवार तीनों युवक मृत अवस्था में पाए गए. एसडीआरएफ की प्लेटून कमांडर अमृता दीक्षित ने बताया कि, ''युवक बाहर निकलने के लिए संघर्ष करते रहे, कांच तोड़ने की कोशिश के निशान मिले हैं, लेकिन तीनों सफल नहीं हो सके.''

- भिंड में नहर में पलटा ट्रैक्टर, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
- ऑटो बन गया मौत की सवारी, पन्ना में पत्थर भरे ट्रक से भिड़ंत, दो की मौत, चार गंभीर
- टीकमगढ़ में बाइक और बोलेरो में भीषण टक्कर, युवक जिंदा जला, आग से दोनों वाहन खाक
मृतकों की फिलहाल आधिकारिक पहचान नहीं हो पाई है. हालांकि एक युवक की जेब से मिले पैन कार्ड पर लक्की पटेल नाम सामने आया है. पुलिस का कहना है कि सभी युवक इटारसी के बताए जा रहे हैं. नहर से कार निकालने के बाद शवों को एम्बुलेंस से शहर के शासकीय अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम किया जाएगा. पथरोटा थाना प्रभारी संजीव कुमार पवार ने बताया कि, ''कार बरामद कर ली गई है और मामले की जांच जारी है. हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है.''

