ETV Bharat / state

नालंदा विश्वविद्यालय में कोरियन, फ्रेंच, जर्मन समेत सीखें 13 भाषाएं, जानें आवेदन प्रक्रिया

नालंदा विश्वविद्यालय में 12वीं पास युवाओं को 13 भाषा सीखने के लिए क्रैश कोर्स शुरू हो रहा है. रोजगार के मिलेंगे अवसर, जानें आवेदन प्रक्रिया.

Nalanda University Language Courses
नालंदा विश्वविद्यालय (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : December 27, 2025 at 12:20 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नालंदा: बिहार के राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय ने प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और वैश्विक भाषाओं में दक्षता प्रदान करने के उद्देश्य से वसंत सत्र-2026 के लिए अल्पकालिक सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में नामांकन शुरू कर दिया है.

उपलब्ध भाषा कोर्स और दक्षता का अवसर: इन सर्टिफिकेट प्रोग्राम्स के माध्यम से छात्र संस्कृत, पाली, कोरियन, तिब्बती, जापानी, फ्रेंच, जर्मन, रशियन, स्पेनिश, हिंदी, ग्रीक और पर्सियन (फारसी) सहित 13 भाषाओं में प्रवीणता प्राप्त कर सकते हैं. इसके अतिरिक्त, श्री अरविंदो के दार्शनिक विचारों पर आधारित विशेष ऑनलाइन कोर्स भी उपलब्ध है.

ऑनलाइन और ऑफलाइन मोड की सुविधा: विश्वविद्यालय की सामुदायिक सहभागिता नीति के तहत अधिकांश भाषा पाठ्यक्रम ऑनलाइन मोड में आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि दूर-दराज के छात्र और कार्यरत पेशेवर आसानी से लाभ उठा सकें. वहीं, योग और अंग्रेजी भाषा में प्रवाह सीखने वाले कोर्स ऑफलाइन मोड में उपलब्ध हैं, जिनके लिए छात्रों को राजगीर कैंपस में उपस्थित होना होगा. योग कोर्स में आसन, ध्यान और प्राणायाम जैसी प्राचीन विधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा.

Nalanda University Language Courses
कोरियन, फ्रेंच, जर्मन समेत सीखें 13 भाषाएं (ETV Bharat)

कोर्स अवधि और न्यूनतम फीस: सभी कोर्स एक सेमेस्टर (लगभग छह महीने) की अवधि के हैं. इनकी फीस मात्र 3000 रुपये निर्धारित की गई है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर के फैकल्टी से विदेशी भाषाएं और तकनीकी कौशल सीखने का किफायती अवसर प्रदान करती है.

अन्य विशिष्ट ऑनलाइन कोर्स: भाषाओं के अलावा, विश्वविद्यालय ने शोध और करियर के लिए महत्वपूर्ण ऑनलाइन कोर्स भी शुरू किए हैं, जिनमें नालंदा और प्राचीन विश्व (1.5 महीने), नालंदा महाविहार का पुरातत्व (1.5 महीने), आपदा प्रबंधन (3 महीने), भू-सूचना विज्ञान (3 महीने), नालंदा परंपरा में दर्शनशास्त्र एवं वाद-विवाद कला (एक सेमेस्टर) तथा चेतना पर नालंदा विमर्श (एक सेमेस्टर) शामिल हैं.

Nalanda University Language Courses
नालंदा विश्वविद्यालय में क्रैश कोर्स (ETV Bharat)

क्या है प्रवेश योग्यता और उद्देश्य: इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए न्यूनतम योग्यता इंटरमीडिएट (10+2) पास है. वर्ष 2018 से चल रहे इन कोर्सेज का मुख्य लक्ष्य छात्रों में क्षमता विकास करना और विभिन्न सांस्कृतिक पृष्ठभूमियों के लोगों से प्रभावी संवाद की क्षमता विकसित करना है. प्राचीन नालंदा की विरासत को जीवंत रखते हुए ये कोर्स बौद्ध धर्म, भारतीय दर्शन और प्राचीन ज्ञान में रुचि रखने वालों के लिए विशेष रूप से उपयोगी हैं.

आवेदन की अंतिम तिथि और प्रक्रिया: इच्छुक उम्मीदवार 31 दिसंबर 2025 तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट nalandauniv.edu.in पर जाकर शॉर्ट टर्म कोर्सेज सेक्शन में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9031027489 पर संपर्क किया जा सकता है.

ये भी पढ़ें-

'हमने बुद्ध दिया युद्ध नहीं..' नालंदा साहित्य महोत्सव में भारत के साथ विदेशों से पहुंचे साहित्यकार

'हम भी तो इंसान ही हैं', अमित लोढ़ा बोले- पुलिस में अनुशासन, लेकिन पीड़ा समझने के लिए संवेदनशील होना भी जरूरी