ETV Bharat / state

शिमला-मटौर NH-205 पर लैंडस्लाइड, अगले आदेश तक नम्होल मार्ग बंद, पुलिस ने जारी किए वैकल्पिक रूट

शिमला-मटौर एनएच-205 पर लैंडस्लाइड के कारण पुलिस ने शिमला जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित किए हैं.

Landslide on Shimla-Mataur NH 205
शिमला-मटौर NH-205 पर लैंडस्लाइड (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : July 1, 2026 at 5:20 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश में अभी मानसून की एंट्री हुई है कि बारिश ने अपना कहर बरपाना शुरू भी कर दिया है. ताजा मामले में शिमला-मटौर नेशनल हाईवे-205 पर सोलन जिले के क्यारड़ क्षेत्र में लैंडस्लाइड हुआ है. जिसके चलते नम्होल राज्य मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही अगले आदेश तक बंद कर दी गई है. एसपी ऑफिस बिलासपुर की ओर से जारी जन-सूचना में लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यात्रा के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की गई है.

लैंडस्लाइड के कारण बंद किया रोड

बिलासपुर पुलिस के मुताबिक लैंडस्लाइड के कारण सड़क पर यातायात सुरक्षित नहीं रह गया है. ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना से बचने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है. मार्ग को बहाल करने के लिए संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है. पुलिस प्रशासन ने शिमला, बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी की ओर जाने वाली गाड़ियों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं.

लैंडस्लाइड होने से नम्होल मार्ग बंद (ETV Bharat)

इन जगहों के लिए वैकल्पिक मार्ग

बिलासपुर के बस अड्डा प्रभारी जयचंद ने बताया कि बिलासपुर और हमीरपुर से शिमला जाने वाले वाहन ब्रह्मपुखर, जुग्याला, जब्बल पुल, रानीकोटला, खारसी और दाड़लामोड़ होकर शिमला पहुंचेंगे. वहीं, शिमला से मंडी जाने वाले वाहनों को दाड़लामोड़, नवगांव, खारसी, रानीकोटला और बैरी होकर मंडी जाने की सलाह दी गई है. इसी प्रकार शिमला से बिलासपुर और हमीरपुर आने वाले वाहन दाड़लामोड़, खारसी, रानीकोटला, जब्बल पुल और घाघस-ब्रह्मपुखर मार्ग का उपयोग करेंगे.

वैकल्पिक मार्ग
बिलासपुर/हमीरपुर से शिमला जाने वाले वाहन ब्रह्मपुखर → जुग्याला → जब्बल पुल → रानीकोटला → खारसी → दाड़लामोड़ → शिमला
शिमला से मंडी जाने वाले वाहनशिमला → दाड़लामोड़ → नवगांव → खारसी → रानीकोटला → बैरी → मंडी
शिमला से बिलासपुर/हमीरपुर जाने वाले वाहनशिमला → दाड़लामोड़ → खारसी → रानीकोटला → जब्बल पुल → घाघस/ब्रह्मपुखर → बिलासपुर

पुलिस प्रशासन की लोगों से अपील

वहीं, बिलासपुर पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर लें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें. मार्ग सुरक्षित होने के बाद ही नम्होल मार्ग पर यातायात दोबारा शुरू किया जाएगा. मार्ग को खोलने के लिए मौके पर मशीनरी लगाई गई है. ऐसे में जब तक मार्ग बहाल नहीं हो जाता है, तब तक लोग वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कर सकते हैं.

Truck overturns at Dhaliara sharp bend
हाईवे पर सामान से भरा ट्रक पलटा (ETV Bharat)

ढलियारा के तीखे मोड़ पर पलटा सामान से लदा ट्रक

वहीं, कांगड़ा जिले में एक ट्रक हादसे का शिकार हो गया. मुबारकपुर-देहरा एनएच-503 पर ढलियारा के खतरनाक तीखे मोड़ों पर बुधवार सुबह सामान से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. ये ट्रक देहरा की ओर से आ रहा था. ढलियारा की गहरी उतराई और तीखे मोड़ पर ड्राइवर का ट्रक से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रक सड़क किनारे पलट गया. हादसे के बाद ट्रक में लदा सामान बिखर गया. गनीमत रही कि हादसे में किसी भी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है. स्थानीय लोगों के अनुसार ढलियारा के यह मोड़ पहले भी कई हादसों का कारण बन चुके हैं. तेज रफ्तार, गहरी उतराई और तीखे मोड़ों के चलते यहां वाहन चालकों को अक्सर परेशानी का सामना करना पड़ता है.

ये भी पढ़ें: हिमाचल में मानसून की धमाकेदार एंट्री, बारिश से 45 सड़कें बंद, अगले छह दिन के लिए अलर्ट जारी

ये भी पढ़ें: बादल फटने से मनाली-लेह सड़क पर फंसे सैकड़ों सैलानी, सड़क मार्ग बहाल करने में जुटी BRO की टीम