ETV Bharat / state

एक ही कागज पर पहले खारिज फिर मंजूर की सिफारिश, 5 राजस्व कर्मियों पर एक्शन

नालंदा में डीएम ने बड़ा एक्शन लिया है. गड़बड़ी करने वाले 5 राजस्वकर्मियों पर कार्रवाई की है. पढ़ें पूरी खबर..

Nalanda DM Kundan Kumar
नालंदा डीएम कुंदन कुमार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 17, 2026 at 8:45 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नालंदा: बिहार के नालंदा में राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा के दौरान बड़ी गड़बड़ी पाई गई. दाखिल-खारिज के एक ही दस्तावेज पर पहले वाद खारिज करने और फिर बिना सक्षम पदाधिकारी के आदेश के उसी कागज पर स्वीकृति की अनुशंसा पर डीएम का डंडा चला है. गड़बड़ी पकड़े जाने के बाद जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने सख्त कार्रवाई का आदेश दिया है.

पांच राजस्व कर्मियों पर गिरी गाज: डीएम ने जांच में पाया कि अस्थावां अंचल के राजस्व कर्मचारी कृष्णदेव कुमार, मनोज कुमार, फलेंद्र कुमार, सूरज कुमार रजक और दीपक कुमार ने एक ही दस्तावेज पर पहले दाखिल-खारिज वाद की अस्वीकृति की अनुशंसा की. इसके बाद में बिना किसी सक्षम अधिकारी के आदेश के उसी दस्तावेज पर वाद स्वीकृत करने की सिफारिश कर दी गई.

डीएम के एक्शन के बाद विभाग में हड़कंप: जिलाधिकारी ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए पांचों के खिलाफ प्रपत्र 'क' का गठन कर विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है. इस कार्रवाई के आदेश के बाद राजस्व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है.

त्वरित कार्रवाई का प्रस्ताव: डीएम कुंदन कुमार ने ऐसे सभी मामलों को चिह्नित करने का निर्देश दिया है, जहां जानबूझकर विलंब या टाल-मटोल की गई हो. उन्होंने कहा कि परिमार्जन और दाखिल-खारिज से जुड़े मामलों में अगर आम लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान किया गया है तो उन्हें भी चिह्नित की जाए. साथ ही जांच के बाद त्वरित कार्रवाई का प्रस्ताव देने को भी कहा है.

गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी: जिलाधिकारी ने साफ किया है कि किसी भी हाल में गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सरकार के सात निश्चय के तहत 'सबका सम्मान-जीवन आसान' नीति को जमीन पर लागू करना प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि यदि कोई कर्मी सरकारी व्यवस्था का दुरुपयोग करता है या जनता को परेशान करता है तो उस पर कड़ी कार्रवाई तय है.

"राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा के क्रम में भारी गड़बड़ी पाई गई. जिसके बाद अस्थावां अंचल के पांच राजस्व कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है. आगे भी किसी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी."- कुंदन कुमार, जिलाधिकारी, नालंदा

ये भी पढ़ें: बिहार में भ्रष्टाचार के आरोप में राजस्व कर्मचारी बर्खास्त, उपमुख्यमंत्री का सख्त संदेश