नारायणपुर कलेक्टर का ठेकेदार को अल्टीमेटम, छेरीबेड़ा-नारायणपुर रोड को मार्च 2026 तक पूरा करने के निर्देश
कलेक्टर नम्रता जैन ने बन रही सड़क की गुणवत्ता की भी जांच की.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : December 31, 2025 at 11:38 AM IST
नारायणपुर: बस्तर में तेजी से सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है. शासन की कोशिश है कि बस्तर को बाकी जिलों से जल्द से जल्द जोड़ा जाए. लोगों को आने जाने में सहूलियत हो और किसानों की फसल जल्द मंडी तक पहुंच पाए. जैसे जैसे माओवाद का अंत हो रहा है वैसे वैसे विकास के कामों में तेजी लाई जा रही है.
ठेकेदार को समय पर काम खत्म करने के निर्देश
इसकी कड़ी में सड़कों की बदहाल स्थिति और धीमी निर्माण गति पर कलेक्टर नम्रता जैन ने सख्त रुख अख्तियार किया है. मंगलवार को नारायणपुर कलेक्टर ने छेरीबेड़ा से लेकर नारायणपुर तक निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसियों और अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा, दिया सड़क निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
छेरीबेड़ा-नारायणपुर सड़क का काम चेक किया
कलेक्टर ने छेरीबेड़ा-नारायणपुर सड़क का काम मार्च 2026 के पहले सप्ताह तक हर हाल में पूरा करने का 'अल्टीमेटम' दिया है. कलेक्टर नम्रता जैन ने अपने निरीक्षण अभियान की शुरुआत छेरीबेड़ा से की. वहां से वे भाटपाल, बेनूर, गोहड़ा, रेमावण्ड़, नेलवाड़, देवागांव और गढ़बेंगाल होते हुए नारायणपुर पहुंचीं. इस मैराथन निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण की जमीनी हकीकत परखी गई.

लैब और मटेरियल की जांच
कलेक्टर ने सबसे पहले भाटपाल में चल रहे काम को देखा और वहां स्थित सड़क निर्माण प्रयोगशाला (Lab) को चेक किया. उन्होंने खुद खड़े होकर प्लांट में 'कंक्रीट क्यूब' का परीक्षण कराया, जो जांच में सफल पाया गया. इसके अलावा बैच मिक्स डामर प्लांट और कंक्रीट प्लांट की भी जांच की गई.

समय और ट्रैफिक प्रबंधन पर दिए निर्देश
निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए कलेक्टर ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक आदेश दिया. जिसके मुताबिक अब माइंस (खदान) के भारी वाहनों का संचालन केवल रात्रि में होगा, ताकि दिन के समय सड़क निर्माण में बाधा न आए. प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्य प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक नियमित रूप से चलाया जाए.

क्वालिटी टेस्ट में पास हुई सड़क
नेलवाड़ में राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 38 के निर्माण कार्य का मौके पर ही 'कंप्रेशन टेस्ट' (दबाव परीक्षण) किया गया. इसमें 9.59% कंप्रेशन दर्ज किया गया, जो मानकों के अनुरूप सफल रहा. कलेक्टर ने गढ़बेंगाल से 3 किलोमीटर लंबे नए बायपास का भी जायजा लिया.

अधिकारियों को फटकार
कलेक्टर ने प्रोजेक्ट जनरल मैनेजर प्रेम प्रकाश सिंह को जरुरी दिशा निर्देश दिए. कहा कि सड़क के एक तरफ पहले WMM (वेट मिक्स मैकाडम) का काम पूरा कर जल्द से जल्द डामरीकरण (DBM) शुरू किया जाए. उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के एसडीओ जीएस सोरी को निर्देश दिए कि वे एसी कमरों से बाहर निकलें और सड़क निर्माण का सतत निरीक्षण करें.

पहाड़ी मंदिर के पास अपना निरीक्षण समाप्त करते हुए कलेक्टर नम्रता जैन ने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी अब और बर्दाश्त नहीं की जाएगी. नम्रता जैन ने कहा कि सड़क निर्माण में उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का ही उपयोग किया जाना चाहिए. निरीक्षण के दौरान एसडीओ (NH) जीएस सोरी, लोक निर्माण विभाग के सब इंजीनियर धनेश ठाकुर, राहुल कुमार वर्मा सहित बिलिंग और क्वांटिटी इंजीनियर मौजूद रहे.



धर्मांतरण के खिलाफ सर्व समाज का छत्तीसगढ़ बंद, नारायणपुर की सड़कों और बाजार में रहा सन्नाटा
सामूहिक वन अधिकार पत्र की मांग, कलेक्ट्रेट पहुंचे 18 गांवों के आदिवासी
कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन का आंदोलन, दूसरे दिन कलम बंद आंदोलन में बैठे हजारों कर्मचारी

