कभी नक्सलियों की राजधानी रही कुतुल में मंत्री, अधिकारी और ग्रामीण एक साथ, मांगों और घोषणाओं के साथ आदिवासी संस्कृति की झलक
कुतुल में लगी चौपाल, प्रशासनिक पहुंच के साथ बदलते अबूझमाड़ की तस्वीर, अबूझमाड़ के जंगलों को अब 5 नए रेंज में बांटा जाएगा

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : May 6, 2026 at 9:01 PM IST
नारायणपुर: जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में स्थित ग्राम कुतुल, जिसे कभी नक्सलियों की राजधानी के रूप में जाना जाता था, वहां सुशासन तिहार के तहत ना सिर्फ चौपाल लगी बल्कि ग्रामीणों ने भी खुलकर अपनी मांगे रही. प्रदेश सरकार के मंत्री और नारायणपुर विधायक केदार कश्यप ने दौरा किया. पहली बार किसी मंत्री के इस गांव में पहुंचने से ग्रामीणों में भी उत्साह दिखा.
निर्माणाधीन सड़क का लिया जायजा
कुतुल पहुंचने से पहले मंत्री केदार कश्यप ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बन रही सड़कों का जायजा लिया. साथ ही विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क जल्द से जल्द और गुणवत्ता के साथ बनकर तैयार हो. इसके बाद कुतुल गांव में चौपाल में भी जनप्रतिनिधि और अधिकारियों ने आदिवासी ग्रामीणों से सीधे संवाद किया.
कुतुल आना सपना था, जो आज पूरा हुआ है. आज नक्सलवाद समाप्त हो चुका है, और यही कारण है कि अब हम उन क्षेत्रों में भी पहुंच पा रहे हैं, जो कभी पूरी तरह नक्सल प्रभाव में थे.- केदार कश्यप, मंत्री

इमली पेड़ के नीचे बैठकर ग्रामीणों ने रखी मांगें
मंत्री केदार कश्यप ने ग्राम कुतुल के एक इमली पेड़ के नीचे अपनी चौपाल लगाई और ग्रामीणों संग चर्चा की. डर के साये में रहे कभी ये ग्रामीण आज पेयजल, सड़क, मोबाइल टावर जैसी सुविधाओं की मांग करते दिखे. मंत्री ने भी जल्द कार्यवाही एवं मांग पूरी होने का आश्वासन दिया. उन्होंने अबूझमाड़ के लोगों की जीवनशैली की सराहना करते हुए कहा कि यहां की जनता दुनिया के सबसे संतुष्ट और खुशहाल लोगों में शामिल है. उन्होंने कहा कि यहां के लोग संसाधनों का संतुलित उपयोग करते हैं, प्रकृति के संरक्षक हैं और उनकी संस्कृति अत्यंत समृद्ध है, जिसे संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है.

खेल मैदान की भी घोषणा
ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि कुतुल का हर व्यक्ति उनके परिवार का हिस्सा है और सरकार उनके विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. मंत्री ने जल्द ही नेटवर्क व्यवस्था दुरुस्त करने की बात कही. साथ ही उन्होंने गांव में खेल मैदान निर्माण कराने की घोषणा भी की.
189 PM आवास की स्वीकृति
सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि कुतुल में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 189 मकानों की स्वीकृति दी गई है. महतारी वंदन योजना के तहत 114 माताओं को लाभ मिल रहा है, वहीं नोनी सुरक्षा योजना के तहत 11 और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 14 हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं.

अबूझमाड़ के जंगलों को मिलेंगे 5 नए रेंज
मंत्री केदार कश्यप ने बड़ी जानकारी देते हुए बताया कि लगातार अबूझमाड़ में जंगलों को बचाने के लिए वन मित्र की नियुक्ति की जा रही है. साथ ही साथ अबूझमाड़ के तमाम उन इलाकों को नए पांच वन रेंज में बांटा जाएगा जिन क्षेत्रों में अब तक वन सर्वे नहीं हुए हैं. इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि अबूझमाड़ का भूमि सर्वे जल्द से जल्द आरंभ किया जाएगा जिससे ग्रामीणों को हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ मिल सके.
आदिवासी संस्कृति की झलक
कार्यक्रम के अंतिम दौर में मंत्री केदार कश्यप ने नन्हे बच्चों और ग्रामीण महिलाओं से मुलाकात की. उन्हें महिला बाल विकास विभाग के कार्यों से लाभान्वित किया. इस दौरान मंत्री केदार कश्यप को महिलाओं ने बस्तर का प्रसिद्ध पेय मंडिया पेज परोसा. जिसे पीकर मंत्री केदार कश्यप ने आदिवासी भोजन की तारीफ की और उपहार स्वरूप महिलाओं को कुछ राशि भी भेंट की.

