बिहार के लिए अमंगल रहा मंगलवार! दोस्त की बहन के तिलक में गए थे 4 चचेरे भाई, 3 की आई मौत की खबर
नालंदा में दोस्त की बहन के तिलक से लौट रहे 3 युवकों की सड़के हादसे में दर्दनाक मौत हो गई, एक की हालात नाज़ुक है.

Published : February 17, 2026 at 12:33 PM IST
नालंदा: बिहार के नालंदा में दर्दनाक सड़क हादसे में तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई है. जानकारी के अनुसार तीनों भाई दोस्त की बहन के तिलक से लौट रहे थे, तभी भीषण सड़क हादसे में 3 युवकों की दर्दनाक मौत हो गई है. वहीं एक की हालात नाज़ुक बताई जा रही है, जिसका इलाज पटना के PMCH में चल रहा है. घटना ज़िले के तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के कटहरपुल के पास की है.
तीन चचेरे भाइयों की सड़क हादसे में मौत: मृतकों की पहचान जहानाबाद जिला मुख्यालय के सदर थाना क्षेत्र टेनी बिगहा गांव निवासी दिलीप कुमार के 22 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार, विनय शंकर के 21 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार और उदय कुमार के 18 वर्षीय पुत्र उदेश कुमार के तौर पर हुई है. एक घायल युवक संजय प्रसाद के 19 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार को नाज़ुक हालात में हायर सेंटर पटना के PMCH रेफर किया गया है.

दोस्त की बहन के तिलक समारोह से लौट रहे थे: घटना की सूचना मिलते ही गांव परिवार में कोहराम मच गया. घटना के संबंध में मृतक के परिजनों ने बताया कि तीनों मृतक और जख्मी सभी गोतिया में भाई लगते हैं. सभी पटना जिले के मसौढ़ी के एक दोस्त की बहन के तिलक समारोह में शामिल होने स्विफ़्ट डिज़ायर कार से नालंदा के एकंगरसराय थाना क्षेत्र भातु बिगहा गांव आए थे. अहले सुबह घर जहानाबाद लौटने के क्रम में यह घटना घटी है.
"सुबह थाने से फोन आया कि आपके भाई की मौत हो गई है. एक्सीडेंट हो गया था. गाड़ी पुल से टकरा गयी थी."- अनिकेत कुमार, मृतक के भाई

"जब हमलोग घर लौट रहे थे तो कटहर पुल के निकट तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने चकमा दे दिया, जिससे स्विफ्ट कार पुल के डिवाइडर से जा टकराई. घटना में मौके पर ही तीन युवकों की मौत हो गई. हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए."- सूरज कुमार, जख्मी
PMCH में जख्मी का इलाज जारी: घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत बचाव कर प्राथमिक इलाज के लिए सभी को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टर ने दो को मृत घोषित कर दिया जबकि दो को इलाज के लिए पटना रेफर किया गया. एक की इलाज के लिए ले जाने के क्रम में रास्ते में मौत हो गई. वहीं, चौथे की हालात नाज़ुक बताई जा रही है. जिसका पटना के PMCH में इलाज चल रहा है.

"सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत हुई है, जबकि एक घायल की हालात नाज़ुक है. सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडल अस्पताल भेज दिया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट चुकी है. पीड़ित परिजनों द्वारा आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी."- अजित कुमार टिंकू,तेल्हाड़ा थानाध्यक्ष
ये भी पढ़ें
बिहार में दर्दनाक सड़क हादसा, स्कूल बस और ट्रक की टक्कर, दो शिक्षकों की मौत.. कई छात्र घायल
बिहार में दर्दनाक हादसा, बेटी का तिलक चढ़ाकर लौट रहे पिता समेत तीन की मौत, दो की हालत नाजुक

