ETV Bharat / state

नरेला हत्याकांड खुलासा: तीन सगे भाइयों ने दिनदहाड़े चाकू से की थी हत्या, क्राइम ब्रांच ने बिहार से दबोचा

डीसीपी के मुताबिक आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे और दिल्ली छोड़कर बिहार में छिप गए थे.

नरेला हत्याकांड खुलासा
नरेला हत्याकांड खुलासा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : January 10, 2026 at 12:27 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में हुए सनसनीखेज मर्डर केस का पर्दाफाश करते हुए तीन सगे भाइयों को बिहार के बेगूसराय जिले से गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा थी और पूरी तरह से साजिश के तहत अंजाम दी गई थी. गिरफ्तार आरोपी मनीष, राजेश उर्फ हड्डी और राजा आपस में सगे भाई हैं और वारदात के बाद से फरार चल रहे थे.

डीसीपी पंकज कुमार ने बताया कि 20 सितंबर 2025 को जेजे कॉलोनी बवाना में दिनदहाड़े चाकूबाजी की वारदात हुई थी. शिकायतकर्ता अकबर के अनुसार आरोपी मनीष और राजेश ने पहले उसे और उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी थी. उसी रंजिश के चलते मनीष अपने दोनों भाइयों और अन्य साथियों के साथ अकबर और उसके दोस्तों पर हमला करने पहुंचा. इस हमले में अकबर के करीबी दोस्त बादशाह को कई बार चाकू मारे गए. गंभीर रूप से घायल बादशाह की बाद में मौत हो गयी.

घटना के तुरंत बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए. मामले में थाना नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में एफआईआर दर्ज की गई और जांच के दौरान तीनों भाइयों की भूमिका सामने आई. अदालत से आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किए गए थे.

डीसीपी के मुताबिक आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे और दिल्ली छोड़कर बिहार में छिप गए थे. क्राइम ब्रांच की एनडीआर टीम ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की. इसके बाद इंस्पेक्टर विवेक मलिक के नेतृत्व में गठित टीम ने बिहार के बेगूसराय में दबिश दी और तीनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात कबूल कर ली.

डीसीपी पंकज कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी मनीष पर पहले से 35 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट और चोरी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं. पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य साथियों और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों के बारे में जानकारी जुटा रही है.मामले में आगे की जांच जारी है.

यह भी पढ़ें-